Home LIFESTYLE NEWS HINDI बाजार का आटा छोड़ें, घर पर ऐसे बनाएं शुद्ध गेहूं का आटा!...

बाजार का आटा छोड़ें, घर पर ऐसे बनाएं शुद्ध गेहूं का आटा! रोटियां-पूड़ियां बनेंगी नरम और स्वादिष्ट

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गेहूं का आटा आज भी ज्यादातर लोग खाते हैं और बाजार में आजकल ये मिलावटी मिलने लगा है। अगर आप मिलावटी आटा नहीं खाना चाहते हैं, तो घर पर शुद्ध आटा पीस सकते हैं, चलिए आपको आसान स्टेप्स बताते हैं।

बाजार में आजकल हर चीज में मिलावट होने लगी है और ऐसे में गेहूं का आटा भी पीछे नहीं रहा है। गेहूं के आटे में मैदा, स्टार्च और ना जाने क्या-क्या मिलाकर बाजार में बेचा जा रहा है। मिलावटी आटा खाने से आपकी सेहत को कोई फायदा नहीं होगा बल्कि पेट के लिए ये बुरा हो सकता है। अगर आप भी बाजार वाला मिलावटी गेहूं का आटा नहीं खाना चाहते हैं, तो घर पर फटाफट बना लें। आप सोच रहे होंगे कि घर पर चक्की जैसा आटा कैसे बनेगा या फिर उसे बनाने में काफी मेहनत लगेगी, तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। आप घर पर बिना ज्यादा मेहनत किए और मशीन के गेहूं का आटा पीस सकते हैं और ये एकदम शुद्ध और ताजा होगा, जिसकी रोटियां बिल्कुल नरम और फूली हुई बनेंगी। तो चलिए आपको गेहूं का आटा बनाने के स्टेप्स बताते हैं।

1. सबसे पहले अच्छी क्वालिटी के गेहूं खरीदें

घर पर शुद्ध आटा तैयार करने के लिए सबसे जरूरी है कि आप अच्छे और साफ गेहूं को खरीदें। कोशिश करें कि गेहूं अच्छी क्वालिटी के हों और उनमें ज्यादा मिट्टी, भूसा, कंकड़ या अन्य गंदगी न हो। गेहूं खरीदते समय उन्हें अच्छी तरह देखकर ही लें, ताकि साफ करने में ज्यादा परेशानी न हो।

2. सूप और छलनी की मदद से गेहूं साफ करें

गेहूं को घर लाने के बाद सबसे पहले उन्हें अच्छी तरह से पछोर लें। इसके लिए आप सूप और छलनी का इस्तेमाल कर सकते हैं। गेहूं को सूप में डालकर हल्के हाथों से पछोरने पर उसमें मौजूद भूसा, सूखी घास, मिट्टी और दूसरी हल्की गंदगी अलग हो जाती है। इसके बाद छलनी की मदद से बारीक कण और अन्य अशुद्धियां भी निकाल दें।

3. पानी से गेहूं को अच्छी तरह धोएं

अब साफ किए हुए गेहूं को किसी बड़े ड्रम, बाल्टी या टब में लें और उसमें पानी डालें। गेहूं को हाथों से अच्छी तरह चलाकर साफ करें। पहले 1-2 बार पानी बदलकर गेहूं को धो लें, ताकि बची हुई मिट्टी और गंदगी भी निकल जाए। इसके बाद गेहूं को साफ पानी में डालकर करीब आधे से एक घंटे के लिए भिगोकर रख दें।

4. गेहूं को अच्छी तरह सुखाना है जरूरी

जब गेहूं अच्छी तरह भीग जाएं, तो उन्हें पानी से निकालकर साफ सूती या कॉटन के कपड़े पर पतली परत में फैला दें। अब गेहूं को धूप में अच्छी तरह सूखने के लिए रख दें। कोशिश करें कि गेहूं को बीच-बीच में थोड़ा उलट-पलट दें, ताकि सभी दाने अच्छी तरह सूख सकें। गेहूं को तब तक सुखाएं, जब तक उनमें बिल्कुल भी नमी या गीलापन बाकी न रहे। जरूरत के अनुसार इन्हें अच्छी धूप में पूरा दिन सुखाया जा सकता है।

5. अब गेहूं को पीसकर तैयार करें आटा

जब गेहूं पूरी तरह सूख जाएं, तब इन्हें पीसने की बारी आती है। आप थोड़ी-थोड़ी मात्रा में गेहूं को मिक्सर में डालकर पीस सकते हैं। अगर आपके घर के पास कोई भरोसेमंद आटा चक्की है, तो वहां अपने सामने गेहूं पिसवा सकते हैं। इससे आपको ताजा पिसा हुआ आटा मिलेगा और आपको यह भी पता रहेगा कि आटा किन गेहूं से तैयार किया गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN