Home Latest news ताज़ा खबर आसमान में ड्रोन, गलियों में 135 जवान, कंजड़नपुरवा में नशे के कारोबार...

आसमान में ड्रोन, गलियों में 135 जवान, कंजड़नपुरवा में नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 3 गिरफ्तार

5
0

Source :- INDIATV NEWS

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए एक नवंबर को तड़के पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। कानपुर दक्षिण के किदवई नगर थाना क्षेत्र के कंजड़नपुरवा में सुबह करीब पांच बजे डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने एक साथ धावा बोला। अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के पहुंचने से इलाके में हलचल मच गई। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई में ड्रोन कैमरे की भी मदद ली गई। कई घंटे तक चले इस ऑपरेशन में पुलिस ने 11 किलो गांजा बरामद करने के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

चार थानों की फोर्स, 135 पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा

कानपुर में स्मैक, गांजा, व्हाइटनर, जैसे नशे के लिए ये इलाका बड़े पैमाने पर ड्रग्स सप्लाई के लिए जाना जाता है, यहां बुजुर्ग, युवक, युवतियों के साथ-साथ मासूम उम्र के बच्चों से भी स्कूल बैग में रखकर ड्रग्स को बेचने का कई बार मामला सामने आया है। ऐसे में पुलिस के द्वारा नशे के सौदागरों पर दिवाली से पहले कंजड़नपुरवा इलाके में की गई इस कार्रवाई को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। अभियान में किदवई नगर, बाबूपुरवा, जूही और गोविंद नगर थानों की पुलिस को शामिल किया गया था। चारों थानों की फोर्स समेत करीब 135 पुलिसकर्मी तड़के ही इलाके में पहुंच गए। पुलिस टीमों ने अलग-अलग रास्तों से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की, जिससे संदिग्धों को भागने का मौका न मिल सके। अभियान की निगरानी डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी खुद कर रहे थे।

आसमान से ड्रोन की नजर, घरों में पुलिस की दस्तक

पुलिस की इस कार्रवाई में तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया। ड्रोन कैमरे के जरिए इलाके के ऊपर से निगरानी की गई, ताकि संदिग्ध गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा सके। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चिन्हित स्थानों और घरों में पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने एक-एक संदिग्ध ठिकाने को खंगालते हुए नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश की। जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

11 किलो गांजा बरामद, तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। ऑपरेशन में इस्तेमाल किए जा रहे ड्रोन को देखकर मौके से 3 लोग वहां से भागने लगे, जिसपर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया, साथ ही इनके पास से 11 किलो गांजा बरामद किया। मौके से अरमान, सागर और अंजलि नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी। साथ ही नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

नशे के नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस की कार्रवाई केवल गांजे की बरामदगी और तीन आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पूछताछ के जरिए कारोबार के स्रोत, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इलाके में लंबे समय से नशे का कारोबार संचालित हो रहा था या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है।

डीसीपी बोले – नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। कंजड़नपुरवा में तड़के चलाए गए ऑपरेशन में चार थानों की फोर्स और करीब 135 पुलिसकर्मी शामिल रहे। ड्रोन से निगरानी करते हुए तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें 11 किलो गांजा बरामद हुआ और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से पूछताछ जारी है। नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

(रिपोर्ट – अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

बांग्लादेश से मिल रहे थे निर्देश, विदेशी नेटवर्क के लिए 5 लाख फर्जी ई-मेल तैयार कर रहा था युवक

चिकन खाने के बाद एक ही परिवार के तीन बच्चों की बिगड़ी तबीयत, 7 साल के मासूम की हुई मौत

SOURCE : INDIATV NEWS