Home LIFESTYLE NEWS HINDI नवरात्रि के चौथे दिन लगाएं केसर-ड्राई फ्रूट मालपुए का भोग, स्वाद और...

नवरात्रि के चौथे दिन लगाएं केसर-ड्राई फ्रूट मालपुए का भोग, स्वाद और खुशबू जीत लेंगे दिल

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा को पूजा जाता है। माना जाता है कि देवी मां को मालपुआ और पेठा अति प्रिय है। ऐसे में यहां हम केसर-ड्राई फ्रूट मालपुए की रेसिपी शेयर कर रहे हैं। भोग में बनी ये मिठाई स्वाद और खुशबू दोनों में बेहतरीन है।

माता रानी के 9 स्वरूपों की पूजा नवरात्रि में की जाती है। हर दिन देवी के अलग स्वरूप की पूजा करने के साथ ही लोग उनकी पसंद का भोग भी तैयार करते हैं। आज यानी 14 अक्टूबर को मां कुष्मांडा का दिन है और कहते हैं कि देवी को मालपूए और पेठा अति प्रिय है। ऐसे में हम आपके लिए मालपुए की रेसिपी लेकर आए हैं। सीखिए केसर-ड्राई फ्रूट मालपुए बनाने का तरीका।

केसर-ड्राई फ्रूट मालपुए बनाने के लिए आपको चाहिए

-1 कप मैदा

-आधा कप सूजी

-जरूरत के मुताबिक दूध

– 2–3 चम्मच केसर वाला दूध

-आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर

– एक चुटकी बेकिंग सोडा

– 2 बड़े चम्मच कटे हुए काजू

-2 बड़े चम्मच कटे हुए बादाम

-1 बड़ा चम्मच किशमिश

-तलने के लिए घी या तेल

-चाशनी बनाने के लिए

-1 कप चीनी

-आधा कप पानी

-1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर

-केसर के कुछ धागे (ऑप्शनल)

केसर-ड्राई फ्रूट मालपुए बनाने की विधि

स्टेप 1- मालपुए का बैटर तैयार करें

मालपूए बनाने के लिए सबसे पहले बैटर ही तैयार करें। इसके लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा और सूजी डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें इलायची पाउडर, बेकिंग सोडा, कटे हुए काजू, बादाम और किशमिश डालें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा दूध और केसर वाला दूध मिलाते हुए एक चिकना बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि बैटर न तो बहुत गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला होना चाहिए। एक बार सभी चीजें घोलने के बाद इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।

स्टेप 2- मीठी चाशनी बनाएं

अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर मीडियम आंच पर गर्म करें। चीनी पूरी तरह घुलने तक इसे चलाते रहें। अब इसमें इलायची पाउडर और चाहें तो केसर के कुछ धागे डाल दें। अब चाशनी को कुछ मिनट पकाएं ताकि उसमें हल्की चिपचिपाहट आ जाए। ध्यान रखें कि मालपुए के लिए बहुत गाढ़ी चाशनी बनाने की जरूरत नहीं है।

स्टेप 3- मालपुए तलें

मालपूए तलने के लिए एक कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। इसके गर्म होने के बाद फिर आंच मीडियम रखें। अब एक छोटी कलछी की मदद से बैटर को धीरे-धीरे कड़ाही में गोल आकार में डालें। मालपुए को दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक तलें। ध्यान रखें कि मालपुआ बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम रहे। तैयार मालपुओं को निकालकर एक्सट्रा घी निकलने दें।

स्टेप 4- चाशनी में डुबोएं

अब गर्म मालपुओं को तैयार चाशनी में 10 से 20 सेकंड के लिए डुबोकर रखें। इससे मालपुए चाशनी की मिठास और केसर की खुशबू अच्छी तरह सोख लेंगे। फिर इन्हें प्लेट में निकाल लें। औऱ तैयार केसर ड्राई फ्रूट मालपुओं को एक सुंदर प्लेट में सजाएं। ऊपर से कटे हुए बादाम, काजू और थोड़े से केसर के धागे डालकर गार्निश करें। इन्हें गर्मागर्म परोसें और भगवान को भोग लगाने के लिए प्रेमपूर्वक अर्पित करें।

टिप

  • मालपुए का स्वाद बढ़ाने के लिए इन्हें धीमी से मध्यम आंच पर तलें और चाशनी में बहुत देर तक न रखें। इससे मालपुए टेस्टी, रसीले और सही बनावट वाले बनेंगे।
  • अगर आप अलग से चाशनी में डले मालपूए पसंद नहीं करते हैं तो बैटर में ही चीनी मिला सकते हैं। ये भी स्वाद में काफी अच्छा लगता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN