Home rss world hindi अमेरिका के जॉर्जिया में होमकमिंग पार्टी बनी खूनी रात, ताबड़तोड़ फायरिंग से...

अमेरिका के जॉर्जिया में होमकमिंग पार्टी बनी खूनी रात, ताबड़तोड़ फायरिंग से 2 की मौत; 35 लोग घायल

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

जॉर्जिया के वियना शहर में होमकमिंग पार्टी के दौरान देर रात हुई गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई और करीब 35 लोग घायल हो गए। डूली काउंटी के अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 1:15 बजे 1000 से ज्यादा लोगों की भीड़ में कम से कम दो जगहों पर गोलियां चलीं। मृतकों की उम्र 20 और 23 साल बताई गई है।

अमेरिका के जॉर्जिया से बड़ी खबर सामने आई है। होमकमिंग पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई है। इस घटना करीब 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह घटना डूली काउंटी के वियना शहर में हुई। अधिकारियों के मुताबिक, पार्टी में बड़ी भीड़ जुटी हुई थी और पुलिस मौके पर मौजूद थी। डूली काउंटी के कोरोनर ब्रेट वॉल्स ने बताया कि गोलीबारी सुबह करीब 1:15 बजे हुई। होमकमिंग पार्टी में 1000 से ज्यादा लोग मौजूद थे। स्थानीय पुलिसकर्मी भीड़ पर नजर रख रहे थे। अचानक गोलियां चलने से माहौल में अफरा-तफरी मच गई।

वॉल्स ने पुष्टि की कि इस गोलीबारी में एक 20 साल के युवक और एक 23 साल के युवक की मौत हो गई। दोनों के परिवारों को सूचना दे दी गई है। जांच अभी जारी है, इसलिए मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। डूली काउंटी के शेरिफ क्रेग पीवी के अनुसार, गोलियां कम से कम दो जगहों पर चलीं। ये दोनों जगहें करीब एक ब्लॉक की दूरी पर थीं। फायरिंग में कम से कम 50 लोगों को निशाना बनाया गया। कई लोग गोली लगने से घायल हुए और कई लोग भगदड़ में भी जख्मी हो गए

शेरिफ ने कहा कि 25 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। कुल घायलों की संख्या करीब 35 बताया जा रहा है। जॉर्जिया ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन इस मामले में स्थानीय पुलिस और शेरिफ कार्यालय की मदद कर रहा है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि गोलीबारी किसने की, कितने हमलावर थे और विवाद की शुरुआत कैसे हुई। अभी किसी के गिरफ्तार होने या हमलावर की पहचान की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

बता दें कि होमकमिंग पार्टी आमतौर पर स्कूल या कॉलेज से जुड़े उत्सव का हिस्सा होती है। इसमें पुराने और नए छात्र, परिवार और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। रात के समय इतनी बड़ी भीड़ के बीच गोलीबारी होने से इलाके में दहशत फैल गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि घटना की वजह क्या थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN