Source :- LIVE HINDUSTAN
8th Pay Commission latest update; केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारी और पेंशनर्स इस समय 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की सिफारिशों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आयोग विभिन्न कर्मचारी संगठनों, पेंशनर्स एसोसिएशनों और अन्य हितधारकों के साथ लगातार बैठकें कर रहा है। इसी बीच एक सवाल सबसे ज्यादा चर्चा में है कि अगर 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने में देरी होती है, तो कर्मचारियों को कितना एरियर मिल सकता है? खास रूप से लेवल-15 से लेवल-18 तक के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए यह राशि लाखों रुपये में हो सकती है। कुछ अनुमानों के अनुसार, यह एरियर ₹90 लाख से भी अधिक पहुंच सकता है। आइए इसको जरा विस्तार से समझते हैं।
कौन होते हैं लेवल-15 से लेवल-18 के कर्मचारी?
7वें वेतन आयोग की पे मैट्रिक्स के अनुसार लेवल-15 से लेवल-18 तक के अधिकारी केंद्र सरकार के सबसे वरिष्ठ पदों पर कार्यरत होते हैं। इनमें अतिरिक्त सचिव, विशेष सचिव, सचिव, मुख्य सचिव, रक्षा सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारी, डीजी स्तर के अधिकारी और कैबिनेट सचिव जैसे पद शामिल होते हैं। इन अधिकारियों के पास आमतौर पर 30 से 35 सालों का प्रशासनिक अनुभव होता है और ये देश की प्रमुख सेवाओं जैसे IAS, IPS, IFS तथा रक्षा सेवाओं से जुड़े होते हैं।
केंद्र सरकार के लेवल 15 से 18 कर्मचारियों के प्रमुख पद और बेसिक सैलरी
| पे लेवल | न्यूनतम बेसिक वेतन (₹) | प्रमुख पद |
|---|---|---|
| लेवल 15 | ₹1,82,200 | भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव (Additional Secretary), प्रधान मुख्य आयुक्त (CBDT/CBIC), प्रधान महालेखाकार, संगठित ग्रुप-A सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारी |
| लेवल 16 | ₹2,05,400 | भारत सरकार के विशेष सचिव, कुछ विभागों में महानिदेशक, वरिष्ठ पुलिस एवं रक्षा अधिकारी |
| लेवल 17 (एपेक्स स्केल) | ₹2,25,000 | भारत सरकार के सचिव, राज्य के मुख्य सचिव, आर्मी कमांडर, थल/नौसेना/वायुसेना के उप प्रमुख, बड़े राज्यों के डीजीपी |
| लेवल 18 (कैबिनेट सचिव स्केल) | ₹2,50,000 | कैबिनेट सचिव, सशस्त्र बलों के सेवा प्रमुख जैसे सर्वोच्च पद |
एरियर का मुद्दा क्यों महत्वपूर्ण है?
सरकारी कर्मचारियों की उम्मीद है कि नया वेतनमान 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा। लेकिन आयोग की रिपोर्ट तैयार होने और सरकार द्वारा उसे लागू करने में समय लग सकता है। अगर सिफारिशें बाद में लागू होती हैं, तो कर्मचारियों को पिछली तारीख से वेतन का अंतर एरियर के रूप में दिया जा सकता है। यही वजह है कि एरियर की संभावित राशि को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
फिटमेंट फैक्टर की भूमिका
वेतन बढ़ोतरी का सबसे बड़ा आधार फिटमेंट फैक्टर होता है। यह तय करता है कि वर्तमान बेसिक पे को कितने गुणा करके नया वेतन निर्धारित किया जाएगा। एक्सपर्ट द्वारा 2.0, 2.15, 2.28, 2.57 और 2.86 जैसे विभिन्न फिटमेंट फैक्टर पर संभावित गणनाएं की जा रही हैं। अगर फिटमेंट फैक्टर अधिक रहता है, तो वेतन वृद्धि के साथ-साथ एरियर की राशि भी काफी बढ़ जाती है।
8वां वेतन आयोग: 2.86 फिटमेंट फैक्टर पर लेवल 15-18 कर्मचारियों के संभावित एरियर (20 महीने)
| लेवल | वर्तमान बेसिक वेतन (₹) | संशोधित बेसिक वेतन (₹) | बेसिक वेतन में बढ़ोतरी (₹) | 20 महीने का अनुमानित एरियर (₹) |
|---|---|---|---|---|
| Level 15 | 1,82,200 | 5,21,092 | 3,38,892 | 67,77,840 |
| Level 16 | 2,05,400 | 5,87,444 | 3,82,044 | 76,40,880 |
| Level 17 | 2,25,000 | 6,43,500 | 4,18,500 | 83,70,000 |
| Level 18 | 2,50,000 | 7,15,000 | 4,65,000 | 93,00,000 |
कितना मिल सकता है एरियर?
अनुमानित कैल्कुलेशन के अनुसार अगर 20 महीने की देरी मान ली जाए, तो लेवल-15 से लेवल-18 तक के अधिकारियों को लाखों रुपये का एरियर मिल सकता है। 2.0 फिटमेंट फैक्टर पर एरियर लगभग ₹36 लाख से ₹50 लाख तक पहुंच सकता है। वहीं, 2.15 फिटमेंट फैक्टर पर यह राशि ₹42 लाख से ₹57 लाख तक हो सकती है। इसके अलावा 2.57 या उससे अधिक फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो कुछ वरिष्ठ अधिकारियों का एरियर ₹80 लाख से ₹93 लाख या उससे भी अधिक पहुंच सकता है। हालांकि, ये सभी आंकड़े केवल अनुमान हैं और अंतिम राशि आयोग की सिफारिशों, सरकार के फैसले तथा लागू होने की वास्तविक तारीख पर निर्भर करेगी।
8वें वेतन आयोग: लेवल 15-18 कर्मचारियों के लिए 2.0 फिटमेंट फैक्टर पर अनुमानित 20 महीने का एरियर
| लेवल | वर्तमान बेसिक वेतन (₹) | संशोधित बेसिक वेतन (₹) | बेसिक वेतन में बढ़ोतरी (₹) | 20 महीने का अनुमानित एरियर (₹) |
|---|---|---|---|---|
| लेवल 15 | ₹1,82,200 | ₹3,64,400 | ₹1,82,200 | ₹36,44,000 |
| लेवल 16 | ₹2,05,400 | ₹4,10,800 | ₹2,05,400 | ₹41,08,000 |
| लेवल 17 | ₹2,25,000 | ₹4,50,000 | ₹2,25,000 | ₹45,00,000 |
| लेवल 18 | ₹2,50,000 | ₹5,00,000 | ₹2,50,000 | ₹50,00,000 |
अभी क्या स्थिति है?
8वां वेतन आयोग अभी विभिन्न पक्षों से सुझाव लेने की प्रक्रिया में है। आयोग की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि फिटमेंट फैक्टर कितना रहेगा और कर्मचारियों को कितनी वेतन वृद्धि मिलेगी। फिलहाल, इतना जरूर कहा जा सकता है कि अगर रिपोर्ट लागू होने में लंबा समय लगता है, तो वरिष्ठ अधिकारियों को मिलने वाला एरियर रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकता है। यही कारण है कि लेवल-15 से लेवल-18 के अधिकारी 8वें वेतन आयोग की हर अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं।
8वें वेतन आयोग से न केवल मासिक वेतन बढ़ने की उम्मीद है, बल्कि देरी की स्थिति में लाखों रुपये के एरियर की संभावना भी कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




