Home Latest news ताज़ा खबर आतंकियों को मौत का खौफ, पाकिस्तान में हाफिज सईद, मसूद अजहर को...

आतंकियों को मौत का खौफ, पाकिस्तान में हाफिज सईद, मसूद अजहर को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया

3
0

Source :- INDIATV NEWS

आतंकियों को अब मौत का डर सताने लगा है। खुफिया सूत्रों के अनुसार, भारत में हुए बड़े आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार दो आतंकवादी – हाफिज सईद और मसूद अजहर, दोनों को पिछले एक हफ्ते के दौरान पाकिस्तान में चुपचाप नई जगहों पर शिफ्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि ये दोनों अब पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) द्वारा चलाए जा रहे, कड़ी सुरक्षा वाले सुरक्षित ठिकानों (सेफ हाउस) में सुरक्षित हैं। 

कहां भेजे गए हैं दोनों आतंकी

जानकारी के मुताबिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद को लाहौर के जौहर टाउन से रावलपिंडी के गैरीसन ग्राउंड इलाके में शिफ्ट कर दिया गया है, जो पाकिस्तान सेना के मुख्यालय के काफी करीब है। वहीं, जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को सिंध प्रांत के नवाबशाह में एक सुरक्षित ठिकाने पर रखा गया है।

सूत्रों का कहना है कि ऐसा डर की वजह से किया गया है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में आतंकियों के मुख्य बुनियादी ढांचे के तबाह होने के बाद, उन्हें अब भारत की ओर से नए हमलों का डर सता रहा है। दोनों आतंकियों को अब उन ‘अज्ञात बंदूकधारियों’ का भी खौफ है, जिन्होंने हाल के महीनों में पाकिस्तान में भारत-विरोधी कई आतंकवादियों को मार गिराया है।

मौत के डर से सहमा हाफिज सईद
डर की वजह से हाफिज सईद ने लश्कर के सदस्यों से आमने-सामने मिलना भी बंद कर दिया है और अब वह उनसे केवल ऑडियो संदेशों के जरिए ही बात करता है। उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उसकी आवाजाही पर भी कड़ी पाबंदियां लगा दी गई हैं। पाकिस्तान का कहना है कि सईद लाहौर की कोट लखपत जेल में आतंकी फंडिंग के मामलों में सजा काट रहा है। खुफिया एजेंसियां ​​इसे एक दिखावा मानती हैं। उनका कहना है कि वह एक सुरक्षित ठिकाने पर आराम से रह रहा है।

मसूद अजहर भी नहीं आता नजर
इसके बाद जैश को एक बड़ा झटका लगा है। बहावलपुर में स्थित उसके मुख्यालय ‘मरकज’ को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारी नुकसान पहुंचा था, और तब से यह संगठन फिर से संगठित होने के लिए संघर्ष कर रहा है।अजहर भी अपने सदस्यों के साथ सीधे संपर्क से बच रहा है। वह केवल कुछ चुनिंदा लोगों के संपर्क में है, जिनमें उसके कुछ शीर्ष कमांडर शामिल हैं।

बता दें कि संयुक्त राष्ट्र ने इन दोनों को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया है। सईद 26/11 के मुंबई हमलों और कई अन्य हमलों के मामले में भारत में वांछित है। अजहर पुलवामा, पठानकोट और संसद पर हुए हमलों का मास्टरमाइंड है। सूत्रों के अनुसार, फिलहाल ये दोनों आतंकी जेल में नहीं हैं, बल्कि एजेंसियों की सुरक्षा में हैं।

ये भी पढ़ें:
‘हाफिज सईद की सजा लश्कर की जवाबदेही तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम’

SOURCE : INDIATV NEWS