Source :- LIVE HINDUSTAN
मथुरा की गाढ़ी-मलाईदार लस्सी अपने स्वाद के लिए खूब मशहूर है। लेकिन इसे पीने के लिए हर बार आपको मथुरा जाने की जरूरत नहीं है। क्योंकि इसे घर आप भी आसानी से बनाया जा सकता है। यहां देखें हलवाई वाली परफेक्ट रेसिपी।
ठंडी-ठंडी लस्सी पीने को मिल जाए तो मजा ही आ जाता है। खासकर मथुरा वाली लस्सी की बात ही कुछ और है। अगर आप मथुरा गए होंगे तो वहां की फेमस लस्सी आपने जरूर ट्राई की होगी। इसका गाढ़ा, मलाईदार स्वाद और झागदार टेक्चर इसे सबसे अलग बनाता है। खासकर इसे ऊपर जमी मलाई और हल्की मिठास इसे अलग बनाती है। अगर आप भी लस्सी पीने के शौकीन हैं तो आपको स्पेशल मथुरा जाने की जरूरत नहीं है। क्योंकि ये स्वादिष्ट लस्सी आप अपने घर पर भी आराम से बना सकते हैं। शाम को ठंडा ठंडा कुछ पीने का मन हो या घर पर मेहमान आए, ये लस्सी बनाकर सर्व कर सकते हैं।
मथुरा वाली लस्सी बनाने के लिए सामग्री
गाढ़े और मलाईदार स्वाद वाली मथुरा की स्पेशल लस्सी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- दही (2 कप), केसर वाला दूध (1/3 कप), मिश्री पाउडर या चीनी (स्वादानुसार), इलायची पाउडर (1 चम्मच) और गार्निशिंग के लिए ड्राई फूट्स।
इस तरह बनाएं झागदार और क्रीमी मथुरा की स्पेशल लस्सी
मथुरा की गलियों में मिलने वाली गाढ़ी, मलाईदार और झागदार लस्सी अपने स्वाद के लिए खूब मशहूर है। इसे आप घर पर भी आसानी से बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले आपको ताजी और गाढ़ी दही लेनी है। इसे व्हिस्कर की मदद से तब तक फेंटे जब तक ये बिल्कुल स्मूद नहीं हो जाती। आप चाहें तो इसे मिक्सर में भी ब्लेंड कर सकते हैं, फटाफट से काम हो जाएगा।
स्वाद की टिप- लस्सी तुरंत बनाकर पीनी है तो ठंडी दही और दूध इस्तेमाल करें। इससे लस्सी का स्वाद दोगुना हो जाएगा।
अब स्वादानुसार मिश्री ले कर उसे दरदरा सा कूट लें। आप चाहें तो इसकी जगह चीनी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इसके साथ ही केसर का दूध भी बनाकर तैयार कर लें। केसर वाला दूध बनाने के लिए दो चम्मच हल्के गर्म दूध में केसर के कुछ कतरे भिगोकर रख दें। 10-15 मिनट में अच्छा कलर आ जाएगा, फिर इसे बाकी दूध के साथ मिक्स कर दें।
अब फेंटी हुई दही में केसर वाला दूध और दरदरा कुटा हुआ मिश्री पाउडर एड करें। अच्छी खुशबू और फ्लेवर के लिए आप थोड़ा सा इलायची पाउडर भी एड कर सकते हैं। साथ ही बादाम, पिस्ता और काजू जैसे ड्राई फ्रूट्स छोटे टुकड़ों में काटकर डाल दें। सभी चीजों को साथ में 5-7 मिनट के लिए व्हिस्कर से ब्लेंड कर लें। चाहें तो दोबारा मिक्सर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
स्वाद की टिप- ठंडी-ठंडी लस्सी को कुल्हड़ में सर्व करें। साथ ही ऊपर से थोड़ा सा केसर वाला दूध और ड्राई फ्रूट्स डालकर गार्निश करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




