Home LIFESTYLE NEWS HINDI आलू के बिना भी बन सकते हैं फ्रेंच फ्राइज, शेफ रणवीर बरार...

आलू के बिना भी बन सकते हैं फ्रेंच फ्राइज, शेफ रणवीर बरार ने बताई रेसिपी

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अगर आप फ्रेंच फ्राइज खाने के शौकीन हैं और हर बार एक जैसा स्वाद खाकर बोर हो चुके हैं, तो शेफ रणवीर बरार की यह रेसिपी आपके लिए है। खास बात है कि इसमें आलू का इस्तेमाल नहीं होता, फिर भी स्वाद और करारापन दोनों कमाल के होते हैं।

फ्रेंच फ्राइज का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में आलू का ख्याल आता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बिना आलू के भी स्वादिष्ट और करारे फ्रेंच फ्राइज बनाए जा सकते हैं? अगर नहीं, तो मशहूर शेफ और मास्टरशेफ इंडिया के जज रणवीर बरार की यह खास रेसिपी आपके लिए है।

इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसमें आलू की जगह बेसन का इस्तेमाल किया गया है। बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम ये फ्राइज हर किसी को तुरंत पसंद आ जाएंगे। अगर आप शाम की चाय के साथ कुछ नया और टेस्टी बनाना चाहते हैं या मेहमानों को अलग तरह का नाश्ता परोसना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें।

बेसन फ्रेंच फ्राइज बनाने के लिए सामग्री

दो कटोरी बेसन

एक छोटा चम्मच देगी लाल मिर्च पाउडर

आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर

स्वादानुसार नमक

जरूरत के अनुसार पानी

तलने के लिए तेल

  • ऐसे तैयार करें घोल

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन डालें। अब इसमें देगी लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और नमक डालें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें। अब इसमें एक बड़ा चम्मच तेल मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। बाद में घोल को कम से कम तीस मिनट के लिए ढककर रख दें।

  • ऐसे बनाएं बेसन फ्रेंच फ्राइज

एक मध्यम आकार का तवा या पैन लें और उसे धीमी आंच पर गर्म करें। अब तैयार घोल को तवे पर चीले की तरह फैलाएं (चीला मोटा रखें)। इसे धीमी आंच पर दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक पकाएं। जब चीला तैयार हो जाए, तो उसे प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसे फ्रेंच फ्राइज की तरह लंबी-लंबी पट्टियों में काट लें।

  • अब कड़ाही में तेल गर्म करें

मध्यम गर्म तेल में इन पट्टियों को सुनहरा और करारा होने तक तल लें। तैयार फ्राइज को प्लेट में निकाल लें।

  • परोसने का तरीका

इन कुरकुरे फ्राइज को धनिया-पुदीना की चटनी के साथ परोसें, ऊपर से हरा धनिया और टमाटर से गार्निश भी कर सकते हैं।

बेसन फ्रेंच फ्राइज को और करारा बनाने के टिप्स

  1. घोल को आराम जरूर दें: घोल को कम से कम तीस मिनट तक ढककर रखने से उसका स्वाद और बनावट बेहतर होती है।
  2. धीमी आंच पर चीला पकाएं: धीमी आंच पर पकाने से चीला अच्छी तरह तैयार होता है।
  3. मध्यम गर्म तेल में तलें: बहुत ज्यादा गर्म तेल में तलने से फ्राइज बाहर से जल सकते हैं और अंदर से नरम भी रह सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN