Source :- LIVE HINDUSTAN
करी पत्ता खाने की कई चीजों में इस्तेमाल किया जाता है और अब लोग इसे बाजार से लाकर फ्रिज में स्टोर करके रखते हैं। लेकिन कई बार पत्ते काले पड़ जाते हैं और फिर फेंकना पड़ता है। चलिए बताते हैं करी पत्ता स्टोर करने के 3 आसान तरीके।
करी पत्ता कढ़ी, पोहा, फ्राइड राइस, इडली और सांभर जैसी कई चीजों का स्वाद बढ़ा देता है। अब कई लोग करी पत्ता घर में भी उगाते हैं, जबकि कुछ लोग बाजार से खरीदकर इसे फ्रिज में स्टोर कर लेते हैं। हालांकि, फ्रिज में लंबे समय तक रखे रहने पर करी पत्ता अक्सर काला पड़ने लगता है और फिर इसे फेंकना पड़ता है। दरअसल, ज्यादा नमी के कारण करी पत्ता जल्दी खराब हो सकता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। करी पत्ते को फ्रिज में सही तरीके से स्टोर करने के कुछ आसान टिप्स हैं, जिन्हें अपनाकर आप इसे लंबे समय तक हरा और फ्रेश रख सकते हैं।
क्यों काला पड़ जाता है करी पत्ता
करी पत्ता अक्सर नमी के कारण काला या फिर सूख जाता है। अगर आप उसे पानी में धोकर रखते हैं या फिर उसमें मिट्टी लगी होती है, तो वह काला पड़ेगा। करी पत्ता हमेशा सूखा स्टोर करना चाहिए। अगर आप पेड़ से तोड़ रहे हैं तब भी उसे सुखाकर ही रखें। यहां 3 स्टोरेज टिप्स हैं, जिनकी मदद से आप करी पत्ता लंबे समय तक स्टोर कर सकते हैं।
1. पत्तों को धोकर तुरंत फ्रिज में न रखें
करी पत्ते को लंबे समय तक स्टोर करना है तो इसे फ्रिज में रखने से पहले धोने से बचें। पत्तों पर अगर पानी या नमी रह जाती है, तो फ्रिज में रखने के बाद वे जल्दी काले पड़ सकते हैं और खराब होने लगते हैं। इसलिए बाजार से लाए करी पत्ते को पहले अच्छी तरह चेक करें और उसमें मौजूद खराब या गीले पत्तों को अलग कर दें। करी पत्ते को इस्तेमाल करने से ठीक पहले धोना बेहतर रहता है।
2. पेपर टॉवल में लपेटकर करें स्टोर
करी पत्ते को फ्रेश रखने के लिए पेपर टॉवल का इस्तेमाल किया जा सकता है। सबसे पहले पत्तों को साफ और सूखे कपड़े या पेपर टॉवल से हल्के हाथों से पोंछ लें, ताकि उन पर किसी तरह की नमी न रहे। इसके बाद करी पत्ते को एक सूखे पेपर टॉवल में लपेटें और एयरटाइट कंटेनर या जिप लॉक बैग में रख दें। पेपर टॉवल अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करेगा, जिससे पत्तों के जल्दी खराब होने की संभावना कम हो सकती है। पेपर टॉवल के अलावा आप अखबार या फिर किसी कॉटन कपड़े में भी लपेट सकते हैं।
3. डंठल से अलग करके रखें करी पत्ता
करी पत्ते को स्टोर करने से पहले डंठल से अलग कर लेना भी एक आसान तरीका है। सबसे पहले पीले, मुरझाए या खराब हो चुके पत्तों को निकाल दें, क्योंकि एक खराब पत्ता आसपास के दूसरे पत्तों को भी जल्दी खराब कर सकता है। इसके बाद अच्छे पत्तों को सूखे पेपर टॉवल में लपेटकर कंटेनर में रखें। कंटेनर में अगर बाद में नमी जमा दिखाई दे, तो पेपर टॉवल को बदल दें। इस तरह करी पत्ते को लंबे समय तक हरा और फ्रेश रखने में मदद मिल सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


