Source :- KHABAR INDIATV
क्रिकेट में अक्सर खिलाड़ी जब गेंदबाजी करते हैं तो बॉल पर लार यानी स्लाइवा लगा लेते हैं, ताकि गेंद चमकदार बनी रहे। हालांकि काफी वक्त पहले ही आईसीसी ने इस पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस बीच भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने वकालत की थी कि कूकाबुरा की बॉल जल्दी नरम हो जाती है। इसलिए गेंदबाजों को लार का प्रयोग करने की अनुमति दी जानी चाहिए। इस बीच पता चला है कि आईसीसी की इस नियम की समीक्षा की फिलहाल कोई योजना नहीं है।
भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट हो गया था ड्रॉ
भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त शुभमन गिल की कप्तानी में न्यूजीलैंड के दौरे पर है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंग्टन में खेला गया और वो ड्रॉ हो गया था। इससे भारतीय टीम को आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भी नुकसान हुआ था। इसी मैच के बाद गिल ने अपनी बात रखी थी। इस बीच पीटीआई की एक रिपोर्ट में पता चला है कि आईसीसी अभी अपने फैसले में बदलाव को लेकर कोई मूड नहीं बना रहा है।
साल 2020 में आईसीसी ने लगा दिया था प्रतिबंध
आपको याद होगा कि साल 2020 में जब कोविड 19 की महामारी पूरी दुनिया में फैली थी, तब सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आईसीसी ने बॉल पर लार लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। हालांकि तब से लेकर अब तक काफी वक्त बीत चुका है, इसी बीच आईसीसी ने इस नियम को स्थाई बना दिया और अब गेंदबाज गेंद को चमकाने के लिए रगड़ तो सकते हैं, लेकिन उस पर लार नहीं लगा सकते। अगर कोई गेंदबाज या फिर खिलाड़ी ऐसा करते हुए पाया जाता है तो उसे अनुचित माना जाएगा और उस पर एक्शन भी लिया जा सकता है।
पूरे मैच के दौरान निगरानी करना नहीं है आसान काम
दरअसल मैच के दौरान फील्डिंग करने वाली टीम के खिलाड़ी खाने के लिए कुछ मीठे पदार्थों का भी सेवन करते हैं, अगर यही चीजें बॉल पर लग जाएं तो उसकी स्थिति बदल सकती है। हर वक्त इस बात की निगरानी करना आसान काम नहीं होता, इसलिए आईसीसी ने बॉल पर लार के प्रयोग पर प्रतिबंध लगा रखा है।
क्या बोले थे शुभमन गिल
आपको बता दें कि भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद कहा था कि उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि गेंद को चमकाने के लिए लार का उपयोग करने की अनुमति क्यों नहीं दी गई। काफी वक्त बीत गया है। हालांकि इसके बाद भी इसमें बदलाव की कोई संभावना नजर नहीं आती है।
यह भी पढ़ें
प्रियांश आर्य ने रच दिया इतिहास, 68 बॉल पर 181 रन, 19 छक्के लगाए, वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से चूके
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




