Home BUSINESS NEWS HINDI ब्रिटेन से 1.35 करोड़ डॉलर के ऑर्डर की खबर से रॉकेट बने...

ब्रिटेन से 1.35 करोड़ डॉलर के ऑर्डर की खबर से रॉकेट बने किर्लोस्कर के शेयर, खरीदने को मची लूट

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Top Gainer Stock: किर्लोस्कर फेरस इंडस्ट्रीज के शेयरों में गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। निवेशक इस स्टॉक को खरीदने के लिए उस वक्त टूट पड़े, जब कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि उसे ब्रिटेन के एक कस्टमर से लगभग 1.35 करोड़ डॉलर का पिग आयरन इंपोर्ट ऑर्डर प्राप्त हुआ है। इस वजह से इस शेयर की कीमत 11.99 प्रतिशत की बढ़त के साथ 497.55 रुपये तक पहुंच गई और यह एनएसई पर टॉप गेनर बन गई।

11 बजे के आसपास स्टॉक करीब 10 प्रतिशत की उछाल के साथ 489 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। पिछले 5 दिन में यह शेयर 18 प्रतिशत से अधिक रिटर्न दिया है। जबकि, पिछले एक महीने में 15 प्रतिशत।

ऑर्डर की अहम शर्तें

एक्सचेंज फाइलिंग के जरिए कंपनी ने बताया कि इस अनुबंध के तहत 30,000 मीट्रिक टन बेसिक ग्रेड पिग आयरन की सप्लाई फ्री ऑन बोर्ड (FoB) के आधार पर की जाएगी। भुगतान की सुरक्षा के लिए लेटर ऑफ क्रेडिट का प्रावधान किया गया है और इसकी अंतिम खेप 15 अगस्त, 2026 तक भेज दी जाएगी।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह ऑर्डर लंदन के एक अंतरराष्ट्रीय खरीदार से मिला है और इसमें प्रमोटरों या उनके समूह की किसी इकाई का कोई निजी हित नहीं है। यह सौदा संबंधित पक्ष लेन-देन की श्रेणी में भी नहीं आता है।

चुनौतीपूर्ण हालात में दमदार वित्तीय प्रदर्शन

मौजूदा कारोबारी साल के दौरान कंपनी ने कमोडिटी की नरम कीमतों और कमजोर मांग के माहौल के बीच भी अपने मुनाफे में लगातार सुधार किया है। वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में स्टैंडअलोन ऑपेशन मजबूत रहा और EBITDA मार्जिन पिछले साल के 11 प्रतिशत से बढ़कर 11.5 प्रतिशत पर पहुंच गया।

लागत में कटौती और अच्छे परफार्मेंस के उपायों ने इस सुधार में अहम भूमिका निभाई। वहीं कंसोलिडेटेड लेवल पर EBITDA में जोरदार बढ़ोतरी देखने को मिली और कर-पूर्व लाभ में 21 प्रतिशत का उछाल आया, जो कारोबार के सभी सेगमेंट्स के बेहतर नतीजों को दिखाता है।

मार्च तिमाही के रिकॉर्ड आंकड़े

चौथी तिमाही में भी विकास की यह गति बरकरार रही। मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड नेट सेल 4.6 प्रतिशत बढ़कर 1,817.16 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 1,736.95 करोड़ रुपये थी।

नेट प्रॉफिट में 33.3 प्रतिशत की प्रभावशाली छलांग लगाते हुए यह 92.33 करोड़ रुपये से बढ़कर 123.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसी तरह EBITDA 19.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 225.66 करोड़ रुपये से बढ़कर 268.91 करोड़ रुपये रहा। कंपनी की प्रति शेयर आय भी पिछले साल के 5.61 रुपये से सुधरकर 7.47 रुपये हो गई।

ये नतीजे साफ तौर पर दर्शाते हैं कि मुश्किल बाजार परिस्थितियों और कमोडिटी की कीमतों में नरमी के बावजूद कंपनी ने अपने मार्जिन और कमाई को न सिर्फ बचाए रखा बल्कि उसमें तेज वृद्धि भी की।

Disclaimer: विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN