Source :- LIVE HINDUSTAN
रिपोर्ट के मुताबिक पेजेश्कियन ने कहा है कि मौजूदा हालात में वह ना तो सरकार चला पा रहे हैं और न ही अपनी जिम्मेदारियां निभा पा रहे हैं, इसलिए उन्होंने इस्तीफे की पेशकश की। दावा किया गया है कि IRGC के साथ उनके मतभेद बढ़ गए हैं।
ईरान और अमेरिका के बीच जंग में समझौते को लेकर जारी बातचीत एक बार फिर अटकती नजर आ रही है। अमेरिका समझौते की शर्तों को और कठिन बनाता जा रहा है, जिस पर ईरान भड़क उठा है। इन सब के बीच ईरान के शीर्ष नेतृत्व में अनबन की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। अब एक हालिया रिपोर्ट में इसे लेकर बड़ा दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने हाल ही में अपना इस्तीफा देने की पेशकश की है। इसकी वजह ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड यानी IRGC संग मतभेद को माना जा रहा है।
लंदन स्थित मीडिया आउटलेट ‘ईरान इंटरनेशनल’ की एक विस्फोटक रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति पेजेशकियन ने रविवार को देश के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के कार्यालय को अपना इस्तीफा सौंप दिया। सूत्रों के मुताबिक पेजेशकियन ने आरोप लगाया है कि IRGC ने सरकार के बड़े हिस्से पर पूरी तरह कब्जा कर लिया है और युद्ध में राष्ट्रपति और दूसरे शीर्ष मंत्रियों को जरूरी फैसले लेने के अधिकार से भी दूर कर दिया गया है।
रिपोर्ट में एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से दावा किया गया है कि राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और IRGC के प्रमुख के बीच पिछले कई हफ्तों से गंभीर विवाद चल रहा था। पेजेशकियन इस बात से बेहद नाराज हैं कि जिस तरह से सेना इस युद्ध को और लंबा खींच रही है, ईरान की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो रही है और आम जनता बेहद परेशान है। रिपोर्ट में आगे बताया गया कि पेजेशकियन ने अपनी चिट्ठी में साफ लिखा कि ऐसी दबाव वाली परिस्थितियों में वे सरकार चलाने या अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को पूरा करने में पूरी तरह असमर्थ हैं, इसलिए उन्हें पद से हटा दिया जाए।
क्या बोला ईरान?
ईरान ने फिलहाल इन खबरों को खारिज कर दिया है। ईरान के राष्ट्रपति कार्यालय ने इन दावों को तेहरान को बदनाम करने की कोशिश बताया है। राष्ट्रपति कार्यालय के सूचना विभाग के प्रमुख सैयद मेहदी तबातबाई ने एक बयान में कहा, “विदेशी नेटवर्क्स मनगढ़ंत अफवाह फैला रहे हैं। यह हकीकत नहीं, बल्कि ख्याली पुलाव है। राष्ट्रपति पेजेशकियन जनता की सेवा के रास्ते से पीछे नहीं हटेंगे। जो लोग ईरान की एकता को तोड़ना चाहते हैं, वे अपनी इस इच्छा को अपने साथ सीधे कब्र में लेकर जाएंगे।”
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







