Source :- LIVE HINDUSTAN
अगर आपके बाल रूखे, बेजान या जल्दी टूटने लगते हैं, तो दही-चावल का घरेलू हेयर मास्क मददगार साबित हो सकता है। यह बालों को पोषण देने के साथ उन्हें मुलायम, चमकदार और मजबूत बनाने में सहायक है।
बदलता लाइफस्टाइल, बढ़ता प्रदूषण, धूल-मिट्टी और बार-बार हेयर स्टाइलिंग टूल्स का इस्तेमाल बालों की चमक और मजबूती को धीरे-धीरे कम कर देता है। ऐसे में बाल रूखे, बेजान और कमजोर दिखने लगते हैं। अगर आप भी मुलायम, घने और चमकदार बालों की चाह रखते हैं, तो घरेलू नुस्खे आपकी मदद कर सकते हैं।
दही और चावल से तैयार किया गया हेयर मास्क बालों को गहराई से पोषण देने का एक आसान और किफायती तरीका है। यह मास्क बालों को नमी देने, उन्हें मुलायम बनाने और उनकी नेचुरल शाइन वापस लाने में मदद करेगा। अच्छी बात यह है कि इसे घर में मौजूद चीजों से आसानी से बना सकते हैं।
दही बालों के लिए
दही में प्रोटीन, कैल्शियम और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बालों को पोषण देते हैं। यह स्कैल्प को नमी देने के साथ रूखेपन को कम करने में भी सहायक है। दही लगाने से बाल ज्यादा मुलायम और चमकदार होंगे।
चावल बालों के लिए
चावल बालों को मजबूत बनाने और उनकी बनावट सुधारने में मदद करते हैं। चावल से बना लेप बालों पर एक हल्की परत बनाता है, जिससे बाल कम उलझते हैं और उनमें नेचुरल शाइन नजर आती है।
हेयर मास्क के लिए जरूरी सामग्री
एक कटोरी उबले हुए चावल
आधी कटोरी दही
दो चम्मच एलोवेरा जेल
एक चम्मच नारियल तेल
इन सभी चीजों को मिक्सर में डालकर अच्छी तरह पीस लें और महीन पेस्ट तैयार कर लें।
बालों में लगाने का सही तरीका
सबसे पहले बालों को सुलझा लें। अब तैयार पेस्ट को बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक अच्छी तरह लगाएं। इस बात का ध्यान रखें कि मास्क पूरे बालों में समान रूप से लगे। मास्क लगाने के बाद बालों को हल्के से बांध लें और करीब 40 से 45 मिनट तक लगा रहने दें। तय समय के बाद सामान्य पानी से बाल धो लें और फिर हल्के शैंपू का इस्तेमाल करें।
दही-चावल हेयर मास्क लगाने के फायदे
- रूखेपन को कम करता है: अगर बाल बहुत ज्यादा सूखे और बेजान हैं, तो यह मास्क उन्हें मुलायम बनाने में मदद करता है।
- बालों की चमक बढ़ाने में सहायक: नियमित इस्तेमाल से बालों में चमक आएगी और वो ज्यादा हेल्दी नजर आएंगे।
- मजबूत बाल : यह मास्क कमजोर बालों को पोषण देकर टूटने की समस्या को कम करने में सहायक है।
- उलझे बालों के लिए: इस मास्क के इस्तेमाल के बाद बाल अधिक मुलायम महसूस होंगे जिससे उन्हें सुलझाना आसान हो जाता है।
ध्यान रखने वाली बातें
- इस मास्क का इस्तेमाल सप्ताह में एक या दो बार ही करें।
- अगर सिर की त्वचा पर किसी तरह की एलर्जी या इंफेक्शन है, तो पहले विशेषज्ञ की सलाह लें।
- बहुत ज्यादा गर्म पानी से बाल धोने से बचें, क्योंकि इससे बालों का रूखापन बढ़ सकता है।
- इसके अलावा कोई हेयर ट्रीटमेंट ले रहे हैं तो भी पहले एक्सपर्ट से सलाह ले लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



