Home - महंगे हो रहे बजट 5G स्मार्टफोन, दिवाली पर फोन खरीदने से पहले...

महंगे हो रहे बजट 5G स्मार्टफोन, दिवाली पर फोन खरीदने से पहले जान लें कीमतें बढ़ने की वजह

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारत में मेमोरी चिप्स की बढ़ती कीमत और AI डेटा सेंटर की मांग के चलते बजट स्मार्टफोन की लागत पर दबाव बढ़ रहा है। आइए आपको इस बारे में विस्तार से बताते हैं। 

भारत में बजट स्मार्टफोन खरीदने वाले यूजर्स के लिए फोन चुनना पहले के मुकाबले मुश्किल होता जा रहा है। कुछ साल पहले जिस कीमत में 5G कनेक्टिविटी और अच्छे फीचर्स वाला स्मार्टफोन आसानी से मिल जाता था, अब उसी बजट में बेहतर फोन खरीदना चुनौती बन रहा है। स्मार्टफोन की बढ़ती कीमतों का असर खासतौर पर एंट्री-लेवल और बजट सेगमेंट पर पड़ रहा है। ऐसे में त्योहार के मौके पर नया फोन खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए यह समझना जरूरी है कि आखिर बजट 5G फोन महंगे क्यों हो रहे हैं।

AI की वजह से बढ़ रही मेमोरी चिप्स की मांग

स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ने की एक बड़ी वजह मेमोरी चिप्स की बढ़ती लागत है। दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े डेटा सेंटर तेजी से बन रहे हैं। इन डेटा सेंटर में ढेर सारी मेमोरी की जरूरत होती है। इसके चलते सेमीकंडक्टर कंपनियों का ध्यान हाई-बैंडविड्थ मेमोरी (HBM) और सर्वर में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी के प्रोडक्शन पर बढ़ा है।

इसका असर स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली DRAM और NAND फ्लैश स्टोरेज की सप्लाई और कीमतों पर भी पड़ रहा है। स्मार्टफोन में रैम और स्टोरेज जरूरी कंपोनेंट हैं। इनकी कीमत बढ़ने पर कंपनियों की फोन बनाने की लागत भी बढ़ जाती है। इसका असर आखिरकार ग्राहकों को मिलने वाली कीमत पर पड़ सकता है।

बजट फोन पर ज्यादा क्यों पड़ रहा है असर?

महंगे स्मार्टफोन के मुकाबले बजट फोन में कंपनियों के पास लागत को संभालने की गुंजाइश कम होती है। इस सेगमेंट में ग्राहक कीमत को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं। ऐसे में कंपनियों के लिए बढ़ी हुई लागत को खुद झेल पाना मुश्किल हो सकता है।

अगर कंपनियां कीमत नहीं बढ़ाती हैं, तो उन्हें दूसरे फीचर्स में कटौती करनी पड़ सकती है या अपने मुनाफे को कम करना पड़ सकता है। वहीं, कीमत बढ़ाने पर फोन ग्राहकों के बजट से बाहर जा सकता है। यही वजह है कि किफायती स्मार्टफोन सेगमेंट में कीमत और फीचर्स के बीच बैलेंस बनाना चुनौती बन रहा है।

इसके अलावा रुपये के एक्सचेंज रेट, दूसरे कंपोनेंट्स की लागत और सप्लाई चेन से जुड़ी दिक्कतें भी स्मार्टफोन की कीमतों पर दबाव डाल सकती हैं। यानी फोन महंगे होने के पीछे केवल एक वजह नहीं, बल्कि कई फैक्टर्स काम कर रहे हैं। एक्सपर्ट्स की मानें तो अगले कुछ महीनों में फोन्स के सस्ते होने की उम्मीद भी नहीं है, ऐसे में फोन अपग्रेड करने के लिए इंतजार करना सही फैसला हो, यह जरूरी नहीं है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN