Home LIFESTYLE NEWS HINDI आयुष मंत्रालय की सलाह: मानसून में हर सुबह लें ये 1 ड्रिंक,...

आयुष मंत्रालय की सलाह: मानसून में हर सुबह लें ये 1 ड्रिंक, रहेंगे ज्यादा फ्रेश

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बारिश के मौसम में शरीर को अपनी दिनचर्या में कुछ छोटे बदलावों की जरूरत होती है। आयुर्वेद इस मौसम में सुबह को एक खास ड्रिंक लेने की सलाह देता है, जो शरीर को मौसम के अनुसार ढलने में मदद कर सकती है। जानें इसके बारे में-

बारिश का मौसम आते ही सिर्फ मौसम नहीं बदलता, बल्कि हमारे शरीर का काम करने का तरीका भी थोड़ा बदलने लगता है। कई लोगों को इस मौसम में सुबह उठते ही आलस महसूस होता है, पेट ठीक से साफ नहीं होता, हल्की-फुल्की गैस या भारीपन बना रहता है। यही वजह है कि आयुर्वेद हर मौसम के साथ अपनी दिनचर्या बदलने की सलाह देता है।

आयुष मंत्रालय के अनुसार, वर्षा ऋतु में दिन की शुरुआत गुनगुने पानी में शहद मिलाकर करना फायदेमंद माना जाता है। यह कोई चमत्कारी नुस्खा नहीं, बल्कि एक ऐसी आसान आदत है, जो शरीर को मौसम के हिसाब से ढलने में मदद कर सकती है। आइए जानते हैं कि बारिश के मौसम में यह साधारण-सा पेय इतना खास क्यों माना जाता है।

बारिश में सुबह गुनगुना पानी और शहद पीना क्यों फायदेमंद है?

बारिश के मौसम में हवा में नमी बढ़ जाती है और इसका असर हमारे शरीर पर भी पड़ता है। आयुर्वेद के अनुसार, इस समय पाचन पहले जितना मजबूत नहीं रहता। इसलिए सुबह की शुरुआत ऐसी चीज से करना अच्छो होता है जो शरीर पर हल्की हो और दिन की अच्छी शुरुआत कराए।

  1. पेट को हल्का रखने में मदद करता है: क्या आपने ध्यान दिया है कि बारिश के दिनों में अक्सर पेट भारी-भारी लगता है? ऐसा इसलिए होता है क्योंकि इस मौसम में पाचन थोड़ा धीमा हो जाता है। सुबह गुनगुना पानी पीने से पाचन को बेहतर शुरुआत मिल सकती है। वहीं, शहद इसे और भी आरामदायक बना सकता है।
  2. गले को आराम: बारिश के मौसम में हल्की खराश, गले में चुभन या बार-बार गला साफ करने की जरूरत महसूस होना आम बात है। गुनगुना पानी गले को आराम देता है और शहद भी गले की देखभाल के लिए काफी अच्छा माना जाता है।
  3. शरीर को ताजगी का एहसास: रातभर सोने के बाद शरीर को पानी की जरूरत होती है। अगर दिन की शुरुआत गुनगुने पानी और शहद से करें, तो शरीर तरोताजा महसूस करता है। इससे सुबह की सुस्ती भी काफी हद तक कम होती है।
  4. मौसम के हिसाब से शरीर को तैयार करने में मदद: हर मौसम की अपनी जरूरत होती है। आयुर्वेद मानता है कि अगर मौसम बदलने के साथ खान-पान और दिनचर्या में छोटे बदलाव किए जाएं, तो शरीर खुद को बेहतर तरीके से ढाल पाता है। गुनगुना पानी और शहद भी ऐसी ही एक आसान मौसमी आदत है।

कैसे तैयार करें यह आसान ड्रिंक?

इसे बनाने में मुश्किल से एक मिनट लगता है। एक गिलास हल्का गुनगुना पानी लें, उसमें एक छोटा चम्मच शहद मिलाएं। अच्छी तरह घोलकर सुबह खाली पेट पिएं। ध्यान रहे, पानी बहुत ज्यादा गर्म ना हो, क्योंकि बहुत गर्म पानी में शहद मिलाना सही नहीं माना जाता।

किन लोगों को इसे पीने से पहले सलाह लेनी चाहिए?

  • अगर आपको मधुमेह है, तो बिना डॉक्टर की सलाह के इसे रोज पीना सही नहीं होगा।
  • एक साल से छोटे बच्चों को शहद नहीं देना चाहिए।
  • अगर किसी तरह की एलर्जी या दूसरी स्वास्थ्य समस्या है, तो पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN