Home National news hindi पाकिस्तान: कोहाट पुलिस लाइन के पास विस्फोट, कम से कम 16 लोग...

पाकिस्तान: कोहाट पुलिस लाइन के पास विस्फोट, कम से कम 16 लोग मारे गए

5
0

Source :- BBC INDIA

कोहाट में विस्फोट

इमेज स्रोत, RESCUE1122

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 2 मिनट

पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत के कोहाट में पूर्व पुलिस लाइन भवन के पास हुए एक विस्फोट में कम से कम 16 लोग मारे गए और 30 से अधिक लोग घायल हो गए.

खैबर पख़्तूनख़्वाह के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फ़िकार हमीद ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, विस्फोटकों से लदा एक वाहन पुरानी पुलिस लाइन में जा टकराया. विस्फोट के बाद हथियारबंद चरमपंथियों के साथ गोलीबारी जारी है.

आईजी ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि विस्फोट के बाद एक आत्मघाती हमलावर ने स्पेशल ब्रांच के पास खुद को उड़ा लिया.

बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, गोलीबारी में एक चरमपंथी की मौत हुई है.

रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फ़ैजी के मुताबिक़, विस्फोट शुक्रवार को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर लगभग 1.15 बजे हुआ.

उन्होंने कहा कि मृतकों और घायलों को बचाव एंबुलेंस से क़रीबी अस्पताल ले जाया जा रहा है, जहां कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

बचाव दल के प्रवक्ता के अनुसार, घटनास्थल पर बचाव अभियान में फ़िलहाल 14 एंबुलेंस और 40 से अधिक कर्मचारी जुटे हुए हैं.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कोहाट विस्फोट की निंदा की है और कई लोगों के घायल होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, शहबाज़ शरीफ़ ने निर्देश दिया है कि घायलों की तत्काल मेडिकल मदद की जाए.

शहबाज़ शरीफ़ ने संबंधित अधिकारियों से विस्फोट के कारणों पर रिपोर्ट मांगी है.

उन्होंने राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने कोहाट विस्फोट की निंदा की है और जानमाल के नुक़सान पर दुख व्यक्त किया है.

पुलिस ने क्या बताया

बचाव और राहत

इमेज स्रोत, Rescue 1122

पेशावर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बीबीसी न्यूज़ को बताया कि खैबर पख़्तूनख़्वाह के कोहाट ज़िले में एक वाहन में लगाए गए आईईडी के विस्फोट में 11 नागरिकों और पांच पुलिस अधिकारियों की मौत हुई है.

बीबीसी संवाददाता उस्मान ज़ाहिद के मुताबिक़, शुक्रवार की नमाज़ के दौरान विस्फोटकों से लदे एक वाहन ने मस्जिद की इमारत में टक्कर मार दी.

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हमलावरों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी भी हुई. पुलिस ने हमलावरों में से एक को मार गिराया.

स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

(इस कहानी को लगातार अपडेट किया जा रहा है)

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS