Home rss business hindi अडानी परिवार का एक बार फिर दबदबा… मुकेश अंबानी को झटका, स्टील...

अडानी परिवार का एक बार फिर दबदबा… मुकेश अंबानी को झटका, स्टील और AI ने बदली अमीरों की तस्वीर

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गौतम अडानी और उनके परिवार ने दौलत के मामले में एक बार फिर से मुकेश अंबानी परिवार को पछाड़ दिया है। M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक गौतम अडानी की संपत्ति 13% बढ़कर ₹9.23 लाख करोड़ हो गई जबकि अंबानी की संपत्ति 10% घटकर ₹8.63 लाख करोड़ रह गई। इस तरह अडानी परिवार और अंबानी परिवार की संपत्ति में करीब 59,400 करोड़ रुपये का अंतर हो गया है।

मित्तल परिवार की रैंकिंग में बड़ा उछाल

इस लिस्ट के अनुसार आर्सेलर-मित्तल के लक्ष्मी निवास मित्तल और उनका परिवार आठ पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर आ गया है। इस दौरान उनकी संपत्ति 93% बढ़कर ₹3.39 लाख करोड़ हो गई है। रिपोर्ट में इस बढ़ोतरी की वजह यूरोप के स्टील ट्रेड प्रोटेक्शन उपाय और क्षेत्रीय स्तर पर स्टील की कीमतों में मजबूती को बताया गया है।

वेदांता रिसोर्सेज के अनिल अग्रवाल और उनके परिवार अपनी संपत्ति में 87% की बढ़ोतरी के साथ 2.08 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचकर नौवें स्थान पर आ गया जबकि टोरेंट फार्मास्युटिकल्स के समीर मेहता और उनका परिवार 52% की बढ़ोतरी के बाद ₹1.89 लाख करोड़ की संपत्ति के साथ टॉप 10 में शामिल हो गया।

क्वांटम कंप्यूटिंग से पहली बार अरबपति

इस साल की सूची में टेक्नोलॉजी सेक्टर से भी नए नाम सामने आए हैं। बेंगलुरु की कंपनी QpiAi के नागेंद्र नागराजा पहले क्वांटम कंप्यूटिंग उद्यमी बने हैं। उनकी संपत्ति 1,700 करोड़ रुपये आंकी गई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI सेक्टर से 19 लोग सूची में शामिल हुए हैं, इनमें 15 नए नाम हैं। इन सभी की कुल संपत्ति 3.07 लाख करोड़ रुपये है। AI कंपनी Wispr फ्लो के 28 वर्षीय तनय कोठारी और सहज गर्ग भी 4,200-4,200 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सूची में शामिल हुए हैं।

रिच लिस्ट में 131 महिलाएं शामिल

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में 131 महिलाएं शामिल हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 100 थी। लिस्ट में शामिल 33 महिलाएं डॉलर-अरबपति हैं। रोशनी नादर मल्होत्रा ​​और उनका परिवार 2.79 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं। ओवरऑल रैंकिंग में वह पांचवें स्थान पर हैं। अरिस्टा नेटवर्क्स की जयश्री उल्लाल 77,400 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सबसे अमीर ‘सेल्फ-मेड’ महिला हैं। वह इस लिस्ट में सबसे अमीर प्रोफेशनल मैनेजर भी हैं।

इसके अलावा दुबई स्थित लैंडमार्क ग्रुप की रेणुका जगतियानी लिस्ट में शामिल होने वाली नई महिलाओं में सबसे ऊंची रैंक पर रहीं। 70,500 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ उन्होंने 36वें स्थान पर एंट्री की। भारत के बाहर रहने वाले लिस्ट में शामिल लोगों की संख्या बढ़कर 156 हो गई है। इनमें 90 लोग अमेरिका में और 31 लोग UAE में रहते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN