Source :- LIVE HINDUSTAN
गर्मियों के मौसम में ठंडा-ठंडा फ्रूट कस्टर्ड खाना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन क्या आपने कभी बिना पाउडर के इसे बनाया है। आज हम आपको ब्रिष्टि कुमारी की रसोई से मिली रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसमें बिना कस्टर्ड पाउडर के कस्टर्ड बनाने का सिंपल तरीका बताया है।
Fruit Custard Recipe: कस्टर्ड खाना लगभग हर किसी को पसंद होता है और गर्मियों में इसका स्वाद और भी ज्यादा अच्छा लगता है। बच्चों को फल खिलाने के लिए फ्रूट कस्टर्ड एक बेहतरीन ऑप्शन है, लेकिन इसे बनाने के लिए आमतौर पर कस्टर्ड पाउडर की जरूरत पड़ती है। कई मांएं बच्चों को कस्टर्ड पाउडर नहीं देना चाहतीं या फिर बच्चों को उसका स्वाद पसंद नहीं आता। ऐसे में शेफ ब्रिष्टी कुमारी ने इंस्टाग्राम पर बिना कस्टर्ड पाउडर के फ्रूट कस्टर्ड की आसान और हेल्दी रेसिपी शेयर की है। उनकी इस रेसिपी में दूध और कई तरह के फलों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे स्वादिष्ट कस्टर्ड तैयार होता है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
कस्टर्ड पाउडर के लिए क्या-क्या चाहिए
अंगूर
केला
अमरूद
संतरा
अनार
ड्राई फ्रूट्स और अन्य सामग्री
15 काजू
15 बादाम
2 केले
15 मखाने
केसर
1 कप गुनगुना दूध
ड्राई फ्रूट्स
1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
फ्रूट्स को करें तैयार
सबसे पहले सभी फलों को अच्छी तरह धो लें और फिर उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। आप अपनी पसंद और मौसम के अनुसार फल चुन सकते हैं। इसमें केला, सेब, अंगूर, पपीता, अनार, स्ट्रॉबेरी, लीची, संतरा या आम जैसे फल भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं। कोशिश करें कि फल ताजे और मीठे हों, ताकि कस्टर्ड का स्वाद और भी बेहतर लगे। कटे हुए सभी फलों को एक बड़े बाउल या एयरटाइट टिफिन कंटेनर में डालकर हल्के हाथों से मिक्स कर लें। अगर आप चाहें तो इन्हें कुछ देर के लिए फ्रिज में भी रख सकते हैं, इससे फ्रूट कस्टर्ड खाने में ज्यादा ठंडा और स्वादिष्ट लगेगा।
क्रीमी सॉस कैसे बनाएं
इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें कस्टर्ड पाउडर का इस्तेमाल नहीं किया गया है। इसकी जगह एक हेल्दी और नेचुरल क्रीमी सॉस तैयार की जाती है, जो स्वाद के साथ-साथ पोषण भी बढ़ाती है। इसके लिए एक कटोरे में काजू, बादाम, मखाने और थोड़ा सा केसर डालें। अब इसमें 1 से 1½ कप गुनगुना दूध मिलाकर करीब 15 मिनट के लिए भिगो दें, ताकि सभी चीजें नरम हो जाएं। इसके बाद इस मिश्रण को मिक्सर जार में डालकर अच्छी तरह पीस लें और स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। ध्यान रखें कि दूध ज्यादा न डालें, वरना सॉस पतली हो जाएगी और कस्टर्ड जैसी क्रीमी टेक्सचर नहीं आएगी। अगर आप चाहें तो इसमें थोड़ा शहद और इलायची पाउडर भी मिला सकते हैं, इससे स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाएंगे।
कस्टर्ड बनाएं
अब क्रीमी सॉस को काटे हुए फलों पर डालें और ऊपर से बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स, शहद, इलायची पाउडर डालकर मिलाएं। बस आपका कस्टर्ड रेडी हो जाएगा। इसे करीब आधे-1 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। फिर ठंडा-ठंडा कस्टर्ड सर्व करें। ये खाने में काफी टेस्टी लगेगा और क्रीमी सॉस के साथ गाढ़ापन भी आएगा। बाजार वाले कस्टर्ड में आपको अपनी पसंद के फल नहीं मिलेंगे और चीनी की वजह से वह काफी मीठा भी होगा। इसमें चीनी नहीं डाली गई है, उसकी जगह शहद का इस्तेमाल किया गया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






