Source :- LIVE HINDUSTAN
Facebook अकाउंट हैक होने पर आधिकारिक रिकवरी पेज की मदद से उसे वापस पाने की कोशिश की जा सकती है। जानें पासवर्ड रीसेट करने और अकाउंट को सुरक्षित रखने का तरीका क्या है।
फेसबुक अकाउंट हैक होने पर यूजर्स की पर्सनल जानकारी, फोटो और मैसेज का गलत इस्तेमाल हो सकता है। कई बार हैकर्स अकाउंट का पासवर्ड बदल देते हैं, जिससे यूजर्स लॉगिन नहीं कर पाते। वहीं, कुछ मामलों में हैकर्स दोस्तों और रिश्तेदारों को मैसेज भेजकर पैसे भी मांग सकते हैं। अगर आपका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया है, तो घबराने के बजाय तुरंत उसे रिकवर करने की कोशिश करें। Meta यूजर्स को अकाउंट वापस पाने के लिए रिकवरी के विकल्प देता है। आइए जानते हैं कि फेसबुक अकाउंट हैक होने पर उसे वापस कैसे पाया जा सकता है।
Facebook अकाउंट हैक होने पर सबसे पहले क्या करें?
अगर आपको लगता है कि किसी दूसरे व्यक्ति ने आपका फेसबुक अकाउंट एक्सेस कर लिया है, तो सबसे पहले फेसबुक के आधिकारिक रिकवरी पेज facebook.com/hacked पर जाएं। बेहतर होगा कि इसके लिए उसी फोन, कंप्यूटर या ब्राउजर का इस्तेमाल करें, जिससे आप पहले फेसबुक चलाते रहे हैं। यहां दिए गए निर्देशों का पालन करके अपने अकाउंट को रिकवर करने की कोशिश करें।
अगर आप अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं, तो facebook.com/login/identify पर जाकर अपना अकाउंट सर्च करें। इसके लिए अकाउंट से जुड़े मोबाइल नंबर, ईमेल एड्रेस या यूजरनेम का इस्तेमाल किया जा सकता है।
पासवर्ड भूल गए हैं या बदल दिया गया है तो क्या करें?
अगर हैकर ने आपका पासवर्ड बदल दिया है, तो अकाउंट रिकवरी प्रोसेस के दौरान पासवर्ड रीसेट करने का विकल्प देखें। फेसबुक आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल पर वेरिफिकेशन कोड भेज सकता है। कोड की मदद से अपनी पहचान वेरिफाइ करें और नया पासवर्ड सेट करें। अगर आपके पास पुराने ईमेल या मोबाइल नंबर का एक्सेस नहीं है, तो स्क्रीन पर उपलब्ध दूसरे रिकवरी ऑप्शंस आजमाएं। ध्यान रखें कि उपलब्ध विकल्प अकाउंट की कंडीशन के आधार पर अलग हो सकते हैं।
अकाउंट रिकवर करने के बाद जरूर करें ये काम
फेसबुक अकाउंट वापस मिलने के बाद तुरंत नया और मजबूत पासवर्ड सेट करें। इसके बाद Settings में Accounts Centre खोलें और Password and security विकल्प पर जाएं। यहां लॉगिन एक्टिविटी की जांच करें और किसी अनजान डिवाइस पर अकाउंट लॉगिन दिखाई देने पर उससे लॉगआउट करें। साथ ही, अकाउंट से जुड़े ईमेल और मोबाइल नंबर की भी जांच करें।
अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करें। इससे लॉगिन के दौरान सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत मिलती है। अगर हैकर ने आपके अकाउंट से दोस्तों को मैसेज भेजे हैं, तो उन्हें संदिग्ध लिंक खोलने और पैसे भेजने से बचने की सलाह दें। अकाउंट रिकवर करने के नाम पर पैसे मांगने वाले अनजान लोगों से भी सावधान रहें। अपना पासवर्ड और OTP किसी के साथ शेयर ना करें और रिकवरी के लिए हमेशा फेसबुक के ऑफीशियल पेज का ही इस्तेमाल करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



