Source :- LIVE HINDUSTAN
Cooking Tips: पूड़ी बनाने में अक्सर बहुत सारा तेल लग जाता है। ऐसे में ये हैक आपको जरूर जान लेना चाहिए। इस तरीके से आप महज 5-6 चम्मच तेल में ही खूब सारी फूली-फूली पूड़ी बना सकते हैं। पूड़ी एकस्ट्रा तेल भी नहीं सोखेगी और खूब टेस्टी बनेगी।
गरमा-गरम पूड़ियां भला किसे पसंद नहीं। रोटी-पराठे से अलग हटकर कुछ स्पेशल खाने का मन हो, तो घर में अक्सर पूड़ी ही बनती है। वैसे तो रोटी से ज्यादा आसान पूड़ी बनाना है, लेकिन इनमें काफी सारा तेल खर्च हो जाता है। अक्सर लोग बड़ी सी कढ़ाही में खूब सारा तेल भरते हैं, फिर पूड़ी तलना शुरू कर देते हैं। इससे पूड़ी ज्यादा तेल भी सोखती है और फिर जो बाकी का तेल बच जाता है, वो खराब ही होता है। इसे ज्यादा इस्तेमाल में लाना सेहत के हिसाब से भी ठीक नहीं माना जाता। ऐसे में ये हैक आपके बड़े काम आ सकता है। खासकर अगर आप दो तीन लोगों के लिए ही पूड़ी बना रहे हैं, तो इस हैक से काफी सारा तेल बचा सकते हैं। कम तेल में भी काफी फूली-फूली और टेस्टी पूड़ी बनकर तैयार होंगी। आइए जानते हैं कैसे-
पूड़ी तलने के लिए छोटी कढ़ाई या तड़का पैन का इस्तेमाल करें
पूड़ी तलने के लिए अक्सर हम बड़ी कढ़ाही इस्तेमाल करते हैं, जिसमें तेल भी ज्यादा डालना पड़ता है। ऐसे में अगर आप कम लोगों के लिए पूड़ी तल रहे हैं, तो एक छोटी कढ़ाही या तड़का सॉसपैन यूज कर सकते हैं। इसमें कम तेल में भी पूड़ी अच्छी तरह फूलती है और सही से फ्राई भी हो जाती है।
सिर्फ 5-6 चम्मच तेल में बन सकती है पूड़ी
आमतौर पर जब हम पूड़ी तलते हैं तो कढ़ाही में लगभग 400-500 ml तेल एक बार में डाला जाता है। ये तेल पूड़ी तलने के बाद ज्यादा इस्तेमाल में भी नहीं लाया जा सकता है और पूड़ी भी काफी तेल सोख लेती हैं। ऐसे में अगर आप छोटा तड़का सॉसपैन ले रहे हैं, तो उसमें सिर्फ 5 से 6 चम्मच के करीब तेल डालें। इसकी तली गहरी होती है, जिस वजह से कम तेल में ही पूड़ी अच्छी तरह फूलकर फ्राई हो जाती है।
ये ट्रिक किन लोगों के लिए बेस्ट है?
अगर आप ज्यादा लोगों के लिए पूड़ी फ्राई कर रहे हैं, तो ये ट्रिक आपके लिए उतनी इफेक्टिव नहीं होगी। लेकिन हां, अगर सिर्फ 2 से 3 लोगों के लिए पूड़ी बनानी है, तो इसे जरूर ट्राई करें। कम तेल में फूली-फूली और बिल्कुल परफेक्ट पूड़ी बनती हैं। इस छोटे से हैक से आप आराम से 400-500 ml तेल बचा सकते हैं।
पूड़ी कम तेल सोखे इसके लिए जरूरी टिप्स
पूड़ी तलते हुए तेल का सही तापमान काफी मायने रखता है। अगर आप ठंडे तेल में पूड़ी डाल देंगे तो वो ज्यादा तेल सोखेगी और क्रिस्पी भी नहीं बनेगी। वहीं तेल अगर ज्यादा गर्म हुआ तो पूड़ी जल्दी जल सकती हैं। इसलिए हमेशा तेल को मीडियम गर्म होने दें, फिर एक-एक कर के पूड़ी फ्राई करें। कुछ लोग तेल में चुटकी भर नमक भी डालते हैं, इससे भी पूड़ी काफी कम तेल एब्जॉर्ब करती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




