Home World News hindi अमेरिका और ईरान की डील के लिए खतरा बने नेतन्याहू? लेबनान में...

अमेरिका और ईरान की डील के लिए खतरा बने नेतन्याहू? लेबनान में इजरायल का ऐक्शन जारी

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिका और ईरान के बीच पीस डील हो चुकी है लेकिन इस डील के लिए इजरायल बड़ा खतरा बना हुआ है। ट्रंप के लाख समझाने के बाद भी इजरायल की सेना लेबनान में हिज्बुल्लाह पर हमला कर रही है। गुरुवार को डील साइन होने के बाद लेबनान में तीन लोगों की मौत हुई है।

पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान की जंग थम चुकी है। दोनों देशों के बीच में कुछ हालात में शांति समझौता हो चुका है। इस डील से सबसे ज्यादा नाराज इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू हैं। इजरायल सार्वजनिक तौर पर इस डील से खुद को अलग कर चुका है। इजरायली सेना साफ कर चुकी है कि यह डील अमेरिका ने की है। वह लेबनान में अपना अभियान जारी रखेगी।

गुरुवार को अमेरिका और ईरान एक तरफ डील होने की खुशी जाहिर कर रहे थे, तो वहीं दूसरी तरफ इजरायल लेबनान के हिज्बुल्लाह के ऊपर हमला कर रहा था। इन हमलों में करीब तीन लोगों की मौत हो गई है। एक हमले की पुष्टि करते हुए लेबनान की सरकारी मीडिया ने कहा कि इजरायली ड्रोन से दक्षिणी लेबनान में एक व्यक्ति की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं। वहीं इजरायल ने भी बताया कि एक अभियान के दौरान उसके एक सैनिक की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं।

अमेरिका और ईरान के डील को धता बताते हुए इजरायली सेना ने पहले ही अपनी मंशा जाहिर कर दी थी। उसने साफ कर दिया था कि वह अपनी जगह नहीं छोड़ेगी। इसके साथ ही एक तथाकथित सुरक्षा क्षेत्र का नक्शा भी जारी किया। इसमें लेबनानी क्षेत्र के 10 किलोमीटर के हिस्से को दिखाया गया है। आईडीएफ ने कहा कि चाहे कोई भी डील हो वह इस क्षेत्र को तब तक नहीं छोड़ेगी, जब तक कि यहां से खतरों को खत्म न कर दिया जाए।

अमेरिका-ईरान की डील और लेबनान में इजरायल का कहर

इस घटनाक्रम की शुरुआत देखें तो 7 अक्तूबर के हमले से ही हो गई थी। गाजा में उलझे इजरायल के ऊपर लेबनान से हिज्बुल्ला ने हमला करना शुरू कर दिया था। इसके बाद इजरायल ने पटलवार करते हुए हिज्बुल्ला के प्रमुखों को मौत के घाट उतार दिया। हालांकि, दोनों के बीच डील हो गई लेकिन इजरायली सेना ने लेबनान नहीं छोड़ा। इसके बाद 28 फरवरी को जब अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला बोला तो ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह ने इजरायल पर हमला करना शुरू कर दिया। इसके बाद इजरायल ने एक बार फिर से हिज्बुल्लाह को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच अमेरिका और इजरायल की ईरान से लड़ाई तो थम गई लेकिन इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच लड़ाई जारी रही। पश्चिम एशिया के संकट को थामने के लिए कई कोशिशों में लेबनान की लड़ाई भी बनी रही। ट्रंप ने कई बार लेबनान में हमले रोकने के लिए नेतन्याहू को भला-बुरा भी कह दिया लेकिन इजरायली प्रधानमंत्री नहीं रुके। हालांकि बीच में दोनों के बीच समझौता भी हुआ था लेकिन हिज्बुल्लाह के दोबारा हमले के बाद इजरायल ने फिर से अभियान शुरू कर दिया। अभी आलम यह है कि ईरान और अमेरिका की जंग थम चुकी है, लेकिन इजरायल, लेबनान पर हमलावर बना हुआ है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN