Home Latest news ताज़ा खबर मोतिहारी में 50 हजार रुपये रिश्वत लेते डाक अधीक्षक गिरफ्तार, सीबीआई की...

मोतिहारी में 50 हजार रुपये रिश्वत लेते डाक अधीक्षक गिरफ्तार, सीबीआई की कार्रवाई से मचा हड़कंप

8
0

Source :- INDIATV NEWS

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की टीम ने डाक विभाग के अधीक्षक एस.एस.सुमन को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद डाक विभाग सहित प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है।

सीबीआई ने पहले मामले की गोपनीय तरीके से की जांच

मिली जानकारी के अनुसार, डाक विभाग के ही एक कर्मचारी से किसी विभागीय काम के बदले 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। इससे परेशान कर्मचारी ने इसकी शिकायत सीबीआई से की। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने पहले मामले की गोपनीय तरीके से जांच की। आरोपों की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने गिरफ्तारी के लिए पूरी योजना तैयार की। योजना के मुताबिक, सीबीआई की टीम ने जाल बिछाया, जैसे ही डाक अधीक्षक ने शिकायतकर्ता से तय रकम ली, पहले से मौजूद अधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।

निलंबन से मुक्त करने के एवज में कर्मचारी से रिश्वत की मांग की गई

बताया जा रहा है कि एस.एस.सुमन ने हाल ही में मोतिहारी में तबादला के बाद डाक अधीक्षक का पदभर संभाला था। आरोप है कि पदभार ग्रहण करने के कुछ ही दिनों बाद उन्होंने अपने ही एक कर्मचारी को किसी मामले में निलंबित कर दिया। इसके बाद निलंबन से मुक्त करने के एवज में कर्मचारी से कथित तौर पर रिश्वत की मांग की गई। इसी मामले में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सीबीआई की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई कर रही है आगे की कार्रवाई

अब, डाक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। उनके पूर्व पदस्थापन के दौरान भी कार्यशैली को लेकर विवादों में रहने की चर्चा सामने आ रही है। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम उन्हें अपने साथ ले गई, जहां आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया जारी है। मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सीबीआई की कार्रवाई को लेकर शहर में दिनभर चर्चा होती रही

मोतिहारी से अरविन्द कुमार की रिपोर्ट 

ये भी पढ़ें:

बिहार में CO, BLO समेत 15 सरकारी कर्मचारी हुए सस्पेंड, जन शिकायतों की अनदेखी करने पर हुई कार्रवाई

SOURCE : INDIATV NEWS