Source :- LIVE HINDUSTAN
वेट लॉस करने के लिए रोटी चावल पूरी तरह से छोड़ने की जरूरत नहीं है और ना ही फैंसी डाइट की। 61 की उम्र में एक महिला ने 18 किलो वजन घटाया है, जिसमें उन्होंने रोटी, चावल, सब्जी सब कुछ खाया है। आइए जानते हैं क्या रही उनकी डाइट।
वजन घटाना हर किसी को बड़ा चैलेंजिंग लगता है। खासकर डाइट को ले कर समझ ही नहीं आता कि क्या खाएं या क्या पूरी तरह अवॉइड करें। कुछ लोग तो अपनी डाइट से रोटी, चावल पूरी तरह निकाल देते हैं और उनकी ये डाइट मुश्किल से कुछ दिन ही चल पाती है। अब सवाल है कि क्या रोज वाला खाना खा कर वजन कम किया जा सकता है? बिल्कुल किया जा सकता है। सोशल मीडिया पर एक 61 साल की महिला की वेट लॉस जर्नी वायरल हो रही है, जिन्होंने अपना 18 किलो वजन कम किया है। उनके वेट लॉस की खास बात है कि उन्होंने कोई फैंसी और बहुत महंगी डाइट नहीं है, बल्कि घर के बने दाल-चावल और रोटी खा कर ही ये गजब का ट्रांसफॉर्मेशन किया है। आइए जानते हैं उनकी डाइट के बारे में।
घर का खाना खा कर घटाया 18 किलो वजन
लोगों को अक्सर लगता है कि वजन घटाने के लिए कोई फैंसी या महंगी डाइट लेने की जरूरत होती है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। 61 साल की कलावती ठाकुर ने अपना 18 किलो वजन सिर्फ घर का खाना खा कर कम किया है। उनकी डाइट में एक कटोरी चावल, दही, सलाद, हरी सब्जी, एक रोटी, एक कटोरी दाल शामिल है। साथ ही वो थोड़ी सी तिल की चटनी साइड डिश के तौर पर लेती हैं और प्रोटीन के लिए दो उबले हुए अंडे भी लेती हैं।
सबसे जरूरी है पोर्शन कंट्रोल
कलावती ठाकुर बताती हैं कि वो पिछले एक साल से लगभग यही घर का बना खाना खा रही हैं। बस फर्क इतना है कि पहले वो काफी ज्यादा मात्रा में खाना खाती थीं, लेकिन अब वो पोर्शन कंट्रोल पर ध्यान देती हैं। उनका मुख्य ध्यान संतुलित डाइट पर रहता है, जिसमें प्रोटीन, कार्ब्स, फैट और बाकी पोषक तत्व शामिल होते हैं।
क्या है पोर्शन कंट्रोल, जो वेट लॉस में हेल्प करता है?
कलावती ठाकुर की डाइट में पोर्शन कंट्रोल का अहम रोल है। पोर्शन कंट्रोल का मतलब है कि शरीर की जरूरत के मुताबिक भोजन किया जाए और जरूरत से ज्यादा खाने से बचा जाए। आसान शब्दों में समझें तो आपको कोई भी चीज पूरी तरह से छोड़ने की जरूरत नहीं है। बस उसकी मात्रा का ध्यान रखें और लिमिट में खाएं।
संतुलित डाइट का ध्यान रखना जरूरी है
वेट लॉस के लिए सिर्फ लिमिट में खाना ही काफी नहीं है, बल्कि शरीर को पर्याप्त पोषण मिलना भी जरूरी है। कलावती ठाकुर की डाइट में कार्ब्स, प्रोटीन, फाइबर, विटामिन्स और मिनरल्स के सोर्स शामिल हैं। उदाहरण के लिए दाल, दही और अंडे प्रोटीन का अच्छा सोर्स हैं, रोटी और चावल कार्ब्स का, वहीं हरी सब्जियां और सलाद फाइबर, विटामिन्स और मिनरल्स का अच्छा सोर्स हैं।
वेट लॉस के लिए ये बैलेंस है जरूरी
अगर आप वजन घटाना चाहते हैं तो अपने लाइफस्टाइल में एक बैलेंस ले कर आना बहुत जरूरी है। आपकी उम्र कोई भी हो, अगर नियमित रूप से वर्कआउट किया जाए, घर का बना हुआ सिंपल खाना खाया जाए और बाहर का जंक फूड अवॉइड किया जाए तो वेट लॉस हेल्दी तरीके से किया जा सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



