Home LIFESTYLE NEWS HINDI रात के बचे 2 कटोरी चावल से बनाएं आधा किलो स्वादिष्ट बर्फी,...

रात के बचे 2 कटोरी चावल से बनाएं आधा किलो स्वादिष्ट बर्फी, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रात के बासी चावल बच जाते हैं और फिर उन्हें फेंकना पड़ता है तो अब ऐसा न करें। बचे हुए चावल से आप स्वादिष्ट बर्फी बनाकर खा सकते हैं। चलिए आपको सिंपल राइस बर्फी बनाने की रेसिपी बताते हैं।

रात में अक्सर चावल बच जाते हैं और फिर अगल दिन उन्हें बासी खाना पड़ता है। अगर बासी नहीं खाते हैं, तो फिर उन्हें फेंकना ही पड़ता है। ज्यादा बासी होने पर चावल खाया भी नहीं जाता वरना वह कड़ा हो जाता है। ऐसे में बचे हुए चावलों का क्या किया जाए, ये तरीका हर महिला खोजती है। कई घरों में बचे चावल को फ्राई करके खा लिया जाता है लेकिन आप इस बार चावल की बर्फी बना सकते हैं। जी हां, बचे हुए चावलों से स्वादिष्ट बर्फी बनाएं और उसे खाएं। मुंह में बर्फी की मिठास घुलेगी लेकिन लगेगा नहीं कि इसे चावल से बनाया गया है। चलिए आपको 2 कटोरी चावल से आधा किलो बर्फी बनाने की पूरी रेसिपी बताते हैं।

बर्फी बनाने के लिए क्या चाहिए

2 कटोरी पके हुए चावल

200 ग्राम मावा

ढाई सौ ग्राम दूध

100–120 ग्राम चीनी

2 चम्मच घी

50 ग्राम नारियल पाउडर

इलायची पाउडर ½ छोटा चम्मच

कटे हुए काजू-बादाम 30–40 ग्राम

बचे हुए चावल से बर्फी बनाने की फुल रेसिपी

  • 1. सबसे पहले चावल को मिक्सर में डालकर 2-3 चम्मच दूध के साथ पीस लें। इस पेस्ट को ज्यादा पतला या महीन न करें।
  • 2. कड़ाही में 1 चम्मच घी डालकर चावल की पेस्ट को 5–7 मिनट धीमी-मध्यम आंच पर भून लीजिए। ऐसा करने से सोंधापन आएगा और मिश्रण पक जाएगा।
  • 3. जब पकता हुआ मिश्रण गाढ़ा हो जाए, तब आप इसमें बाकि दूध डालकर लगातार चलाते जाएं।
  • 4. अब इसमें इसमें मावा, चीनी और नारियल डालें। फिर इसे लगातार चलाते रहें, जिससे आपका पेस्ट कड़ाही में चिपके नहीं।
  • 5. जब मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगे और एक साथ इकट्ठा होकर आटे जैसा दिखने लगे, तब बचा हुआ घी और इलायची डालें।
  • 6. इसके बाद आपको एक थाली या प्लेट में हल्का सा घी लगाना है और उसमें बर्फी को बिछाना है। ऊपर से मेवे डाल दीजिए और फ्रिज में रखकर हल्का ठंडा करें। फिर बर्फी की शेप में काट लीजिए।
  • 7. किसी डिब्बे या फिर इसी प्लेट में रखते हुए फ्रिज में 2-3 घंटे के लिए छोड़ दें। बस आपकी चावल की बर्फी बनकर तैयार हो जाएगी, खुद भी खाएं और दूसरों को खिलाएं।

रेसिपी से जुड़े खास टिप्स

अगर चावल ज्यादा गीले बने हुए हैं, तो कम ही दूध के साथ ग्राइंड करें। कम गीले चावलों से बर्फी अच्छी बनेगी। बर्फी का मिश्रण पकाते समय लगातार चलाते रहें, ताकि वह कड़ाही में चिपके नहीं। मिश्रण को अच्छी तरह गाढ़ा होने के बाद ही ट्रे में फैलाएं, तभी बर्फी आसानी से सेट होकर सही शेप में कटेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN