Home Latest news ताज़ा खबर ‘हिंदू एकता के लिए गोली खाने को तैयार’, कुंडा में बोले- धीरेंद्र...

‘हिंदू एकता के लिए गोली खाने को तैयार’, कुंडा में बोले- धीरेंद्र शास्त्री, कहा- ‘कथा रोकने वालों की ठठरी बंध गई’

3
0

Source :- INDIATV NEWS

कुंडा में राम कथा के आखिरी दिन धीरेंद्र शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर ने अखिलेश यादव का बिना नाम लिए बड़ा हमला बोला। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कथा रोकने वालों की ठठरी बंध गई। दो दिन पहले गोपाष्टमी थी। जो कृष्ण भक्त बने थे, गोपाष्टमी में गौ पूजन नहीं किया। कुछ लोग हिंदुओं को आपस में लड़वाना चाहते हैं। कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हिंदू एकता के लिए वे गोली खाने को तैयार हैं। 

वहीं, कार्यक्रम के आखिरी दिन कथा के आयोजक और कुंडा के विधायक राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री के विरोधियों पर बड़ा हमला बोला। राजा भैया ने कहा कुछ लोग हिंदुओं में डिवाइड एंड रूल करना चाहते हैं। बाबा हिंदुओं को जोड़ते हैं। इसलिए उन पर हमले होते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग नहीं चाहते हिंदू एक हो। अंग्रेजों ने डिवाइड एंड रूल किया था। आज भी कुछ लोग डिवाइड एंड रूल कर रहे हैं।

हिंदुओं से एकजुट होने की अपील

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि क्या राजा और क्या प्रजा, एक जगह बैठकर एक साथ… हम सभी हिंदू एक हैं। जात-पात की करो विदाई, हम सभी हिंदू भाई-भाई। पहले ही दिन वाल्मीकि समाज की आरती से ये संदेश आ गया। हर वर्ग के लोग, हर प्रकार के लोग इस कथा में, इस उत्सव में सम्मिलित हुए। राम कथा का ये आयोजन कुंडा, प्रतापगढ़ में बहुत ही भव्य तरीके से संपन्न हुआ। भगवान की ऐसी कृपा रही। सभी अतिथिगणों को बहुत-बहुत साधुवाद। कुंडा से जाते वक्त धीरेंद्र शास्त्री ने सबसे गंभीर और सबसे बड़ा मुद्दा उठाया। सनातनियों की एकता का। उन्होंने साफ कहा कि देश को बचाने के लिए अब सनातनियों को एक होना ही पड़ेगा।

बाबा बागेश्वर ने कहा कि सिर्फ एक मैसेज है हमारा, सीधा-साधा। देश को बचाने के लिए हम सनातनियों को एक होना पड़ेगा। सनातनी बचेगा तो देश बचेगा। सनातनी बचेगा तो धर्म बचा रहेगा। सनातनी बचेगा तो ही संविधान की रक्षा होगी। वरना विदेशी ताकतें देश को तोड़ने में, हिंदुओं को तोड़ने में, हिंदुओं को लड़ाने में, हिंदुओं को गिराने में लगी हुई हैं। हम सब सनातनियों का संकल्प है कि हम सब एक रहेंगे। 

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

 इसी दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर भी इशारों-इशारों में पलटवार किया। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण को लेकर दिए गए बयान और सीएम योगी पर निशाना साधने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हम राजनीतिक बयान इसलिए नहीं देते कि इस देश में कानून के आधार पर, संविधान के बल के कारण किसी की भी ये सामर्थ्य नहीं है कि कहीं पर भी कथा रोकी जाएगी। इतना विरोध होने का सबसे बड़ा कारण यही है।

धीरेंद्र शास्त्री को अपनी कार में बैठाकर हेलीपैड तक ले गए राजा भैया

बता दें कि कुंडा में पिछले चार दिनों से चल रही श्री राम कथा का आज समापन हुआ। हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस कथा में शामिल हुए। समापन के बाद का नजारा सबसे खास रहा। कुंडा के विधायक राजा भैया ने खुद कार चलाई और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री को हेलीपैड तक छोड़ने गए। रास्ते भर लोगों ने फूल बरसाकर बाबा का स्वागत किया। हेलीपैड पर राजा भैया ने बाबा को भावुक विदाई दी। इस दौरान राजा भैया और बाबा के बीच काफी देर तक बातचीत भी हुई। इससे पहले धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि पहले यज्ञ में हड्डियां डालते थे राक्षस, अब सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हैं।

रिपोर्टः बृजेश मिश्रा

ये भी पढ़ेंः कुंडा में बाबा बागेश्वर की कथा सुनने पहुंचे पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी, राजा भैया ने की मुलाकात

7 किलो सोना पहनकर धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा में पहुंचा ‘गोल्डमैन ऑफ बिहार’, साथ में 24 कैरेट की गोल्डन बुलेट!

SOURCE : INDIATV NEWS