Home LIFESTYLE NEWS HINDI शाम की भूख मिटाने के लिए परफेक्ट स्नैक है हनी चिली मखाना,...

शाम की भूख मिटाने के लिए परफेक्ट स्नैक है हनी चिली मखाना, मिनटों में करें तैयार

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मखाना सेहत के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद होता है। शाम की भूख को शांत करने के लिए अगर आप कुछ हेल्दी और टेस्टी खाना चाहते हैं तो मखाने से हनी चिली मखाना बनाकर तैयार कर सकते हैं। 

अगर आप रोजाना के स्नैक्स से बोर हो गए हैं और कुछ नया, चटपटा और कुरकुरा खाना चाहते हैं, तो हनी चिली मखाना एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। मखाने से तैयार यह स्नैक स्वाद और क्रंच का ऐसा कॉम्बिनेशन है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकता है। इसमें शहद की हल्की मिठास और चिली का तीखापन एक अलग ही जायका लेकर आता है। खास बात यह है कि हनी चिली मखाना शाम की चाय के साथ परोसने से लेकर शाम की छोटी भूख मिटाने तक के लिए अच्छा ऑप्शन है। अगर घर पर मेहमान आने वाले हैं या वीकेंड पर कुछ अलग खाने का मन है, तो यह स्नैक आपके मेन्यू में शामिल किया जा सकता है। इसका मीठा-तीखा स्वाद इसे आम स्नैक्स से थोड़ा अलग बनाता है। यहां सीखिए हनी चिली मखाना की रेसिपी-

हनी चिली मखाना बनाने के लिए आपको चाहिए

-मखाना

-मूंगफली

-कद्दू के बीज

-सूरजमुखी के बीज

-काजू

-बादाम

-शहद

-लाल मिर्च पाउडर

-नमक

-भुने हुए तिल

हनी चिली मखाना और नट्स बनाने की विधि

1) मखाना और नट्स को भूनें- इस टेस्टी स्नैक्स को बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही को धीमी से मीडियम आंच पर गर्म करें। इसमें मखाना डालकर लगातार चलाते हुए कुरकुरा होने तक भून लें। इसके बाद मूंगफली, कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज, काजू और बादाम को भी अलग-अलग या एक साथ हल्का सुनहरा और क्रंची होने तक भूनें। ध्यान रखें कि बीज और नट्स जलने न पाएं। सभी भुनी हुई चीजों को एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें।

2) हनी चिली का मिक्स तैयार करें- अब उसी कड़ाही में थोड़ा घी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें। इसमें लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें। इसके बाद शहद डालकर अच्छी तरह मिलाएं। ध्यान रखें कि शहद को बहुत तेज आंच पर न पकाएं, वरना इसका स्वाद और टेक्सचर बदल सकता है। अब इसमें भुने हुए तिल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।

3) मखाना और नट्स मिलाएं- तैयार हनी चिली मिश्रण में भुने हुए मखाने, मूंगफली, कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज, काजू और बादाम डाल दें। अब हल्के हाथों से सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि शहद और मसालों की कोटिंग हर मखाने और नट्स पर समान रूप से लग जाए।

4) मिक्स को ठंडा होने दें- अब एक बड़ी प्लेट या ट्रे पर पार्चमेंट पेपर यानी बटर पेपर बिछाएं। तैयार हनी चिली मखाना और नट्स के मिक्स को इस पर फैलाकर अलग-अलग कर दें। इसे कमरे के तापमान पर पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद मखाना और नट्स अच्छी तरह क्रिस्पी हो जाएंगे।

5) स्टोर करें और सर्व करें- जब मिक्स पूरी तरह ठंडा हो जाए, तो इसे एक साफ और एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख दें। इसे शाम की चाय या कॉफी के साथ स्नैक के तौर पर सर्व करें। मीठे, तीखे और कुरकुरे स्वाद वाला हनी चिली मखाना और नट्स हर किसी को जरूर पसंद आएगा।

नोट- स्नैक को लंबे समय तक कुरकुरा बनाए रखने के लिए डिब्बे में भरने से पहले यह जरूर सुनिश्चित करें कि मिक्स पूरी तरह ठंडा और नमी रहित हो।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN