Source :- LIVE HINDUSTAN
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे कासिम खान ने सोमवार सेना प्रमुख असीम मुनीर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वह सैन्य अभियान को सही ठहराने के लिए आतंकवाद का सहारा ले रहे हैं।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (KPK) में आपातकाल लागू होने के बाद पुलिस ने प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री सोहेल आफरीदी और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के सात अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया है। रविवार को राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने प्रांत में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के कारण आपातकाल लागू किया था, जिसके तुरंत बाद आफरीदी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया। इसके साथ ही जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पीटीआई के नेतृत्व वाली प्रांतीय सरकार का अंत हो गया।
आपातकाल ऐसे समय लागू किया गया, जब पीटीआई, आफरीदी के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाल रही थी। इस मार्च में इमरान खान की रिहाई और उन्हें इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में आफरीदी, खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा के अध्यक्ष बाबर सलीम स्वाती और पीटीआई के प्रांतीय अध्यक्ष जुनैद अकबर समेत अन्य नेता शामिल हैं।
आतंकवाद का सहारा ले रहे पाक सेना प्रमुख
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे कासिम खान ने सोमवार सेना प्रमुख असीम मुनीर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आसिम मुनीर इस क्षेत्र में सैन्य अभियान को सही ठहराने के लिए आतंकवाद का सहारा ले रहे हैं। कासिम ने पीटीआई के नेतृत्व वाले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में इमरजेंसी और गवर्नर शासन लागू करने की भी निंदा की।
अदालत में चुनौती
इस बीच खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आपातकाल और राज्यपाल शासन लागू किए जाने के एक दिन बाद सोमवार को संबंधित फैसले को पेशावर हाईकोर्ट में चुनौती देने वाली याचिका दायर की गई। अधिवक्ता सलमान की ओर से दायर की गई इस याचिका में राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और खैबर पख्तूनख्वा के राज्यपाल फैसल करीम कुंडी को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ता ने दलील दी कि प्रांत में आपातकाल और राज्यपाल शासन लागू किया जाना अवैध, असंवैधानिक और गलत इरादों से प्रेरित है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




