Home LIFESTYLE NEWS HINDI बच्चा किसी के सामने बोलने से घबराता है? कॉन्फिडेंस बढ़ाने के लिए...

बच्चा किसी के सामने बोलने से घबराता है? कॉन्फिडेंस बढ़ाने के लिए पेरेंट्स करें ये 5 काम

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कई बच्चे कॉन्फिडेंट होकर किसी से बात नहीं कर पाते हैं और ऐसे में पेरेंट्स उन्हें डांटने लगते हैं। बच्चे को डांटने के बजाय आप उसका कॉन्फिडेंस बूस्ट करने के लिए 5 आसान तरीके अपनाएं।

कुछ बच्चे घर पर पटर-पटर बोलते हैं, लेकिन किसी और के सामने आते ही एकदम चुप्पी साध लेते हैं। शुरुआत में हर माता-पिता को यह महज झिझक लगती है, लेकिन धीरे-धीरे यह आदत बच्चे के आत्मविश्वास में कमी का संकेत हो सकती है। सभी बच्चे अलग स्वभाव के होते हैं। ऐसे में वे माता-पिता और भाई-बहन के सामने तो अपनी बात आसानी से कह लेते हैं, लेकिन टीचर, रिश्तेदार, पड़ोसी या किसी अन्य व्यक्ति से बात करने में कतराने लगते हैं। आलम यह होता है कि वे किसी के सामने, यहां तक कि बड़े मंच पर बोलने से भी घबराने लगते हैं। अगर आपका बच्चा भी ऐसा करता है, तो उसका कॉन्फिडेंस बढ़ाने के लिए पेरेंट्स कुछ चीजें करें। बच्चा कॉन्फिडेंट नहीं है, तो इसका ये मतलब नहीं है कि वह काबिल नहीं है, बस उसे सही गाइड की जरूरत है।

बच्चे में कॉन्फिडेंस बढ़ाने के 5 आसान तरीके

1. बच्चे की बातों को सही से सुनें

बच्चे अपनी बातों को पेरेंट्स के आगे खुलकर रखते हैं और मानते हैं कि माता-पिता उसे सही से सुन रहे होंगे। अगर उस दौरान आप किसी काम में व्यस्त होंगे या फिर उनकी बातों को अनसुना करते हैं, तो ये बात बच्चा भाप लेता है। ऐसे में वह आपसे या किसी और से अपनी बात को कहने में कतराने लगता है। बच्चे की बात को बेकार बताने के बजाय उसे ध्यान से सुनें और जवाब दें।

2. बच्चे को छोटे-छोटे काम खुद करने दें

पड़ोसी के यहां कुछ लेने भेजें, दुकान से सामान लाने के लिए कहें या टीचर को कोई बात बताने या सवाल पूछने के लिए बच्चे को खुद आगे आने दें। किसी छोटे-मोटे काम के लिए भी उसे खुद जाकर बात करने के लिए कहें। ऐसा करने से धीरे-धीरे किसी के सामने जाने की उसकी झिझक कम होगी और वह अपनी बात खुलकर कहने लगेगा। ऐसा नहीं है कि बच्चों को हर किसी से बात करनी जरूरी है, लेकिन जरूरत पड़ने पर किसी से अपनी बात कहना और बातचीत करना उन्हें जरूर आना चाहिए।

3. रोज 10 मिनट बात करने की आदत डालें

बच्चा जब स्कूल या ट्यूशन से लौटकर घर आए, तो उससे रोजाना 10 मिनट तक बात करें। उसके स्कूल, क्लास, टीचर, रूटीन और पढ़ाई के बारे में बात करें। इसके अलावा आप उसके मूड, पसंद-नापसंद के बारे में बात कर सकते हैं, इससे बच्चे को बात करने की आदत बनेगी और फिर वह किसी के आगे आत्मविश्वास के साथ बात कर सकेगा।

4. दूसरों के बच्चों से तुलना नहीं

अगर आपका बच्चा कम या किसी के आगे नहीं बोलता है, तो इस पर उसका मजाक उड़ाने या किसी और के बच्चे से तुलना करने की जरूरत नहीं है। ऐसा करने से आप बच्चे को और ज्यादा झिझक में डाल देंगे और उसका कॉन्फिडेंस बढ़ने के बजाय कम हो जाएगा। आप उसे समझाए और उसे हमेशा बोलने या अपनी बात रखने के लिए कहें।

5. छोटी स्टेज से शुरुआत

अगर बच्चा किसी के आगे बोलने से शर्माता है, तो उसके पीछे पड़ने के बजाय दूसरा काम करें। अगर बच्चे को किसी के आगे कोई बात कहनी है, तो आप पहले खुद से प्रैक्टिस करवाएं। अगर स्टेज पर कुछ बोलना-कहना है, तो उसकी प्रैक्टिस पेरेंट्स-भाई-बहन या फिर करीबी दोस्तों के आगे करवाएं। इससे बच्चे के अंदर कॉन्फिडेंस आएगा और फिर वह बड़े स्टेज पर कमाल करेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN