Source :- LIVE HINDUSTAN
WhatsApp की कुछ Privacy और Security Settings की मदद से माता-पिता बच्चों के अकाउंट को ज्यादा सुरक्षित बना सकते हैं। अनजान कॉल, ग्रुप, मेसेज और पर्सनल जानकारी से जुड़े जोखिम कम करने के लिए इन जरूरी Settings को चेक करें।
आज के समय में बच्चे पढ़ाई से लेकर दोस्तों और परिवार से बातचीत तक के लिए WhatsApp यूज करते हैं। हालांकि, मेसेजिंग ऐप पर अनजान लोगों के मेसेज, अनजान ग्रुप, मालिशियस लिंक और प्राइवेसी से जुड़ी परेशानियां बच्चों के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं। WhatsApp में कुछ ऐसी प्राइवेसी और सुरक्षा सेटिंग्स मौजूद हैं, जिनकी मदद से माता-पिता बच्चों के अकाउंट को ज्यादा सुरक्षित बना सकते हैं। अगर आपका बच्चा WhatsApp यूज करता है तो इन सेटिंग्स को जरूर चेक करें।
प्रोफाइल फोटो और पर्सनल जानकारी लिमिट करें
सबसे पहले WhatsApp की Privacy Settings में जाकर यह तय करें कि बच्चे की प्रोफाइल फोटो, About और Status कौन देख सकता है। इसके लिए WhatsApp खोलें और Settings > Privacy में जाएं। यहां Profile Photo, About और Status के ऑप्शंस मिलेंगे। इन्हें My Contacts या जरूरत के हिसाब से My Contacts Except.. पर सेट किया जा सकता है। इससे अनजान लोगों को बच्चे की पर्सनल जानकारी देखने से रोका जा सकता है।
अनजान नंबरों से आने वाली कॉल को साइलेंट करें
WhatsApp में अनजान नंबरों से आने वाली कॉल को साइलेंट करने का ऑप्शन भी मिलता है। इसके लिए Settings > Privacy > Calls में जाएं और Silence Unknown Callers को ऑन करें। इसके बाद अनजान नंबरों से आने वाली कॉल फोन पर सामान्य रिंग के साथ नहीं बजेंगी, हालांकि वे कॉल लिस्ट में दिखाई दे सकती हैं। यह बच्चों को स्पैम और अनजान कॉल से बचाने में मदद कर सकता है।
ग्रुप में कौन ऐड तक सकता है, यह तय करें
बच्चे को अनजान WhatsApp ग्रुप में जोड़ दिया जाना भी परेशानी की वजह बन सकता है। इसे कंट्रोल करने के लिए Settings > Privacy > Groups में जाएं। यहां My Contacts चुनने पर केवल सेव किए गए कॉन्टैक्ट ही बच्चे को सीधे ग्रुप में ऐड कर सकेंगे। अगर कोई ऐसा यूजर बच्चे को ग्रुप में ऐड करने की कोशिश करता है जो इसकी परमिशन नहीं रखता, तो उसे आम तौर पर इनवाइट के जरिए कॉन्टेक्ट करना होगा।
अनजान अकाउंट को ब्लॉक और रिपोर्ट करें
अगर किसी अनजान व्यक्ति की तरफ से बार-बार मेसेज आ रहे हैं या कोई मालिशियस लिंक भेजा जा रहा है, तो उस नंबर को ब्लॉक किया जा सकता है। चैट ओपेन कर कॉन्टैक्ट की जानकारी में जाएं और Block ऑप्शन चुनें। जरूरत पड़ने पर Report का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। बच्चों को यह भी समझाना जरूरी है कि अनजान लोगों के मेसेज, लिंक या फाइल पर बिना सोचे क्लिक ना करें।
लाइव लोकेशन और निजी जानकारी शेयर करने से बचें
माता-पिता को बच्चों को यह भी समझाना चाहिए कि WhatsApp पर घर का एड्रेस, स्कूल की जानकारी, फोन नंबर, पासवर्ड या दूसरी सेंसिटिव जानकारी अनजान लोगों के साथ शेयर ना करें। इसी तरह Live Location केवल भरोसेमंद लोगों के साथ और जरूरत होने पर ही शेयर करनी चाहिए।
टू-स्टेप वेरिफिकेशन जरूर ऑन करें
WhatsApp अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने के लिए Two-Step Verification को भी एक्टिवेट किया जा सकता है। इसके लिए Settings > Account > Two-step verification में जाकर इसे ऑन करें और एक PIN सेट करें। यह अकाउंट की सुरक्षा की एक एक्स्ट्रा लेयर ऑफर करता है। PIN किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहिए।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




