Home rss world hindi नेपाल में भारी बर्फबारी के बीच छह भारतीय पर्यटक फंसे, बचाव कार्य...

नेपाल में भारी बर्फबारी के बीच छह भारतीय पर्यटक फंसे, बचाव कार्य जारी

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सुरखेत में तैनात नेपाली सेना के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण बचाव अभियान में देरी हुई। खबर में बताया गया है कि अधिकारी बचाव अभियान के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहे हैं।

नेपाल के शे-फोक्सुंडो राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में शनिवार दोपहर से हो रही भारी बर्फबारी के कारण फंसे दो महिलाओं समेत छह भारतीय पर्यटकों को बचाने के लिए सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है और बचाव अभियान चलाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। डोल्पा के मुख्य जिला अधिकारी जुनु ढकाल के अनुसार, पर्यटक काठमांडू से लगभग 300 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 8 के धो इलाके में गए थे।

उन्होंने कहा कि भारी बर्फबारी के कारण पूरा इलाका बर्फ से ढक गया है। इस ग्रामीण नगरपालिका में स्थित शे-फोक्सुंडो झील नेपाल की सबसे गहरी झील है। यह समुद्र तल से 3,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और इसकी अनुमानित गहराई 145 मीटर है। ढकाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हमने उस इलाके का पता लगा लिया है, जहां पर्यटक फंसे हुए हैं। उन्हें बचाने के लिए सेना का हेलीकॉप्टर भेजा गया है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें बचा लिया जाएगा।”

हालांकि, नेपाल के ऑनलाइन समाचार पोर्टल ऑनलाइनखबर की एक खबर के अनुसार, सुरखेत में तैनात नेपाली सेना के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण बचाव अभियान में देरी हुई। खबर में बताया गया है कि अधिकारी बचाव अभियान के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहे हैं। ढकाल ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों और उनके साथ मौजूद नेपाली गाइड की चेतावनी के बावजूद भारतीय पर्यटक उस इलाके में चले गए थे।

मुख्य जिला अधिकारी ने बताया कि भारी बर्फबारी के बावजूद पर्यटकों ने अपने गाइड को छोड़ दिया और झील की ओर आगे बढ़ गए। शनिवार रात उनसे संपर्क टूट गया था। उन्होंने बताया कि गाइड ने शनिवार शाम डोल्पा जिला प्रशासन कार्यालय को फोन करके जानकारी दी थी कि भारी बर्फबारी के कारण पर्यटक फंस गए होंगे। हालांकि, रविवार सुबह उनसे पूरी तरह संपर्क टूट गया। ढकाल ने कहा, “हम यह नहीं कह सकते कि वे लापता हैं, क्योंकि हमें उस इलाके का पता चल गया है, जहां वे फंसे हुए हैं।”

डोल्पा जिला प्रशासन कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पर्यटकों की पहचान मौमिता हलदर, पियाली कोले, जाजला त्रिवेदी कुमार, आदित्य सिंघा, डिप्लिना बिश्वास और राजेश डे के रूप में हुई है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जा रहा है और बचाव के लिए हेलीकॉप्टर के जल्द पहुंचने की उम्मीद है। नेपाल के हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण पर्यटकों का फंसना कोई नयी बात नहीं है। अक्टूबर 2025 में तीन ब्रिटिश महिलाओं समेत 15 ट्रेकर्स को मुस्तांग की हिडन वैली में भारी बर्फबारी के कारण फंसने के बाद बचाया गया था।

स्थानीय मीडिया में आईं खबरों के अनुसार, पिछले साल नवंबर में भी मुस्तांग-डोल्पा सीमा के पास बर्फ में फंसे दो नेपाली पर्यटकों को हेलीकॉप्टर की मदद से बचाया गया था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN