Source :- LIVE HINDUSTAN
दिल्ली-NCR में रहते हैं, तो शादी की शॉपिंग कहां से और कैसे करें, सोचने की जरूरत नहीं है। हम आपको 5 सस्ती और अच्छी मार्केट्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां से आप शादी के लहंगे से लेकर कलीरे तक की शॉपिंग कर सकती हैं।
शादी की शॉपिंग करना किसी टास्क जैसा होता है, जिसमें आप कुछ न कुछ मिस कर जाते हैं और फिर से बाजार भागना पड़ता है। अगर आपके घर में किसी की शादी है या आप खुद दुल्हन बनने वाली हैं, तो शॉपिंग को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। दिल्ली में रहती हैं, तो शादी की शॉपिंग के लिए घबराने की जरूरत नहीं है। बस आपको दिल्ली-NCR के अच्छे और सस्ते बाजारों के बारे में मालूम होना चाहिए। इन मार्केट्स को दिल्ली का हब कहा जाता है और यहां पर आपको शादी के ब्राइडल लहंगे से लेकर डिजाइनर कलीरे तक सबकुछ कम बजट में मिल जाएगा। तो चलिए आपको दिल्ली की इन मार्केट्स का पता बताते हैं।
1. चांदनी चौक
दिल्ली के शॉपिंग मार्केट्स की बात होगी, तब सबसे पहला नाम चांदनी चौक का ही आएगा। चांदनी चौक में ब्राइडल लहंगे एक से बढ़कर एक खूबसूरत मिल जाएंगे। 5000 रुपये से शुरुआत होगी और 50 हजार रुपये तक के लहंगे आप ले सकती हैं। इसके अलावा लहंगे से मैचिंग ज्वैलरी, कलीरे, जूती भी आपको यहां मिल जाएंगे। ब्राइडल लहंगे के लिए अलग से दुपट्टा लेना है, तो पराठे वाली गली में अंदर घुस जाइये, वहां आपको दुपट्टे के एक से बढ़कर डिजाइन मिलेंगे। साड़ियां लेनी है, तो अरुण वस्त्रालय चले जाइये या फिर उसके आस-पास होलसेल वाली दुकानों से थोक में साड़ियां खरीद सकते हैं। चांदनी चौक से आप लेन-देन वाले कपड़े, साड़ी, सूट-सेट भी कम दम में ले सकते हैं। चांदनी चौक में आप बार्गेनिंग करने की स्किल्स साथ लेकर ही जाएं। संडे को ये मार्केट बंद रहती है, तो आप अपने हिसाब से दिन प्लान करें।
2. लाजपत नगर
दिल्ली की लाजपत नगर मार्केट से भी आप शादी की शॉपिंग पूरी कर सकते हैं। लाजपत नगर में कई जगहों पर फिक्स दाम होता है लेकिन वहां की चीजों की क्वालिटी और ए क्लास मिलेगी। लाजपत में भी ब्राइडल लहंगे, कलीरे, शेरवानी, ज्वैलरी, चूड़ियां, चूड़ा सेट सबकुछ आपको मिलेगा। इस मार्केट में बार्गेनिंग कुछ ही जगहों पर चलेगी लेकिन सामान अच्छा मिलेगा। यहां से आप पर्स और क्लचेस का कलेक्शन भी देख सकते हैं। लाजपत नगर बाजार भी सोमवार को बंद रहता है।
3. करोल बाग
दिल्ली की करोल बाग मार्केट थोड़ा हाई क्लास में आती है लेकिन अगर आप शादी की प्रीमियम शॉपिंग कर रहे हैं, तो ये मार्केट बेस्ट हैं। यहां पर कई ऐसे शोरूम बने हुए हैं, जो डिजाइनर लहंगे दिखाते हैं और साथ में उसके मैचिंग जूती, पर्स वगैरह भी रखते हैं। पर्स के लिए यहां पर एक से बढ़कर एक शोरूम हैं और साथ ही यहां से आप कलीरे और चूड़ा सेट ले सकते हैं। ज्वैलरी के लिए भी ये मार्केट बेस्ट रहेगी और थोड़ी बहुत बार्गेनिंग कर सकते हैं। मंडे को करोल बाग मार्केट बंद रहती है।
4. रजौरी गार्डन मार्केट
वेस्ट दिल्ली की राजौरी गार्डन मार्केट में एथनिक और मॉडर्न दोनों तरह के कपड़ों के ऑप्शन आपको मिलेंगे। अगर आप ब्राइडल लहंगा लेने वाली है, तो यहां मिलेगा और पार्टी वियर लहंगा खोज रही हैं, तो उसके कई अच्छे ऑप्शन आप यहां देख सकती हैं। इसके अलावा शेरवानी, सूट, शर्ट-पैंट के कपड़े भी आपको यहां पर मिलेंगे। शादी के लिए फुटवियर और वेडिंग एक्सेसरीज की शॉपिंग भी यहां कर सकते हैं। ये मार्केट बुधवार को बंद रहती है।
5. अट्टा मार्केट
नोएडा सेक्टर-18 की मशहूर अट्टा मार्केट भी शादी की शॉपिंग के लिए बेस्ट हो सकती हैं। अगर आप ज्यादा दूर नहीं जाना चाहती हैं, तो अट्टा को एक्सप्लोर करें। यहां के शोरूम से आप ब्राइडल लहंगे ले सकते हैं और पार्टी वियर भी। इसके अलावा यहां पर रेडीमेड ब्लाउज, डिजाइनर साड़ियां, कलीरे, चूड़ा सेट, मेकअप और ज्वैलरी के बेस्ट ऑप्शन आपको मिलेंगे। सैंडल्स-जूती के लिए भी यहां कई दुकानें हैं। मंगलवार को अट्टा बंद रहता है, तो उस हिसाब से प्लान करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




