Home Latest news ताज़ा खबर मुंबई-पुणे के बीच का सफर होगा और सुपरफास्ट, 15 हजार करोड़ से...

मुंबई-पुणे के बीच का सफर होगा और सुपरफास्ट, 15 हजार करोड़ से बनेगा 130 KM लंबा 8-लेन एक्सप्रेसवे

6
0

Source :- INDIATV NEWS

मुंबई और पुणे के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए आने वाले समय में बड़ी राहत मिल सकती है। दोनों शहरों के बीच यात्रा को तेज और आसान बनाने के लिए एक नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने की योजना पर काम चल रहा है। करीब 15,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह 130 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे आठ लेन का होगा। इसके तैयार होने के बाद मुंबई से पुणे के बीच का सफर महज 90 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। फिलहाल इस प्रोजेक्ट को लेकर टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

प्रस्तावित मुंबई-पुणे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए टेंडर खोलने की तारीख बढ़ाकर 27 नवंबर 2026 कर दी गई है। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 15 हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह नया एक्सप्रेसवे मौजूदा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के समानांतर बनाया जाएगा। इसका मकसद दोनों शहरों के बीच लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक के दबाव को कम करना है। अनुमान है कि नया रास्ता रोजाना करीब तीन लाख वाहनों की आवाजाही को संभालने में मदद कर सकता है। इससे मौजूदा एक्सप्रेसवे पर जाम और यात्रा के समय में कमी आने की उम्मीद है।

दो चरणों में पूरा होगा निर्माण

इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण दो चरणों में किया जाना प्रस्तावित है। पहले चरण में पगोटे से चौक तक करीब 30 किलोमीटर लंबा हिस्सा बनाया जाएगा। इस हिस्से पर लगभग 4,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं, दूसरे चरण में बाकी करीब 100 किलोमीटर का निर्माण किया जाएगा। इस हिस्से के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने और जरूरी आकलन से जुड़ी शुरुआती प्रक्रिया चल रही है।

मौजूदा एक्सप्रेसवे का दबाव होगा कम

नया एक्सप्रेसवे तैयार होने के बाद मुंबई और पुणे के बीच यात्रियों को एक अतिरिक्त तेज सड़क मार्ग मिलेगा। इससे मौजूदा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। इसका फायदा उन लोगों को भी मिल सकता है जो आगे बेंगलुरु की ओर यात्रा करते हैं। हालांकि, 90 मिनट में सफर पूरा होने का अनुमान है। यह सुविधा एक्सप्रेसवे के निर्माण, ट्रैफिक व्यवस्था और संचालन शुरू होने के बाद ही हकीकत बन सकेगी। फिलहाल टेंडर प्रक्रिया और परियोजना की तैयारियां इसके अगले चरण तय करेंगी।

यह भी पढ़ें- जंगल, पहाड़ और झरनों के बीच से गुजरेगा 707 KM लंबा एक्सप्रेसवे, 16 घंटे का सफर सिर्फ 8 घंटे में होगा पूरा

SOURCE : INDIATV NEWS