Source :- LIVE HINDUSTAN
गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का नाम अमेरिकी एजेंसी एफबीआई की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल किया गया है। इसके साथ ही उसपर लगभग 10 करोड़ रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।
अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने सोमवार को गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को 10 मोस्ट वांटेड की सूची में शामिल किया। उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए 10 लाख डॉलर (लगभग 10 करोड़ रुपये) के इनाम की घोषणा की गई। एफबीआई ने कहा कि सतिंदरजीत सिंह के लॉरेंस बिश्नोई गैंग में कथित रूप से शामिल होने को लेकर उसकी तलाश है। एजेंसी के अनुसार यह समूह दक्षिणी कैलिफोर्निया के साथ-साथ अमेरिका और कनाडा में विभिन्न हिंसक गतिविधियों में कथित रूप से शामिल है।
एफबीआई के मुताबिक गोल्डी बराड़ पर राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की कथित हत्याओं, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली, हमले तथा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी में शामिल होने का आरोप है। वह अमेरिका में रह रहा है और उत्तरी अमेरिका में इस गिरोह का कथित प्रमुख है। अमेरिका की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत ने एक जुलाई को सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
निज्जर की हत्या करवाने का आरोप
आरोप है कि गोल्डी बराड़ ने ही कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या करवाई थी। इसके बाद भारत और कनाडा में तनाव बहुत बढ़ गया था। हालांकि कनाडा में सरकार बदलने के बाद दोनों देशों में संबंध एक बार फिर स्थिर हो गए। अमेरिका ने जुलाई में निज्जर की हत्या को लेकर पहली चार्जशीट फाइल की थी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर शिकंजा कस रहा अमेरिका
अमेरिका पिछले कुछ दिनों से भारत की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के गैंग पर शिकंजा कस रहा है। अमेरिका ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत भार से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय गिरोहों पर कार्रवाई कर रहा है। इन गिरोह में शामिल 37 लोगों पर आरोप लगाए गए हैं और 24 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। हालांकि अमेरिका ने भारत सरकार, रॉ. एनआईए या फिर किसी सरकारी अधिकारी पर कोई आरोप नहीं मढ़ा है। अमेरिका ने भारत से जुड़े गिरोहों का ही नाम लिया है।
आपको बता दें कि गोल्डी बराड़ सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद ज्यादा हाइलाइट हुआ है। उसने ही पंजाबी गायक मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उसे गृह मंत्रालय ने भी आतंकी घोषित किया है। वह पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला है। उसके पिता पुलिस में थे। गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की हत्या हो गई थी और इस हत्या का बदला लेने के लिए वह अपराध के रास्ते में आ गया। वह लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया के संपर्क में आया। उसपर अपने भाई के हत्या के आरोपी गुरलाल पहलवान की हत्या करवाने का भी आरोप है। बताया जा रहा है कि वह कनाडा के ब्रैम्पटन में रहता है। वह बब्बर खालसा से जुड़ा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



