Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/11/18/1200x900/pyre_1795044067901_Vv1W_1795044073552_33Ap_b1b5bf36-a447-4fd2-a30f-27c7580e5d33_mYDw.png2.5 करोड़ में बनी इस फिल्म की कहानी बुजुर्ग दंपति के अकेलेपन और पहाड़ों से पलायन के दर्द को दिखाती है। IMDb पर फिल्म को 8.4 रेटिंग मिली है और इस वक्त थिएटर्स में है।
बड़े बजट और बड़े सितारों वाली फिल्मों के बीच एक छोटी-सी फिल्म इन दिनों सिनेमाघरों में खूब चर्चा बटोर रही है। खास बात यह है कि इस फिल्म में न तो कोई बड़ा स्टार है और न ही मसाला फिल्मों जैसा शोर-शराबा। इसके बावजूद अपनी शानदार कहानी और दमदार अभिनय के दम पर इसने दर्शकों का दिल जीत लिया है। हम बात कर रहे हैं निर्देशक विनोद कापड़ी की फिल्म ‘पायर’ (Pyre) की, जिसे IMDb पर 8.4 की शानदार रेटिंग मिली है। फिल्म की तारीफ सिर्फ दर्शक ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड के कई सितारे और फिल्ममेकर भी कर रहे हैं।
क्या है फिल्म की कहानी?
यह फिल्म एक बुजुर्ग दंपति की कहानी दिखाती है। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के पहाड़ी गांव में रह रहे पदम सिंह (80) और उनकी बीमार पत्नी तुलसी (70) अपनी जिंदगी के आखिरी दिन बिता रहे हैं। उनका इकलौता बेटा हरिया करीब 28 साल पहले रोजगार की तलाश में मुंबई गया था, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटा।
गांव से लगातार हो रहे पलायन के कारण अब वहां गिने-चुने लोग ही बचे हैं। बुजुर्ग दंपति को अपनी मौत से ज्यादा इस बात की चिंता है कि उनके जाने के बाद उनकी अर्थी को कंधा देने वाले चार लोग भी मिलेंगे या नहीं। इसी बीच एक दिन डाकिया उनके बेटे की चिट्ठी लेकर पहुंचता है। यह चिट्ठी उनके जीवन में उम्मीद की एक नई किरण लेकर आती है।
आम लोगों ने निभाए हैं फिल्म के मुख्य किरदार
‘पायर’ की सबसे बड़ी खासियत इसके कलाकार हैं। फिल्म में पदम सिंह कापड़ी और हीरा देवी मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। दोनों उत्तराखंड के गांव से ताल्लुक रखते हैं और उन्होंने पहली बार कैमरे के सामने अभिनय किया है। पर्दे पर उनके बीच की नोकझोंक, प्यार और अकेलापन इतना स्वाभाविक लगता है कि दर्शक आसानी से उनकी कहानी से जुड़ जाते हैं। कलाकारों का सहज अभिनय फिल्म को और भी खास बनाता है।
गुलजार के गीत और ऑस्कर विजेता संगीतकार का संगीत
फिल्म को खास बनाने में इसके संगीत का भी बड़ा योगदान है। इसके गीत मशहूर गीतकार गुलजार ने लिखे हैं, जबकि संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार माइकल डैना और अमृता वाज ने तैयार किया है।
18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है फिल्म
भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही ‘पायर’ दुनियाभर के फिल्म फेस्टिवल्स में अपनी पहचान बना चुकी है। फिल्म को अब तक 18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। इसकी कहानी और निर्देशन को फिल्म समीक्षकों ने भी खूब सराहा है।
विवेक अग्निहोत्री ने बताया मास्टरपीस
फिल्म की तारीफ करने वालों में फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री का नाम भी शामिल है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर फिल्म को मास्टरपीस बताया और दर्शकों से इसे देखने की अपील की। उनका कहना था कि कुछ फिल्में खत्म होने के बाद भी आपके साथ रहती हैं और ‘पायर’ उन्हीं में से एक है। वहीं जाह्नवी कपूर और करण जौहर ने भी इस फिल्म की तारीफ की है।
दर्शकों की मांग पर बढ़ाए गए 200 से ज्यादा शोज
शुरुआत में बड़े बजट की फिल्मों के चलते ‘पायर’ के सिनेमाघरों में शोज कम कर दिए गए थे। इस पर निर्देशक विनोद कापड़ी ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी चिंता जाहिर की थी। हालांकि, दर्शकों की तारीफ और शानदार रिव्यू के चलते फिल्म को दोबारा थिएटर्स में जगह मिली और इसके 200 से ज्यादा शोज बढ़ाए गए। करीब 2.5 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अपनी लागत से ज्यादा कमाई भी कर ली है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




