Source :- LIVE HINDUSTAN
जिबूती के तट के पास करीब 350 प्रवासियों को ले जा रही एक नाव के पलटने से कम से कम 139 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 15 बच्चे भी शामिल हैं। 84 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं।
जिबूती के तट के पास लगभग 350 प्रवासियों को ले जा रही एक नाव के पलटने से कम से कम 139 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 15 बच्चे भी शामिल हैं। 84 से ज्यादा लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। यह दर्दनाक हादसा गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि के बीच उस समय हुआ जब नाव जिबूती से यमन की ओर जा रही थी। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय अधिकारी लापता लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान चला रहे हैं।
आईओएम के अनुसार, बरामद किए गए शवों में 52 पुरुष, 42 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं। इस भीषण नौका दुर्घटना में 80 से ज्यादा लोग जीवित बचने में सफल रहे हैं और ये सभी इथियोपियाई नागरिक हैं। एजेंसी ने बताया कि उसकी टीमें स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर जीवित बचे लोगों को आपातकालीन सहायता और चिकित्सा देखभाल उपलब्ध करा रही हैं, जबकि मृतकों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जा रही है।
जिबूती में आईओएम के मिशन प्रमुख एलेक्जेंड्रे कॉयसाक ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह जान-माल का एक भयानक और विनाशकारी नुकसान है। हमारी संवेदनाएं जीवित बचे लोगों और उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है या जिनके रिश्तेदारों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने बताया कि नाव पर सवार करीब 150 लोगों को पहले यमन से वापस भेज दिया गया था, लेकिन उन्होंने फिर से समुद्र पार करने की कोशिश की।
आईओएम के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में यमन जाने वाले समुद्री रास्ते पर 900 से ज्यादा प्रवासियों की मौत हो चुकी है या वे लापता हो गए हैं। इस दौरान यात्रा करने की कोशिश करने वालों की संख्या में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई। मार्च 2026 में भी एक जहाज के डूबने से नौ लोगों की मौत हुई थी और 45 लोग लापता हो गए थे।
आईओएम के प्रवक्ता केनेडी ओमोंडी ओकोथ ने कहा कि यात्रा करने वाले ज्यादातर लोग इथियोपिया या सोमालिया से आते हैं। इनमें से कई लोग जिबूती में फंस गए हैं। संगठन ने डोनर्स और पार्टनर्स से अपील की है कि वे जिबूती में खोज-बचाव अभियान और जान बचाने के कार्यों के लिए और अधिक सहायता उपलब्ध कराएं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




