Home rss world hindi नाहिद इस्लाम कौन? जो उगल रहा भारत के खिलाफ जहर: PM तारिक...

नाहिद इस्लाम कौन? जो उगल रहा भारत के खिलाफ जहर: PM तारिक रहमान से भी लगाई गुहार

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बांग्लादेशी नेता नाहिद इस्लाम ने सोमवार को भारत पर बहुत गंभीर आरोप लगाया है। उसने कहा कि भारत एक हत्यारे को अपने देश में जगह दे रहा है और अपनी जमीन का इस्तेमाल बांग्लादेश के खिलाफ कर रहा है।

बांग्लादेश की नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) की कन्वीनर नाहिद इस्लाम एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। सोमवार को उसने भारत पर आरोप लगाया कि वह एक हत्यारे को शरण दे रहा है और अपनी जमीन का इस्तेमाल बांग्लादेश के खिलाफ कर रहा है। इस दौरान उसने ‘भारतीय दबदबे’ के खिलाफ राजनीतिक एकता की अपील की। नाहिद का यह बयान ढाका के सेक्रेटेरिएट में प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के बाद आया। नाहिद इस्लाम ने कहा कि अब लड़ाई सिर्फ अवामी लीग से नहीं, बल्कि भारत के प्रभाव के खिलाफ है।

तारिक रहमान से कौन-कौन मिला?

बता दें कि नाहिद इस्लाम के साथ NCP के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल तारिक रहमान से मिला। इसमें हसनत अब्दुल्ला, अख्तर हुसैन और अकरम हुसैन शामिल थे। मुलाकात देश के राजनीतिक हालात पर हुई। नाहिद ने आरोप लगाया कि भारत बांग्लादेश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। नाहिद ने आगे कहा कि बांग्लादेश में जो कुछ हो रहा है, उसमें भारत सीधा शामिल है। इस दौरान उसने सरकार से शेख हसीना के प्रत्यर्पण और गंगा जल-बंटवारे की संधि के नवीनीकरण पर सख्त रुख अपनाने को कहा। गंगा संधि 12 दिसंबर को खत्म होने वाली है। नाहिद ने जुलाई चार्टर लागू करने, हसीना के खिलाफ फैसले पर अमल, 2024 के विद्रोह के पीड़ितों को न्याय और सुरक्षा की मांग भी उठाई। साथ ही राष्ट्रीय एकता का लंबा रोडमैप और साझा विदेश नीति की बात की।

हालांकि यह पहली बार नहीं है जब नाहिद इस्लाम ने भारत पर आरोप लगाया है। 25 अक्टूबर को उन्होंने BNP सरकार पर भारत के साथ ‘सीक्रेट डील’ का आरोप लगाया था। उसने कहा था कि भारत पहाड़ी इलाकों में अशांति फैला रहा है और सीमा पर लोग मारे जा रहे हैं। 30 अक्टूबर को रैली में उसने भारत पर साजिश का आरोप लगाया और सीमा पर हत्याओं तथा असम-पश्चिम बंगाल में मुसलमानों के साथ व्यवहार का जिक्र किया। 1 नवंबर को नाहिद ने ‘No Water, No Transit’ का नारा दिया और कहा कि अगर गंगा का पानी नहीं मिला तो भारतीय सामान को बांग्लादेश से गुजरने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भी आरोप लगाया था कि अवामी लीग के नेता सीमा पार अपने ‘आकाओं’ के साथ मिलकर साजिश कर रहे हैं।

नाहिद इस्लाम कौन है?

बता दें कि NCP उन छात्रों ने बनाई थी जिन्होंने 2024 में अवामी लीग सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन किए थे। इन्हीं आंदोलनों के बाद शेख हसीना को देश छोड़कर भारत भागना पड़ा। अवामी लीग पर राजनीति से बैन लगने के बाद NCP जमात-ए-इस्लामी के साथ मिलकर मुख्य विपक्षी ताकत बन गई है और BNP के खिलाफ चुनाव लड़ी। नाहिद इस्लाम NCP की प्रमुख नेता है और पिछले कुछ महीनों से भारत के खिलाफ लगातार बयान दे रहा है।

अभी क्या हैं बांग्लादेश में हालात?

बता दें कि शेख हसीना अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री पद से हटाए जाने के बाद से भारत में रह रही हैं। अब दिसंबर में उनके बांग्लादेश लौटने की बात हो रही है। इसी को लेकर तनाव बढ़ा है। हाल के दिनों में कई जगह आगजनी की घटनाएं हुई हैं। ज्यादातर आरोप अवामी लीग पर लगे हैं। गोपालगंज (हसीना का गृह जिला) में BNP से जुड़ी कई संपत्तियों और एक पुलिस स्टेशन को आग लगा दी गई। अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को भी जलाया गया। दूसरी ओर रेडीमेड गारमेंट्स सेक्टर के मजदूर अक्टूबर के अंत से ज्यादा मजदूरी की मांग को लेकर हिंसक प्रदर्शन कर रहे हैं। जिस कारण बांग्लादेश में तनाव बढ़ गया है।

भारत का क्या पक्ष?

भारत ने कहा है कि शेख हसीना को भारतीय जमीन से राजनीतिक गतिविधियां करने की कोई जगह नहीं दी जा रही। 30 जुलाई 2026 को संसद की एक समिति ने बताया कि सरकार ने साफ किया है कि किसी दूसरे देश के खिलाफ राजनीतिक काम उसके इलाके से नहीं होने दिया जाएगा। 5 अगस्त को हसीना के वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद विदेश मंत्रालय ने कहा कि इसमें भारत सरकार की कोई भूमिका नहीं थी। यह निजी मीडिया संस्था ने आयोजित किया था। भारत ने हसीना के प्रत्यर्पण का अनुरोध मिलने की बात मानी है, लेकिन कहा कि मामला कानून के मुताबिक जांचा जा रहा है। अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN