Source :- LIVE HINDUSTAN
बाजार में दो तरह के घी मिलते हैं, सफेद घी और पीला घी। सफेद घी भैंस के दूध से बनता है, वहीं पीला घी गाय के दूध से बनाया जाता है। अब सवाल है कि इनमें से ज्यादा फायदेमंद कौन सा है? आइए जानते हैं आपको किस रंग का घी लेना चाहिए।
भारतीय रसोई में देसी घी का इस्तेमाल खूब होता है। ये खाने में सिर्फ स्वाद ही नहीं जोड़ता, बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। बड़े-बुजुर्ग अक्सर रोटी पर या दाल में घी डालकर खाने की सलाह देते हैं। आज मॉडर्न साइंस का भी कहना है कि घी हेल्दी फैट्स का सोर्स है और इसमें कई विटामिन्स और मिनरल्स भी पाए जाते हैं। आमतौर पर मार्केट में दो तरह के घी मिलते हैं, सफेद घी और पीला घी। सफेद घी भैंस के दूध से बनता है, वहीं पीला घी गाय के दूध से बनाया जाता है। अक्सर लोग सवाल करते हैं कि इन दोनों में से कौन सा घी खाना ज्यादा फायदेमंद है। अब हर किसी के लिए इसका जवाब अलग हो सकता है, क्योंकि हमारे शरीर की जरूरतें अलग होती हैं। तो चलिए जानते हैं आपको अपने लिए कौन सा घी चुनना चाहिए।
सफेद घी खाने के क्या फायदे हैं?
भैंस के दूध से बने घी का रंग आमतौर पर सफेद होता है। इसमें फैट की मात्रा भी ज्यादा होती है, इसलिए कमजोरी और वजन बढ़ाने के लिए सफेद घी खाने की सलाह दी जाती है। फैट के अलावा सफेद घी में मैग्नीशियम, कैल्शियम और फॉस्फोरस जैसे तत्व भरपूर होते हैं, जो हड्डियों और मांसपेशियों के लिए फायदेमंद होते हैं। जो लोग ज्यादा शारीरिक गतिविधि करते हैं या वजन बढ़ाने की सोच रहे हैं, उनके लिए सफेद घी खाना सही होता है।
गाय का घी खाने के क्या फायदे हैं?
गाय के दूध में बीटा-कैरोटीन नाम का एक पिगमेंट पाया जाता है, जिस वजह से घी को पीला रंग मिलता है। गाय का घी पचाने में आसान होता है और इसमें सफेद घी की तुलना में फैट भी थोड़ा कम होता है, इसलिए सीमित मात्रा में खाने से वेट मैनेजमेंट में भी हेल्प मिल सकती है। गाय के घी में A2 प्रोटीन भी मौजूद होता है, जो भैंस के दूध में नहीं मिलता। इसके साथ ही इसमें कई तरह के विटामिन्स और मिनरल्स भी पाए जाते हैं।
दोनों में से कौन सा घी ज्यादा फायदेमंद है?
सफेद घी और पीला घी, दोनों ही सेहत के लिए फायदेमंद हैं। दोनों में फैट की मात्रा लगभग बराबर होती है, लेकिन अगर आप वजन घटने की कोशिश कर रहे हैं तो गाय का बेहतर हो सकता है। ये पचाने में भी आसान होता है। वहीं अगर आप वजन बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं या काफी शारीरिक मेहनत का काम करते हैं, तो भैंस का घी अच्छा विकल्प हो सकता है।
कौन सा घी कोलेस्ट्रॉल बढ़ाता है?
अगर आपका कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ा हुआ है, तो दोनों तरह के घी का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। दरअसल घी में सैचुरेटेड फैट होता है, जो खराब कोलेस्ट्रॉल को बढ़ा सकता है। हालांकि घी को पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं है।
मात्रा का ध्यान रखना है सबसे जरूरी
आप कोई भी घी खा रहे हों, उसकी मात्रा का ध्यान रखना सबसे जरूरी है। ऐसा नहीं कि गाय का घी खाने से वजन नहीं बढ़ेगा। अगर सीमित मात्रा में खाया जाए, तो ये फैट के ब्रेकडाउन में मदद कर सकता है। वहीं ज्यादा खाने पर मोटापे और कोलेस्ट्रॉल को भी बढ़ा सकता है।
कुकिंग के लिए कौन सा घी बेहतर है?
अगर आप मिठाई, हलवा या लड्डू बनाने के लिए घी ले रहे हैं, तो सफेद घी लेना बेहतर है। इसका टेक्चर ज्यादा थिक और क्रीमी होता है इसलिए कम घी में ही बढ़िया स्वाद आ जाता है। वहीं रोजाना की दाल, रोटी या खिचड़ी में डालकर खाना है तो पीला घी बेहतर है।
(Images Credit- Pinterest)
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



