Home National news hindi अमेरिका में जारी हुआ ट्रंप के चित्र वाला 1 डॉलर का सिक्का,...

अमेरिका में जारी हुआ ट्रंप के चित्र वाला 1 डॉलर का सिक्का, कुछ ही घंटों में हुआ ‘आउट ऑफ़ स्टॉक’

2
0

Source :- BBC INDIA

ट्रंप की तस्वीर वाला सिक्का

इमेज स्रोत, Reuters

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का चित्र अब एक डॉलर के सिक्के पर दिखेगा. यह अमेरिकी संस्थानों पर अपनी छाप छोड़ने की ट्रंप की ताज़ा कोशिश है.

बुधवार को अमेरिकी मिंट ने एक डॉलर का सिक्का जारी किया. इस पर ट्रंप का चित्र है और उसके साथ ‘लिबर्टी’ और ‘इन गॉड वी ट्रस्ट’ उकेरा गया है.

यह सिक्का अमेरिका की आज़ादी की 250वीं वर्षगांठ के मौक़े पर जारी किया गया है.

मुद्रा छापने वाले अमेरिकी मिंट ने बताया कि इन सिक्कों को रोज़मर्रा के इस्तेमाल के लिए नहीं लाया जा रहा, बल्कि कलेक्शन के लिए बेचा जा रहा है.

क़ानून ज़िंदा राष्ट्रपतियों को अमेरिकी मुद्रा पर दिखाने से रोकता है.

लेकिन वर्षगांठ के लिए बनाए गए एक ख़ास क़ानून में डिजाइन से जुड़े प्रावधान का इस्तेमाल करके इस नियम को दरकिनार कर दिया गया.

वेंडिंग मशीनों में भी बेचे जा रहे थे सिक्के

ट्रंप का सिक्का

इमेज स्रोत, United States Mint via Getty Images

बेचने के लिए बनाए गए 25 सिक्कों के एक रोल की क़ीमत 61 डॉलर और 100 सिक्कों के एक बैग की क़ीमत 154.50 डॉलर रखी गई है.

बिक्री शुरू होने के कुछ ही घंटों में मिंट की वेबसाइट पर ये सिक्के ‘आउट ऑफ़ स्टॉक’ दिखने लगे. हालांकि, वेबसाइट पर कहा गया है कि और सिक्के बनाए जा रहे हैं.

ये सिक्के वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकी मिंट के आउटलेट में लगी वेंडिंग मशीनों में भी बेचे जा रहे थे.

बीबीसी ने अधिक जानकारी के लिए अमेरिकी मिंट, अमेरिकी वित्त विभाग और व्हाइट हाउस से संपर्क किया है.

अमेरिकी मिंट ने कहा कि यह सिक्का देश की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए बनाया गया है.

उसने कहा कि यह वर्षगांठ के लिए तैयार किया गया डिजाइन है, जो आधुनिक सिक्कों के संग्रह में ख़ास जगह बनाएगा.

इन सिक्कों का रंग सुनहरा है, लेकिन इनमें असली सोना नहीं है. अमेरिकी मिंट के अनुसार, इनमें 88.5 प्रतिशत तांबा है. बाकी हिस्सा ज़िंक, निकल और मैंगनीज ब्रास की बाहरी परत से बना है.

हालांकि, ये सिक्के प्रचलन में नहीं हैं, फिर भी इनसे कर्ज और टैक्स चुकाया जा सकता है, क्योंकि ये क़ानूनी मुद्रा हैं.

लेकिन संघीय क़ानून के अनुसार, कारोबारी यह तय कर सकते हैं कि वे इन्हें स्वीकार करेंगे या नहीं.

डॉलर के नोट पर भी ट्रंप का चित्र!

वॉशिंगटन डीसी में यूएस मिंट कॉइन स्टोर में तीन वेंडिंग मशीनें

इमेज स्रोत, Reuters

मई में अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा था कि उनका विभाग राष्ट्रपति ट्रंप की तस्वीर वाला 250 डॉलर का नया नोट जारी करने की योजना बना रहा है.

उस समय बेसेंट ने यह भी बताया था कि इससे पहले एक और जीवित अमेरिकी राष्ट्रपति देश की मुद्रा पर नज़र आ चुके हैं.

अमेरिका की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर 1926 में जारी किए गए आधे डॉलर के सिक्के पर उस समय के राष्ट्रपति कैल्विन कूलिज का चित्र था.

ट्रंप प्रशासन ने 2020 के ‘सर्कुलेटिंग कलेक्टिबल कॉइन रीडिजाइन एक्ट’ का भी हवाला दिया है. यह क़ानून ट्रंप के पहले कार्यकाल में बनाया गया था.

यह क़ानून सिक्कों के पिछले हिस्से पर जीवित लोगों के चित्र लगाने पर रोक लगाता है. लेकिन इसमें सिक्के के अगले हिस्से पर ऐसी रोक का साफ़ उल्लेख नहीं है.

नए एक डॉलर के सिक्कों पर ट्रंप का चित्र इसी अगले हिस्से पर है.

मार्च में वित्त विभाग ने घोषणा की थी कि अमेरिकी काग़ज़ी मुद्रा पर जल्द ही ट्रंप के हस्ताक्षर होंगे. यह भी किसी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए पहली बार होगा.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS