Home rss business hindi आप भी तो नहीं खा रहे इस कंपनी का जीरा? लैब जांच...

आप भी तो नहीं खा रहे इस कंपनी का जीरा? लैब जांच में हुआ बड़ा खुलासा

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • FSSAI ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स को पैकेटबंद जीरा पाउडर के एक प्रभावित बैच को बाजार से तुरंत वापस लेने का आदेश दिया है
  • गोवा से लिए गए सैंपल की जांच में Azoxystrobin और Thiamethoxam के अवशेष तय सीमा से अधिक पाए गए
  • शुरुआती जांच के बाद रेफरल फूड लेबोरेटरी ने भी सैंपल को ‘UNSAFE’ घोषित किया

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स (Everest Food Products) को पैकेटबंद जीरा पाउडर के एक बैच को बाजार से तत्काल वापस लेने का निर्देश दिया है। नियामक जांच में इस प्रोडक्ट के सैंपल में कुछ कीटनाशक अवशेष तय सीमा से ज्यादा पाए गए। इसके बाद सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया और दोबारा जांच के लिए भेजी गई रेफरल लैब ने भी इसे ‘UNSAFE’ बताया है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

गोवा से लिया गया था सैंपल

FSSAI के मुताबिक, पैकेटबंद जीरा पाउडर का नियामक सैंपल गोवा स्थित रिवरसाइड रिसॉर्ट्स एंड हॉलिडे होम्स प्राइवेट लिमिटेड (Riverside Resorts & Holiday Homes Pvt Ltd) के परिसर से लिया गया था। फूड एनालिस्ट की जांच में इसमें Azoxystrobin और Thiamethoxam नाम के कीटनाशक अवशेष निर्धारित अधिकतम सीमा से ऊपर मिले। इसके आधार पर सैंपल को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।

रेफरल लैब की जांच में भी वही नतीजा

कंपनी को शुरुआती जांच रिपोर्ट के खिलाफ अपील करने का मौका दिया गया था। इसके बाद सैंपल को जांच के लिए रेफरल फूड लेबोरेटरी (Referral Food Laboratory) भेजा गया। FSSAI के अनुसार, रेफरल लैब ने भी सैंपल को असुरक्षित पाया और दोनों कीटनाशक अवशेषों की मात्रा तय सीमा से ज्यादा होने की पुष्टि की। इसके बाद नियामक ने संबंधित पूरे बैच को बाजार से तुरंत वापस लेने का आदेश दिया।

कंपनी को रिकॉर्ड रखने और सुधार के निर्देश

FSSAI ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स (Everest Food Products) को वापस लिए जा रहे उत्पाद का पूरा रिकॉर्ड रखने और रिकॉल से संबंधित रिपोर्ट जमा करने को कहा है। साथ ही कंपनी को ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने और कार्रवाई पूरी होने के बाद उसकी रिपोर्ट नियामक को देने का निर्देश दिया गया है।

क्रिएटिव बेकर्स का लाइसेंस भी सस्पेंड

इस कार्रवाई के साथ FSSAI ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कंफेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड (Creative Bakers and Confectioners Pvt Ltd) का लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। नियामक के मुताबिक, कंपनी के परिसर में गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां पाई गई थीं। FSSAI ने कहा है कि देशभर में उपभोक्ताओं की सेहत और खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वह खाद्य कारोबार से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई जारी रखे हुए है।

खाद्य कंपनियों पर बढ़ी निगरानी

पिछले कुछ समय में FSSAI ने खाद्य कारोबार से जुड़े ऑपरेटरों और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ अपनी जांच और कार्रवाई तेज की है। नियामक इन कार्रवाइयों की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों तक पहुंचा रहा है। एवरेस्ट (Everest) के मामले में फिलहाल कार्रवाई संबंधित सैंपल और पूरे प्रभावित बैच पर केंद्रित है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN