Home rss world hindi पाकिस्तान में 100 साल पुराना मंदिर गिराने पर बवाल, सरकार ने कहा-...

पाकिस्तान में 100 साल पुराना मंदिर गिराने पर बवाल, सरकार ने कहा- बारिश की वजह से गिरा

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

स्थानीय लोगों और अल्पसंख्यक अधिकार संगठनों का दावा है कि मंदिर को धार्मिक कट्टरपंथियों के एक समूह ने गिराया। आरोप है कि मंदिर की जमीन पर कब्जा कर पास स्थित मदरसे का विस्तार करने की कोशिश की गई।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में करीब 100 से 125 साल पुराने हिंदू मंदिर के गिराए जाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। मंदिर के ध्वस्त होने की खबर सामने आने के बाद भारत ने इस घटना पर कड़ी चिंता जताई और इसे अल्पसंख्यक समुदाय के धार्मिक स्थल के खिलाफ निंदनीय कार्रवाई बताया। स्थानीय लोगों और अल्पसंख्यक अधिकार संगठनों का दावा है कि मंदिर को धार्मिक कट्टरपंथियों के एक समूह ने गिराया। आरोप है कि मंदिर की जमीन पर कब्जा कर पास स्थित मदरसे का विस्तार करने की कोशिश की गई।

मंदिर गिराए जाने की घटना को लेकर भारत की ओर से प्रतिक्रिया आने के बाद पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने कहा कि भारत की ओर से लगाए गए आरोप झूठे और राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं। पाकिस्तान का कहना है कि मंदिर को किसी समूह ने जानबूझकर नहीं गिराया, बल्कि 21 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के कारण मंदिर क्षतिग्रस्त हुआ। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, स्थानीय अधिकारियों ने बारिश से हुए नुकसान का सर्वेकिया है और इमारत की बहाली के लिए जरूरी कदम शुरू कर दिए गए हैं।

हिंदू मंदिर के नष्ट होने की खबरों पर गहरी चिंता

इससे पहले 2 सितंबर को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान के नरोवाल स्थित सिराज गांव में ऐतिहासिक हिंदू मंदिर के नष्ट होने की खबरों पर गहरी चिंता जताई थी। उन्होंने मंदिर में हुई तोड़फोड़ की स्पष्ट शब्दों में निंदा की और कहा कि एक सदी पुराने मंदिर की सुरक्षा में अधिकारियों की उदासीनता चिंताजनक है। भारत ने कहा कि इस तरह की घटनाएं पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की स्थिति और उनकी धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

मंदिर को बहाल करने के लिए कदम उठाने की मांग

भारत ने पाकिस्तान से मंदिर को बहाल करने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की। रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी अपने सभी अल्पसंख्यक नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और धार्मिक स्थलों की रक्षा सुनिश्चित करना है। दूसरी ओर, पाकिस्तान लगातार इस बात पर जोर दे रहा है कि मंदिर को नुकसान प्राकृतिक आपदा के कारण हुआ। स्थानीय प्रशासन ने इसकी मरम्मत की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN