Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Kevin Dietsch / Getty Images
जब उन संगीतकारों की सूची लंबी होने लगी जो यह एलान कर रहे थे कि वे अमेरिका की आज़ादी के 250 साल पूरे होने पर होने वाले कॉन्सर्ट्स में हिस्सा नहीं लेंगे या उन्होंने कभी हामी ही नहीं भरी थी, तब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें वैसे भी उनकी ज़रूरत नहीं थी.
उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “मुझे ऐसे तथाकथित ‘कलाकार’ नहीं चाहिए जो बहुत ज़्यादा पैसे लेते हैं और फिर भी खुश नहीं रहते. मैं सिर्फ़ खुश लोगों, समझदार लोगों, सफल लोगों और जीतना जानने वाले लोगों के बीच रहना चाहता हूँ.”
राष्ट्रपति ने अपने ‘प्रतिनिधियों’ को निर्देश दिया कि वे इस महीने वॉशिंगटन डीसी के नेशनल मॉल पर होने वाले 16 दिन के ‘ग्रेट अमेरिकन स्टेट फ़ेयर’ समारोह में उन्हें मुख्य आकर्षण बनाने की संभावना देखें.
अभी यह साफ़ नहीं है कि संगीतकारों की जगह वास्तव में ट्रंप की बताई ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन की विशाल रैली’ होगी या नहीं.
हालांकि यह सिर्फ़ सबसे ताज़ा और सबसे स्पष्ट उदाहरण होगा कि राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस समारोहों में सीधे तौर पर खुद कैसे घुस गए हैं.
‘अमेरिका 250’ बनाम ‘फ़्रीडम 250’
इमेज स्रोत, Matt McClain/Bloomberg via Getty Images
जनवरी 2025 में दोबारा पद संभालने के बाद से ट्रंप अक्सर यह कहते रहे हैं कि राष्ट्रपति पद से उनके चार साल के ब्रेक का मतलब है कि अब वे ऐतिहासिक राष्ट्रीय आयोजनों के दौरान अपना दूसरा कार्यकाल निभा रहे हैं – जिनमें इस साल का वर्ल्ड कप, लॉस एंजिल्स में 2028 में होने वाला समर ओलंपिक और अमेरिका की 250वीं सालगिरह के जश्न शामिल हैं.
इनमें से आख़िरी आयोजन, जिसमें लाल-सफ़ेद-नीले रंगों की देशभक्ति से लबरेज़ सजावट होगी, राष्ट्रपति की ख़ास दिलचस्पी का विषय लगता है.
अमेरिकी कांग्रेस ने एक दशक पहले इन समारोहों की देखरेख के लिए ‘अमेरिका 250’ आयोग बनाया था. ट्रंप समर्थित समूहों ने इसके जवाब में निजी फंड से ‘फ़्रीडम 250’ समिति बनाई है ताकि वे अपने अलग कार्यक्रम कर सकें.
इस सूची में नेशनल मॉल पर स्टेट फेयर, व्हाइट हाउस में यूएफ़सी फ़ाइट, ऑरलैंडो (फ़्लोरिडा) में फ़िटनेस प्रतियोगिता, अगस्त में वॉशिंगटन की सड़कों पर ग्रां प्री रेस और चार जुलाई को ट्रंप के अनुसार- दुनिया का सबसे बड़ा आतिशबाज़ी प्रदर्शन शामिल है.
राष्ट्रपति अक्सर इन आयोजनों का सोशल मीडिया पर बखान करते हैं- जिनमें एआई से बनी तस्वीरें भी शामिल होती हैं. उन तस्वीरों या वीडियो में वह स्ट्रीट रेस शुरू करने के लिए हरी झंडी लहराते दिखते हैं या व्हाइट हाउस के पास ऑक्टागन फ़ाइटिंग रिंग के सामने बिजली की चमक के बीच खड़े नज़र आते हैं.
इसके विपरीत अमेरिका 250 कहीं छोटा आयोजन है, जो देशभर में कला प्रदर्शनियों और समन्वित ‘ब्लॉक पार्टियों’ को प्रायोजित कर रहा है.
महाशक्ति के नेता या नगर निगम अधिकारी
इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images
ट्रंप ने महीनों तक चलने वाले आयोजनों की तैयारी में वॉशिंगटन के ‘सौंदर्यीकरण’ प्रोजेक्ट्स पर भी ध्यान दिया.
शेरिडन सर्कल, मेरिडियन पार्क और कोलंबस सर्कल समेत दर्जन भर से ज़्यादा जगहों के फव्वारे ठीक कर दिए गए हैं. व्हाइट हाउस के सामने स्थित लाफ़ायेट पार्क इस समय बड़े पैमाने पर मरम्मत के लिए बंद है.
मेमोरियल ब्रिज के पास खड़े चार घोड़ों की कांसे की मूर्तियों पर 23.75 कैरेट सोने की परत चढ़ाई जानी है. वॉशिंगटन के डाउनटाउन में सड़कों को दोबारा पक्का किया गया है और लैम्पपोस्ट्स को फिर से रंगा गया है.
इन नवीनीकरण कामों पर बात करते हुए ट्रंप का व्यवहार कई बार किसी नगर निगम अधिकारी की तरह रहा, न कि वैश्विक महाशक्ति के नेता की तरह. मलन पिछले हफ़्ते की कैबिनेट बैठक में उन्होंने इन निर्माण कार्यों पर 20 मिनट से ज़्यादा बात की..
अपने जीवन का बड़ा हिस्सा रियल एस्टेट डेवलपर के तौर पर बिताने वाले राष्ट्रपति ने कहा, “मुझे निर्माण पसंद है, डीसी बहुत ख़ूबसूरत लग रहा है.”
ट्रंप की तस्वीर वाला सिक्का और करेंसी नोट
इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty Images
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियाँ ट्रंप प्रशासन के दौरान लगातार चलती रही हैं, क्योंकि उनके शीर्ष सहयोगी और सलाहकार सीधे तौर पर मौजूदा राष्ट्रपति को इन उत्सवों से जोड़ने के कदम उठा रहे हैं.
पिछले हफ़्ते वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने पुष्टि की कि उनका विभाग ट्रंप की तस्वीर वाला 250 डॉलर का विशेष नोट भी तैयार कर रहा है – हालांकि जीवित राष्ट्रपति को करेंसी नोट पर छापने के लिए संसद की मंज़ूरी ज़रूरी होगी.
इस ताज़ा क़दम की डेमोक्रेट्स तीखी आलोचना कर रहे हैं और इसके विरोध में वे एकजुट नज़र आते हैं.
कांग्रेस सदस्य और प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ़्रीज़ ने एक्स पर लिखा, “अपनी हद में रहो. आने वाली 4 जुलाई की सालगिरह किसी राजा बनने की इच्छा रखने वाले से संबंधित नहीं है. यह अमेरिकी सफ़र का जश्न मनाने के संबंध में है.”
ट्रंप और उनके अधिकारी ऐसी आलोचनाओं को देशभक्ति का विरोध बताते हैं और दावा करते हैं कि प्रशासन की तैयारियाँ इस ऐतिहासिक अवसर के लायक हैं.
लेकिन नतीजा यह हुआ कि यह समारोह, जो एकजुट करने वाला आयोजन होना चाहिए था, अब एक और दलगत जंग का मैदान बन गया है – क्योंकि ट्रंप एक ऐसे देश की अगुवाई कर रहे हैं जो पहले ही गहराई तक बँटा हुआ है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
SOURCE : BBC NEWS







