Home rss world hindi अफगानिस्तान में हिली धरती, हिंदुकुश क्षेत्र में 5.2 की तीव्रता से आया...

अफगानिस्तान में हिली धरती, हिंदुकुश क्षेत्र में 5.2 की तीव्रता से आया भूकंप

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अफगिस्तान में हिंदु कुश पर्वतीय क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इसकी तीव्रता 5.2 बताई गई है। अभी तक इस भूकंप की वजह से किसी तरह के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

अफगानिस्तान के हिंदुकुश क्षेत्र में 5.2 की तीव्रता से भूकंप आया है। यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक, इस भूकंप का केंद्र धरती से करीब 190 किलोमीटर की गहराई पर था। फिलहाल इसके असर की जानकारी सामने नहीं आई है। अफगानिस्तान में यह भूकंप ऐसे समय में आया है, जब तिब्बत के इलाके में पिछले कुछ समय से लगाातर धरती कांप रही है।

हाल में तिब्बत के ल्हासा में आए 7.0 की तीव्रता के भूकंप में 16 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 76 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इमारतों और घरों को काफी नुकसान पहुंचा था। सामने आई जानकारी के मुताबिक करीब 12,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। इस घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय अधिकारियों ने बताया की गुरुवार रात करीब 10.33 पर नागकू शहर की बाकेन काउंटी में यह भूकंप आया था। इसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था।

चीन एयरोस्पेस विज्ञान और प्रौद्योगिकी निगम (सीएएससी) ने शुक्रवार को बताया कि बचाव कार्यों में मदद के लिए चीन ने भूकंप प्रभावित इलाके में आपातकालीन संचार सुविधा देने और वहां की तस्वीरें लेने के लिए उपग्रहों और मानवरहित विमानों को तैनात किया है।

बता दें, तिब्बती पठार को भूकंप के खतरे के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यह क्षेत्र उस स्थान के ठीक ऊपर स्थित है, जहां यूरेशियाई एवं भारतीय टेक्टोनिक प्लेटें आपस में टकराती हैं, जिससे भूकंपीय कंपन पैदा होती है। ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, चीन ने भूकंप के बाद आपातकालीन आपदा राहत के लिए लगभग 75 लाख अमेरिकी डॉलर (पांच करोड़ युआन) आवंटित किए हैं और पुनर्वास कार्यों के लिए तीन करोड़ युआन की अतिरिक्त राशि निर्धारित की है।

इससे पहले आई खबरों के अनुसार, भूकंप में 330 से अधिक मकान ढह गए या क्षतिग्रस्त हो गए। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल लोगों की संख्या सहित 76 घायलों का विस्तृत ब्योरा तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका।

चाइना रेलवे छिंगहाई-तिब्बत ग्रुप कंपनी लिमिटेड ने बताया कि प्रभावित हिस्से में छिंगहाई-तिब्बत रेलवे पर यात्री ट्रेन का परिचालन शुक्रवार सुबह कम गति से फिर शुरू कर दिया गया। ‘स्टेट ग्रिड शिजांग इलेक्ट्रिक पावर कंपनी लिमिटेड’ ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे (स्थानीय समय) तक भूकंप प्रभावित बाकेन काउंटी में 1,937 घरों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की ओर से आवंटित राहत सामग्री भूकंप प्रभावित क्षेत्र में पहुंचने लगी है। इसमें पहले से तैयार 1,000 आवासीय इकाइयां, 3,239 तंबू, 2,821 तह किए जा सकने वाले बिस्तर और रजाइयां, स्टोव तथा कपड़ों जैसी रोजमर्रा की जरूरत की अन्य वस्तुएं शामिल हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN