Source :- LIVE HINDUSTAN
नवरात्रि के दिनों में ब्रेकफास्ट बनाना है लेकिन लहसुन-प्याज के बगैर तो इस सात्विक चीला की रेसिपी को नोट कर लें। पनीर और लौकी के साथ मिलकर बना ये चीला टेस्टी भी है और हेल्दी भी, सीख लें कैसे बनाएं।
नवरात्रि के 9 दिनों में व्रत कर रहे हैं या नहीं लेकिन सात्विक भोजन तो हर दिन चाहिए। ऐसे में समझ नहीं आता कि बिना लहसुन-प्याज के कौन सा चटपटा सा ब्रेकफास्ट बनाकर खाएं और घरवालों को खिलाएं। आपके दिमाग में भी अगर ऐसे ही सवाल चलते रहते हैं तो उनका जवाब है ये टेस्टी, सात्विक, फलाहारी और हेल्दी लौकी पनीर चीला। जिसे बनाना भी आसान है और खाना मजेदार। तो बस फटाफट से नोट कर लें इस क्विक ब्रेकफास्ट रेसिपी को बनाने का तरीका।
लौकी पनीर चीला बनाने की सामग्री
200 ग्राम पनीर
लौकी एक मीडियम साइज की
कट्टू का आटा एक चौथाई कप
धनिया की पत्तियां एक चौथाई कप
एक से दो हरी मिर्च अच्छी तरह से कटी हुई
भुना जीरा आधा चम्मच
काली मिर्च पाउडर आधा चम्मच
सेंधा नमक स्वादानुसार
पानी जरूरत के मुताबिक
घी चीला पकाने के लिए
लौकी पनीर चीला बनाने की रेसिपी
- सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह से छीलकर धो लें। फिर कद्दूकस की मदद से इसे घिसकर रख लें।
- साथ ही साथ पनीर को भी ग्रेटर में घिस कर रख लें।
- अब इस मिक्सचर में कुट्टू का आटा डालकर मिक्स करें।
- लौकी के पानी की मदद से ये गीला हो जाएगा।
- अब इसमे काली मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर, स्वादानुसार सेंधा नमक डाल दें।
- बारीक कटी हरी मिर्च और धनिया की पत्तियों को भी काटकर डाल दें और मिक्स करें।
- थोड़े से पानी से लौकी और पनीर के साथ कुट्टू के आटे को पेस्ट जैसा पतला बनाएं।
- ये पेस्ट इतना गाढ़ा रहे कि चम्मच से फैलाने पर ही फैले और तवे पर खुद से फैल जाए।
- जिससे लौकी को पकाने में दिक्कत ना हो।
- तवे पर थोड़ा सा घी लगाकर करछूल से तैयार पेस्ट को डालकर थोड़ा सा फैलाएं।
- ध्यान रहे कि ये पतला ना हो और मीडियम फ्लेम पर इसे ढंककर दो मिनट पकने दें।
- जब ये चीला अच्छी तरह से एक तरफ से पक जाए तो पलट दें और दबा-दबाकर सेंक लें।
- बस रेडी हो जाएगा लौकी और पनीर का टेस्टी, फलाहारी, सात्विक चीला।
- इसे हरी चटनी, दही या फिर रायते के साथ गर्मागर्म सर्व करें।
- वैसे ये चीला सॉफ्ट बनता है और आप आराम से टिफिन में रखकर ऑफिस ले जा सकते हैं।
- तो इस नवरात्रि व्रत ना भी हों तो बिना लहसुन-प्याज वाले ऐसे सात्विक फूड खाएं। नोट कर लें लौकी पनीर चीला की रेसिपी।
- और, अगर आप कुट्टू का आटा नहीं खाते तो इसमे सिंघाड़े का आटा, साबुदाने का आटा या फिर बेसन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। बाइडिंग के लिए किसी भी चीज का इस्तेमाल करें, ये चीला टेस्टी और हेल्दी ही बनकर तैयार होगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




