Source :- LIVE HINDUSTAN

प्रेशर कुकर में आप दाल-चावल तो खूब बनाते होंगे लेकिन क्या कभी मैंगो केक बनाया है। चलिए आज हम आपको आम का केक बनाने की आसान रेसिपी बताते हैं। आप गर्मियों में घर पर ही टेस्टी केक बच्चों को बनाकर खिलाएं।

Mango Cake Recipe: गर्मियों के मौसम में आम की भरमार बाजारों में रहती है और हर कोई इस फल को खाना पसंद करता है। मैंगो आइसक्रीम, जूस, शेक आपने खून बनाया और खाया होगा लेकिन क्या आपने आम वाला केक खाया है। बच्चे केक खाना काफी पसंद करते हैं और आजकल हर छोटे फंक्शन और पार्टी में केक कटता ही है। तो क्यों ना आप कुकर में मैंगो केक बनाने का तरीका जान लें। आपके साधारण कुकर में मैंगो केक आसानी से बन जाएगा, इसके लिए आपको ओवन या अंडा की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। इस केक का स्वाद बिल्कुल बेकरी जैसा और टेक्सचर मुलायम मिलेगा। तो चलिए आपको कुकर में मैंगो केक बनाने का तरीका बताते हैं।

मैंगो केक के लिए इंग्रेडिएंट्स-

पके आम का पल्प – 1 कप

मैदा – 1½ कप

पिसी हुई चीनी – ¾ कप

दूध – ½ कप

रिफाइंड तेल – ½ कप

बेकिंग पाउडर – 1 छोटा चम्मच

बेकिंग सोडा – ½ छोटा चम्मच

वनीला एसेंस – ½ छोटा चम्मच

एक चुटकी नमक

कटे हुए ड्राई फ्रूट्स (बादाम, काजू, पिस्ता) – 2 बड़े चम्मच

स्टेप 1- कुकर रेडी करें

सबसे पहले एक बड़े प्रेशर कुकर के तले में 1 से 1½ कप नमक बिछा दें। इसके ऊपर स्टैंड या छोटी कटोरी रख दें। कुकर को ढक्कन से कवर करें और मीडियम आंच पर 10 मिनट तक प्रीहीट करें। ध्यान रखें कि केक बनाने से पहले ही कुकर की रबड़ और सीटी निकाल दें।

स्टेप 2- बैटर तैयार करें

एक बड़े बाउल में आम का पल्प, चीनी और तेल डालकर अच्छी तरह फेंट लें या फिर मिक्सर में ग्राइंड कर लें। अब इसमें दूध और वनीला एसेंस मिलाकर बैटर का टेक्सचर स्मूद करें। दूसरे बर्तन में मैदा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और नमक को छानकर रखें। सूखी सामग्री को आम वाले बैटर में मिलाते हुए चलाते जाएं। ध्यान दें कि बैटर को ज्यादा फेंटना नहीं है, बस इतना मिलाएं कि कोई गांठ न रहे। आखिर में आप इसमें ड्राई फ्रूट्स डालकर मिक्स करें।

स्टेप 3- कुकर में केक बेक करें

केक टिन या किसी एल्युमिनियम बर्तन को तेल लगाकर ग्रीस करें और नीचे थोड़ा मैदा छिड़क दें। तैयार बैटर को टिन में डालें और हल्का-सा टैप करें ताकि हवा के बुलबुले निकल जाएं। बैटर को ऊपर से चम्मच या कलछी से चिकना कर लें। अब इस टिन को प्रीहीट किए हुए कुकर में स्टैंड के ऊपर रखें। कुकर का ढक्कन बंद करें और मीडियम से धीमी आंच पर 35 से 45 मिनट तक बेक करने के लिए छोड़ें।

स्टेप 4- केक हो गया तैयार

45 मिनट के बाद आप कुकर का ढक्कन हटाकर टूथपिक डालकर चेक करें। अगर टूथपिक साफ बाहर निकल रही है, तो केक रेडी है। अगर इसमें केक लगा हुआ आया है, तो 15 मिनट और बेक कर लें। इसके बाद गैस बंद करें और ठंडा होने पर टिन को बाहर निकाल लें। टिन को पलटकर केक बाहर निकालें और इसे चाकू से काटकर सर्व करें। आप चाहे तो ऊपर से कुछ ड्राई फ्रूट्स या कटी हुई चेरी से गार्निश कर सकती हैं या फिर ऐसे ही इसका मजा लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN