Source :- LIVE HINDUSTAN
कई बार गैस बंद होने के बाद भी लीकेज हो सकती है। ये लीकेज रेगुलेटर और पाइप के ज्वाइंट के पास होती है और इतनी धीरे-धीरे होती है कि कई बार पता भी नहीं चलता। ऐसे में ये 1 टेस्ट आपको हर महीने जरूर करना चाहिए।
आजकल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल लगभग हर घर में होता है। इसलिए इससे जुड़ी सावधानी की बातें भी लोग समझते हैं। जैसे, हर कोई जनता है कि खाना बनाने के बाद गैस का रेगुलेटर बंद कर देना चाहिए। इससे गैस लीकेज नहीं होती और किसी भी दुर्घटना के होने की संभावना भी कम हो जाती है। लेकिन क्या इतना काफी है? कई बार रेगुलेटर और पाइप के ज्वाइंट से भी गैस लीक होती है। ये इतनी धीरे-धीरे होती है कि कई बार पता भी नहीं चलता। ऐसे में लोगों को लगता है कि रेगुलेटर बंद कर दिया है तो सब सेफ ही होगा, लेकिन ऐसा नहीं होता। कई बार इसके बावजूद भी धीरे-धीरे गैस लीक हो रही होती है। इसे चेक कैसे करना है, आइए जानते हैं-
साबुन और पानी से चेक करें गैस लीकेज
गैस सिलेंडर के रेगुलेटर और पाइप के ज्वाइंट के आसपास काफी धीरे-धीरे गैस का रिसाव शुरू हो सकता है। ये नॉर्मली कई बार पता भी नहीं चलता। ऐसे में आप साबुन और पानी वाला ये सिंपल सा टेस्ट कर सकते हैं। इसके लिए आपको एक कटोरी पानी में थोड़ा सा लिक्विड साबुन या डिटर्जेंट मिलाकर एक घोल बना लेना है। अब इस घोल को रेगुलेटर और पाइप के ज्वाइंट के आसपास लगा लें।
कैसे पता चलेगी गैस की लीकेज?
अगर साबुन-पानी लगाने पर लगातार बुलबुले बन रहे हैं और गैस की हल्की गंध महसूस हो रही है, तो इसका साफ मतलब है कि उस ज्वाइंट से गैस लगातार लीक हो रही है। वहीं बुलबुले ना बनने का मतलब है कि उस जगह पर कोई स्पष्ट लीकेज नजर नहीं आ रही है।
महीने में एक बार जरूर करें ये टेस्ट
रेगुलेटर बंद करने के बाद भी अगर आपको हल्की गैस की गंध महसूस होती है, तो तुरंत के साबुन पानी वाला टेस्ट करें। इससे लीकेज का स्पष्ट पता चल जाएगा। लेकिन सुरक्षा के लिहाज से भी आपको महीने में कम से कम एक बार रेगुलेटर और पाइप के ज्वाइंट पर ये टेस्ट जरूर कर के देख लेना चाहिए। कई बार गैस की लीकेज काफी धीरे-धीरे हो रही होती है, जो इस आसन टेस्ट के बाद पता लगाई जा सकती है।
पाइप की जांच भी है जरूरी
गैस लीकेज की आशंका होने पर रेगुलेटर और पाइप के ज्वाइंट के अलावा, गैस पाइप की स्थिति पर भी ध्यान दें। कई बार पुराना होने की वजह से पाइप में किसी तरह की टूट-फूट और दरार भी हो सकती है। ऐसा होने पर खुद गैस का पाइप चेंज करने के बजाए गैस तकनीशियन की मदद लें।
गैस लीकेज जांच करते हुए ना करें ये गलती
कई बार लोग गैस लीकेज चेक करने के लिए माचिस या लाइटर का भी इस्तेमाल करते हैं, जो सेफ नहीं है। कई बार छोटी सी लीकेज भी आग पकड़ सकती है और बड़ा हादसा हो सकता है। साथ ही लीकेज मिलने पर खुद ही गैस के पाइप या रेगुलेटर को फिक्स करने की कोशिश ना करें। इसके लिए गैस तकनीशियन की मदद लेना सबसे सुरक्षित और सही तरीका है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



