Home National news hindi आज़म ख़ान ने क्यों कहा, ‘काश! अखिलेश जी भी छह महीने जेल...

आज़म ख़ान ने क्यों कहा, ‘काश! अखिलेश जी भी छह महीने जेल में आ जाते’

5
0

Source :- BBC INDIA

समाजवादी पार्टी के मैनिफ़ेस्टो लॉन्च पर अखिलेश यादव, आज़म ख़ान और दूसरे नेता

पढ़ने का समय: 5 मिनट

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान ने कहा है कि कभी-कभी उनका दिल करता था कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी छह महीने जेल में रहें, ताकि उन्हें पता चल सके कि जेल में दिन और रातें कैसे गुज़रती हैं.

आज़म ख़ान ने गुरुवार, 26 नवंबर को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मैनिफ़ेस्टो जारी किए जाने के मौक़े पर यह बात कही.

उन्होंने कहा, ”आपको सच्चाइयों का शायद इल्म नहीं है. मैंने अभी कहा था अखिलेश जी से, मैं अब्दुल्ला (अपने बेटे) और जेल में कभी-कभी लोगों से कहता था कि यार कभी-कभी दिल करता है कि काश अखिलेश जी भी छह महीने के लिए जेल आ जाते. ताकि वो सच मालूम होता कि कैसे गुज़रते हैं दिन और कैसी गुज़रती हैं रातें.”

आज़म ख़ान ने कहा कि लोग बहुत मायूस और डरे हुए हैं.

उन्होंने मैनिफ़ेस्टो के बारे में कहा, ”ये मैनिफ़ेस्टो एक ऐसी शमा हो जिसकी रोशनी से हर दिल का अंधेरा दूर हो जाए.”

आज़म ख़ान ने अखिलेश यादव की तारीफ़ में क्या कहा?

आज़म ख़ान

आज़म ख़ान ने समाजवादी पार्टी और मुलायम सिंह यादव के परिवार के साथ अपने पांच दशक पुराने रिश्ते का भी ज़िक्र किया.

उन्होंने कहा कि वह उन चंद लोगों में हैं जिन्होंने ज़िंदगी में एक ही रास्ता और एक ही मंज़िल चुनी है.

उन्होंने अखिलेश यादव के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए कहा कि वह बार-बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे और राष्ट्रीय राजनीति में भी आगे बढ़ेंगे.

आज़म ख़ान ने कहा कि वह अखिलेश यादव के साथ हैं. उन्होंने समाजवादी पार्टी को वोट जोड़ने वाली पार्टी बताया.

उन्होंने कहा, ”हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं.”

आज़म ख़ान ने अपने जेल के अनुभवों का ज़िक्र करते हुए कहा कि वहां बिताए समय ने उनके दिल, दिमाग़ और शरीर पर गहरा असर डाला है.

उन्होंने कहा कि वह एक अधूरे इंसान के रूप में लोगों के सामने खड़े हैं और अगर उनसे कोई ग़लती हो जाए तो लोग उन्हें माफ़ कर दें.

अखिलेश यादव ने क्या कहा?

अखिलेश यादव

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा, “हमें हमेशा याद रखना चाहिए कि आज संविधान को लेकर लड़ाई चल रही है. एक तरफ़ वे लोग हैं, जो राजनीतिक सत्ता हासिल करने के लिए संविधान का दुरुपयोग करना चाहते हैं. दूसरी तरफ़ हम सभी पीडीए समुदाय के लोग हैं, जो संविधान की सामाजिक न्याय की सोच पर आधारित व्यवस्था स्थापित करना चाहते हैं.”

उन्होंने कहा, “हम पीडीए समुदाय के लोग अब एकजुट हो गए हैं, ताकि संविधान में तथाकथित संशोधनों के नाम पर उसे कमज़ोर करने की किसी भी कोशिश को नाकाम कर सकें. हम ऐसी कोशिशों के ख़िलाफ़ एक साथ खड़े होने और लड़ने के लिए तैयार हैं.”

मैनिफ़ेस्टो जारी करते हुए अखिलेश यादव ने बीजेपी के पुराने चुनावी नारे पर तंज़ किया.

उन्होंने कहा, ”अच्छे दिन आए नहीं, बुरे दिन जाने वाले हैं.”

समाजवादी पार्टी के मैनिफ़ेस्टो में क्या-क्या है?

समाजवादी पार्टी ने अपने मैनिफ़ेस्टो को ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ और ‘जन-मन का मैनिफ़ेस्टो 2027’ नाम दिया है.

पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग. पार्टी ने इस सामाजिक समीकरण को अपने चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखा है.

मैनिफ़ेस्टो में रोज़गार, किसानों, महिलाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय से जुड़े कई बड़े वादे किए गए हैं.

पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा, नौकरी मिलने तक बेरोज़गार ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये देने का प्रस्ताव, पेपर लीक रोकने और गड़बड़ी के लिए अधिकारियों तथा मंत्रियों की जवाबदेही तय करने का वादा शामिल है.

किसानों के लिए कर्ज़माफ़ी का वादा, सिंचाई के लिए मुफ़्त बिजली, ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ़्त बिजली देने जैसी बातें हैं.

इसके अलावा महिलाओं के लिए सालाना 40,000 रुपये की आर्थिक मदद का वादा, महिलाओं, ग़रीबों और पीडीए समुदायों के लिए पांच रुपये में भोजन देने वाली समाजवादी कैंटीन खोलने का वादा है.

साथ ही बंद किए गए 26,000 प्राथमिक स्कूल दोबारा खोलने का वादा और 12वीं पास छात्रों के लिए मुफ़्त लैपटॉप योजना फिर शुरू करने का प्रस्ताव है.

आज़म ख़ान कब जेल से बाहर आए और किस मामले में बंद थे?

आज़म ख़ान का 18 नवंबर को जेल से बाहर आने के बाद उनके समर्थकों ने ज़ोरदार स्वागत किया था

आज़म ख़ान 18 नवंबर 2026 को ग़ाज़ियाबाद की डासना जेल से बाहर आए थे. उन्हें इलाहाबाद हाई कोर्ट से मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में अंतरिम ज़मानत मिली थी.

यह मामला रामपुर में उनकी ओर से स्थापित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट के कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़ा है.

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) इस मामले में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग, ज़मीन से जुड़े लेन-देन और यूनिवर्सिटी के निर्माण में वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रहा है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS