Home Latest news ताज़ा खबर ‘रामायण’ के सेट पर कैसा होता था माहौल? ‘विश्वामित्र’ बने अजिंक्य देव...

‘रामायण’ के सेट पर कैसा होता था माहौल? ‘विश्वामित्र’ बने अजिंक्य देव ने खोले राज

6
0

Source :- INDIATV NEWS

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। फिल्म को रिलीज हुए 15 दिन हो गए हैं और अभी भी इसकी रफ्तार अभी भी धीमी नहीं पड़ी है। 15 दिनों में ‘रामायण’ 1500 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। इस फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के साथ कई अलग-अलग बैकग्राउंड के कलाकारों ने भी अभिनय किया है। वहीं पर्दे के पीछे कलाकारों के बीच की आपसी बॉन्डिंग को लेकर भी लोगों में काफी उत्सुकता है। इस बीच इंडिया टीवी के साथ एक खास बातचीत में, फिल्म में ऋषि विश्वामित्र का किरदार निभाने वाले अजिंक्य देव ने मुख्य कलाकारों के साथ काम करने के अपने अनुभव, सेट के माहौल और उस सह-कलाकार के बारे में बात की, जिसके साथ उनकी सबसे अच्छी बॉन्डिंग रही।

‘रामायण’ के सेट पर कैसा होता था माहौल?

अजिंक्य देव ने ‘रामायण’ के सेट के माहौल के बारे में बात करते हुए कहा, ‘सेट पर किसी भी तरह की फालतू की मस्ती-मजाक नहीं होता था, क्योंकि नितेश सर जब भी सेट पर आते थे, शॉट के लिए पूरी तरह तैयार रहते थे। शॉट्स के बीच हम सबको जो समय मिलता था, उसमें हम अपने किरदार के बारे में या इधर-उधर की कुछ बातें कर लेते थे। लेकिन, हम कभी भी अपने निभाए जा रहे किरदार से बाहर नहीं निकलते थे।’

तैयार होने में लग जाते थे 2 घंटे

अजिंक्य देव कहते हैं, ‘मेरी दाढ़ी थी, इसलिए मुझे तैयार होकर सेट पर आने में लगभग दो घंटे लग जाते थे। बेशक, सेट पर सब कुछ बढ़िया था, AC वगैरह भी था, लेकिन एक बार जब आप कॉस्ट्यूम पहन लेते हैं, तो बस इतना ही होता था कि हम एक-दूसरे से पूछ लेते थे- ‘अरे यार, आज तुम कैसे लग रहे हो? आज एक्सरसाइज कहां की? आज क्या-क्या किया?’ बस ऐसी ही कुछ बातें हम आपस में करते थे। बाकी सब लोग अपने-अपने काम पर पूरा फोकस रखते थे। और मुझे लगता है कि पूरे सेट का माहौल बहुत पवित्र था, और हर काम को करने में एक तरह की शुद्धता थी।’

नितेश तिवारी के साथ काम करने का अनुभव

नितेश तिवारी के साथ काम करने का अनुभव साझा करते हुए अजिंक्य कहते हैं, ‘और नितेश… सेट पर तो आप शायद ही उन पर ध्यान दे पाते, क्योंकि वह बहुत ही शांत स्वभाव के हैं और सेट पर भी वह शांत ही रहते थे। इसलिए, वहां किसी भी तरह का शोर-शराबा या चिल्ला-चोट नहीं होती थी। कुल मिलाकर, सेट पर काम करने का अनुभव बहुत शानदार रहा।’

अजिंक्य देव की ‘रामायण’ के सेट पर सबसे अच्छी बॉन्डिंग किसके साथ रही?

अजिंक्य से जब पूछा गया कि शूटिंग के दौरान उनकी सबसे अच्छी बॉन्डिंग किसके साथ रही, तो उन्होंने बताया कि लक्ष्मण का किरदार निभा रहे रवि दुबे के साथ उनकी सबसे अच्छी बॉन्डिंग रही। उन्होंने रणबीर कपूर, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा ​​के साथ अपने संबंधों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि मेरी सबके साथ अच्छी बॉन्डिंग रही, खासकर लक्ष्मण (रवि दुबे) के साथ। रवि के साथ… मतलब, हम सेट के बाहर भी कई बार मिले। हमारी काफी मुलाकातें हुईं, इसलिए हमारी बॉन्डिंग बहुत अच्छी हो गई। रणबीर कपूर के साथ भी मेरी अच्छी बॉन्डिंग रही, लेकिन जाहिर सी बात है कि वह इस फिल्म के अलावा भी काफी व्यस्त रहते हैं, क्योंकि वह कई और फिल्मों पर काम कर रहे हैं। लेकिन रवि, नितेश जी और नमित, जो कि लंबे समय से मेरे बहुत करीबी दोस्त हैं, इन सबके साथ मेरा बहुत अच्छा तालमेल रहा। हम सबके बीच एक बहुत अच्छी दोस्ती बन गई थी।’

ये भी पढ़ेंः धनुष के बहुत बड़े फैन हैं अमिताभ बच्चन, साउथ सुपरस्टार की एक्टिंग ही नहीं डांस के भी हैं दीवाने, तारीफ में पढ़े कसीदे

Latest Bollywood News

SOURCE : INDIATV NEWS