Home LIFESTYLE NEWS HINDI अमरूद के पौधे में भर-भर के आएंगे फल! गमले में डाल दें...

अमरूद के पौधे में भर-भर के आएंगे फल! गमले में डाल दें ये 1 घरेलू मिश्रण, एक्सपर्ट ने बताया

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

घर की छत, बालकनी या आंगन में अमरूद का पौधा लगाया है लेकिन उसपर फल-फूल नहीं आ रहे हैं, तो ये जैविक मिश्रण बनाकर पौधे में डाल सकते हैं। गार्डेनिंग एक्सपर्ट बताते हैं कि ये मिश्रण पौधे की ग्रोथ बेहतर करने में मदद करता है।

कई लोगों को गार्डेनिंग का बड़ा शौक होता है। वो अपनी छत, बालकनी या आंगन में कई पेड़-पौधे लगाते हैं, जिनमें से अमरूद का पेड़ काफी कॉमन है। एक बड़े गमले में आराम से ये पौधा उग जाता है और इसपर फल भी आने लगते हैं। हालांकि कई बार लोग इसे घर में लगा तो लेते हैं, लेकिन पौधे में फल-फूल बिल्कुल भी नहीं आते। कई बार पौधे को पर्याप्त धूप और पानी देने के बाद भी कोई खास ग्रोथ नहीं दिखाई देती है। ऐसे में आप घर पर बना एक जैविक मिश्रण पौधे में डाल सकते हैं। इसके लिए आपको किचन वेस्ट का इस्तेमाल करना है और पौधे की मिट्टी में देना है। अगर गमले में बिल्कुल भी अमरूद नहीं आ रहे हैं, यो ये मिश्रण डालने के बाद अच्छी ग्रोथ दिखाई दे सकती है। ऑर्गेनिक गार्डेनिंग एक्सपर्ट राजीव ने इसे इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। आइए जानते हैं-

अमरूद के पौधे में डालें ये खास जैविक मिश्रण

अगर गमले में लगा अमरूद का पौधा फल फूल नहीं दे रहा है, तो किचन वेस्ट से ये खास जैविक मिश्रण बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए इन चीजों की जरूरत होगी-

  • 2 लीटर चावल का धुला हुआ पानी
  • 100 ग्राम आलू के छिलके
  • 100 ग्राम प्याज और लहसुन के छिलके
  • 100 ग्राम अंडे के छिलके

कैसे तैयार करना है ये मिश्रण?

बताई गई चीजों को चावल के पानी में 10 दिनों के लिए भिगोकर रख दें। 10 दिनों ये सड़कर एक किस्म की खाद बन जाएगा, जो पौधे की ग्रोथ के लिए काफी फायदेमंद होता है। आपको बस इसे अच्छे से छान लेना है और इस पानी को पौधे की मिट्टी में डाल देना है। ये पानी आप पौधे को महीने में एक से दो बार दे सकते हैं।

ध्यान देने वाली जरूरी बात- गार्डेनिंग एक्सपर्ट बताते हैं कि ये एक घरेलू जैविक मिश्रण है, जिसे सिर्फ एक सपोर्ट के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। फल-फूल आना पौधे की किस्म, उम्र, धूप, पोषण और देखभाल पर भी निर्भर करता है।

अमरूद के पौधे की देखभाल से जुड़े जरूरी टिप्स

1) पौधे को पर्याप्त धूप दें- अमरूद के पौधे को अच्छी ग्रोथ के लिए पर्याप्त धूप की जरूरत होती है। इसलिए गमला ऐसी जगह रखें जहां पौधे को 6-8 घंटे की सीधी धूप मिल सके।

2) जरूरत से ज्यादा पानी ना दें- बहुत ज्यादा पानी देने से पौधे की जड़ें सड़ने लगती हैं, जिससे पौधा कमजोर पड़ सकता है। इसलिए मिट्टी की सतह ऊपर से सूखने पर ही पानी दें।

3) थोड़ा बड़ा गमला चुनें- अमरूद का पौधा लगाते समय थोड़े बड़े गमले का इस्तेमाल करें। गमले में जड़ें फैलने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी, तभी पौधे की ग्रोथ अच्छी होगी।

4) समय-समय पर खाद देते रहें- पौधे को जरूरी पोषक तत्व मिलते रहें, इसके लिए समय समय पर खाद देते रहना जरूरी है। इसके लिए आप जैविक खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिसमें किचन वेस्ट और गोबर से तैयार कंपोस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है।

(Images Credit- Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN