Home LIFESTYLE NEWS HINDI मेथी का आ गया सीजन! दुकानदार से जानें ताजी और हरी मेथी...

मेथी का आ गया सीजन! दुकानदार से जानें ताजी और हरी मेथी खरीदने के 3 आसान टिप्स

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बाजार में मेथी आना शुरू हो चुकी है और इसे पसंद करने वाले लोग खरीद भी रहे हैं। अगर आप भी मेथी खाते हैं, तो उसे खरीदने के कुछ टिप्स भी जान लीजिए। कई बार ऊपर से ताजी दिख रही मेथी अंदर से बासी निकल जाती है।

सर्दियों का मौसम अभी पूरी तरह से नहीं आया है लेकिन बाजार में मेथी आना शुरू हो चुकी है। मेथी खाने के शौकीन लोग इसे खरीदने भी लगे हैं। मेथी की सब्जी, पराठे, पकौड़े लोग चाव से खाते हैं और यह सेहत के लिए फायदेमंद भी होती है। मेथी में विटामिन सी, प्रोटीन, फाइबर, आयरन, कैल्शियम पाए जाते हैं, जो लाभकारी होते हैं। मेथी खाने में तो स्वादिष्ट होती है लेकिन इसे खरीदना थोड़ा सा ट्रिकी होता है। बाजार में मेथी खरीदते समय अक्सर लोग इस बात को लेकर उलझन में रहते हैं कि कौन-सी मेथी ताजी है और कौन-सी मुरझाई हुई। ऐसे में अगर आप भी बाजार से ताजी, हरी और खुशबूदार मेथी खरीदना चाहते हैं, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रख सकते हैं। आइए जानते हैं दुकानदार के बताए ताजी मेथी खरीदने के 3 आसान तरीके।

ताजी मेथी खरीदने के 3 आसान तरीके-

1. पत्तियों का रंग देखकर खरीदें मेथी

ताजी मेथी की पहचान उसके रंग से आसानी से की जा सकती है। खरीदते समय ध्यान दें कि पत्तियां हरी और ताजा दिख रही हों। अगर मेथी की पत्तियां पीली पड़ने लगी हैं, उन पर काले धब्बे हैं या वे ज्यादा मुरझाई हुई दिखाई दे रही हैं, तो ऐसी मेथी खरीदने से बचें। हालांकि, कुछ पत्तियों का पीला दिखना पूरी मेथी के खराब होने का कारण नहीं हो सकता। इसलिए पूरे बंडल को अच्छी तरह देखकर ही खरीदारी करें।

2. पत्तियों और डंठल की ताजगी जरूर जांचें

मेथी खरीदते समय केवल उसका रंग देखना ही काफी नहीं है। पत्तियों और डंठल की ताजगी पर भी ध्यान देना जरूरी है। ताजी मेथी की पत्तियां आमतौर पर हरी और कुछ हद तक सख्त होती हैं, जबकि मुरझाई मेथी की पत्तियां ढीली और बेजान नजर आ सकती हैं। इसके अलावा, डंठल भी ताजा दिखना चाहिए। अगर मेथी बहुत ज्यादा गीली, चिपचिपी या सड़ने जैसी गंध आ रही है, तो उसे ना खरीदें।

3. मेथी की खुशबू से करें चेक

ताजी मेथी में एक खास तरह की अच्छी खुशबू आती है। इसलिए खरीदते समय उसकी खुशबू पर भी ध्यान दें। अगर मेथी से सड़ी हुई या असामान्य गंध आ रही है, तो उसे बिल्कुल न खरीदें। साथ ही, गट्ठर के अंदर की पत्तियों को भी देखकर ही लें। कई बार ऊपर से हरी दिखने वाली मेथी अंदर से पीली या मुरझाई हुई हो सकती है। कोशिश करें कि ऐसा गट्ठर चुनें जिसकी पत्तियां और डंठल अच्छी दिख रही हों।

खरीदने के बाद कैसे करें मेथी को स्टोर

अगर आप मेथी खरीदने के बाद उसे फौरन काट देते हैं, तो फ्रिज में किसी पन्नी या डलिया में करके रखें। डलिया में रखते हैं, तो ऊपर से ढक्कन से कवर करें। इसके अलावा में थी खरीदने के बाद उसे लंबे समय तक ताजा रखने के लिए भी कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। सबसे पहले खराब और पीली पत्तियों को अलग कर दें। अगर मेथी तुरंत इस्तेमाल नहीं करनी है, तो उसे बिना धोए किसी साफ कागज या पेपर टॉवल में लपेटकर फ्रिज में रखें। इस्तेमाल करने से ठीक पहले पत्तियों को अच्छी तरह धो लें। कई बार मेथी की पत्तियों में मिट्टी जमा होती है, इसलिए काटने के बाद ना धोएं पहले ही धो लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN