Source :- LIVE HINDUSTAN
हिमाचली सिड्डू आमतौर पर आटे और स्वादिष्ट स्टफिंग से बनाए जाते हैं। अगर आप इस पारंपरिक डिश को थोड़ा और पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो आटे की जगह रागी का इस्तेमाल करके इसका हेल्दी ट्विस्ट ट्राई कर सकते हैं।
हिमाचल की कई पारंपरिक डिश अपने स्वाद के लिए काफी पसंद की जाती हैं और सिड्डू भी उन्हीं में से एक है। सिड्डू आमतौर पर आटे से तैयार किए जाते हैं और इनके अंदर अलग-अलग तरह की मजेदार स्टफिंग भरी जाती है। इन्हें भाप में पकाया जाता है, इसलिए इनका स्वाद बाकी कई नाश्ते से थोड़ा अलग होता है। अब अगर आप इस पारंपरिक डिश में हेल्दी ट्विस्ट देना चाहते हैं, तो आटे की जगह रागी का इस्तेमाल कर सकते हैं। चलिए जान लेते हैं रागी सिड्डू बनाने का तरीका –
रागी सिड्डू के लिए क्या-क्या चाहिए?
रागी सिड्डू बनाने के लिए आपको रागी का आटा, थोड़ा गेहूं का आटा, नमक और पानी चाहिए। अगर आप चाहें तो सिर्फ रागी के आटे से भी इसे बना सकते हैं, लेकिन शुरुआत में थोड़ा गेहूं का आटा मिलाने से आटा संभालना आसान रहता है।
स्टफिंग के लिए: नमकीन स्वाद के लिए दाल, सब्जियां, पनीर या मसालेदार भरावन ले सकते हैं। मीठे सिड्डू पसंद हैं तो अखरोट, बादाम, गुड़ और थोड़ा घी डालकर भी स्टफिंग तैयार कर सकते हैं।
- सबसे पहले तैयार करें रागी का आटा
एक बड़े बर्तन में रागी का आटा और थोड़ा गेहूं का आटा लें। इसमें स्वाद के हिसाब से नमक डालें। अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंध लें। आटा बहुत ज्यादा कड़ा नहीं होना चाहिए। इसे कुछ देर ढककर रख दें, ताकि बाद में सिड्डू बनाते समय इसे आसानी से आकार दिया जा सके।
- अब तैयार करें स्टफिंग
नमकीन सिड्डू के लिए आप दाल को हल्का उबालकर इसमें मसाले मिला सकते हैं। इसमें थोड़ा अदरक, हरी मिर्च, धनिया और अपनी पसंद के मसाले डालें। अगर सब्जियों वाली स्टफिंग बनानी है तो गाजर, पालक, शिमला मिर्च जैसी सब्जियों को हल्का भूनकर इस्तेमाल कर सकते हैं। आप चाहें तो पनीर की स्टफिंग भी बना सकते हैं। इसके लिए पनीर को कद्दूकस करके इसमें नमक, धनिया, हरी मिर्च और हल्के मसाले मिला दें।
- ऐसे भरें सिड्डू
अब आटे की छोटी लोई लें और इसे हाथ से थोड़ा फैलाएं। इसके बीच में तैयार स्टफिंग रखें और चारों तरफ से आटे को बंद कर दें। इसे हल्के हाथ से गोल आकार दें। ध्यान रखें कि स्टफिंग बाहर न निकले। इसी तरह सारे सिड्डू तैयार कर लें।
- सिड्डू को ऐसे पकाएं
सिड्डू को भाप में पकाया जाता है। इसके लिए स्टीमर या इडली बनाने वाले बर्तन का इस्तेमाल कर सकते हैं। बर्तन में पानी गर्म करें और उसके ऊपर सिड्डू रख दें। इन्हें करीब 12 से 15 मिनट तक भाप में पकाएं। जब सिड्डू अच्छी तरह पक जाएं तो इन्हें बाहर निकाल लें।
रागी से क्यों बनाएं सिड्डू?
रागी में फाइबर और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसे डाइट में शामिल करने से रोज के खाने में इन पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाने में मदद मिल सकती है। रागी पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में भी मदद कर सकती है, इसलिए इसे नाश्ते में शामिल करना अच्छा ऑप्शन हो सकता है।
किसके साथ खाएं रागी सिड्डू?
रागी सिड्डू को आप हरी चटनी, दही या अपनी पसंद की चटनी के साथ खा सकते हैं। अगर आपने मीठे सिड्डू बनाए हैं तो इन्हें थोड़ा घी डालकर भी खाया जा सकता है। इस तरह हिमाचली सिड्डू का पारंपरिक स्वाद बरकरार रखते हुए आप इसमें रागी का हेल्दी ट्विस्ट दे सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


